हर्बल शैम्पू में स्वरोजगार
|
मैं हर्बल शैम्पू बनाने की स्वरोजगार इकाई प्रारंभ करना चाहता हूँ। क्या करना होगा? -मोहन नेताम, डोंगरगढ़ (राजनांदगाँव), संदेश राठी, ओंकारेश्वर।
- वर्तमान में हर्बल शैम्पू का निर्माण एक लाभप्रद व्यवसाय बन गया है। 1 लाख रुपए की लागत क्षमता वाली हर्बल शैम्पू निर्माण इकाई हेतु हितग्राही 5 प्रतिशत की मार्जिन मनी लगाकर 95 हजार रुपए प्रधानमंत्री रोजगार योजनांतर्गत प्राप्त कर सकता है। इस इकाई हेतु प्रशिक्षण एवं स्थापना से संबंधित विस्तृत जानकारी अपने जिले में स्थित जिला उद्योग एवं व्यापार केंद्र से प्राप्त की जा सकती है।
क्या पुष्प सज्जा का कोर्स किसी वेबसाइट पर उपलब्ध है? -निखिल परमार, रतलाम।
- इंटरनेट पर कुछ वेबसाइट्स हैं, जो पुष्प विज्ञान और पुष्प सज्जा में पत्राचार कोर्स की सुविधा उपलब्ध कराती हैं। ऐसी कुछ प्रमुख वेबसाइट्स हैं-
www.floral-art-school.co.au
www.pedihomestudy.com
www.internationalfloraldesignschool.com
विजुअल मर्चेंडाइजिंग क्या होती है? इसके पाठ्यक्रम कहाँ उपलब्ध हैं? -विजेन्द्रसिंह ठाकुर, देवास
- विभिन्न उत्पादों को उनके आकार, रंग-रूप आदि के आधार पर डिस्प्ले करने, मैनेक्विन को सही जगह सजाकर रखने, दुकान की साज-सज्जा का चुनाव करने के लिए विजुअल मर्चेंडाइजर की जरूरत होती है। इसका कोर्स इन संस्थानों में उपलब्ध है- एनआईएफटी, दिल्ली/ मुंबई/ कोलकाता, सृष्टि स्कूल ऑफ आर्ट डिजाइनिंग एवं टेक्नोलॉजी, बेंगलुरू।
मानव अधिकार कानून में पत्राचार माध्यम से पीजी डिप्लोमा पाठ्यक्रम कहाँ से करें? -प्रशांत साहू, उज्जैन
- पत्राचार माध्यम से मानव अधिकार कानून में पीजी डिप्लोमा पाठ्यक्रम इंदिरा गाँधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय, नई दिल्ली से किया जा सकता है।
मैं ऑटोमोबाइल डिजाइनिंग का कोर्स करना चाहता हूँ। कृपया मार्गदर्शन प्रदान करें। -संजय कुशवाह, इंदौर।
- नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ डिजाइन, अहमदाबाद तथा इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, मुंबई इंडस्ट्रीयल डिजाइनिंग का कोर्स कराते हैं। इस कोर्स में ऑटोमाबाइल डिजाइनिंग भी सम्मिलित है। इस चार वर्षीय स्नातक पाठ्यक्रम में प्रवेश हेतु 12वीं विज्ञान (गणित), विषय से उत्तीर्ण होना आवश्यक है।

