1. खबर-संसार
  2. »
  3. करियर
  4. »
  5. मनपसंद करियर

प्रकृति के करीब करियर

करियर
ND
ND
- डॉ. जयंतीलाल भंडारी

मैं नेचुरोपैथी के क्षेत्र में अपना करियर बनाना चाहता हूँ। कृपया मार्गदर्शन दें।

- ऋषिकेश मखिजा, मझौली (जबलपुर)।

नेचुरोपैथी एक समृद्ध और स्वास्थ्यवर्द्धक जीवनशैली है जिसका कोई अतिरिक्त कुप्रभाव नहीं पड़ता। रोग का इलाज करने वाले फिजिशियन जड़ी-बूटियों, पौधों, प्राकृतिक पोषक तत्वों, भोजन संबंधी नियम व निषेधों द्वारा रोग का इलाज करते हैं। नेचुरोपैथी में व्यक्ति की आंतरिक प्रतिरोधक क्षमता का प्राकृतिक ढंग से विकास किया जाता है ताकि सिंथेटिक ड्रग्स के बिना व्यक्ति का इलाज संभव हो जाए।

नेचुरोपैथी कोर्स करने के लिए बारहवीं कक्षा जीव विज्ञान समूह से उत्तीर्ण होना आवश्यक है। यह कोर्स इन संस्थानों में उपलब्ध है- गाँधी नेचर केयर कॉलेज, हैदराबाद/ गवर्नमेंट कॉलेज ऑफ इंडियन मेडिसिन, नेचर केयर एंड योगा कॉलेज, मैसूर/ गाँधी नेशनल एकेडमी ऑफ नेचुरोपैथी, नई दिल्ली।

मैंने फाइन आर्ट में बीए किया है। मैं कार्टूनिस्ट बनकर अखबार में काम करना चाहता हूँ। जानकारी प्रदान करें।

- मोहम्मद नाजिम, त्योंथर (रीवा)।

कार्टून कला में पारंगत करने के लिए अभी तक सरकारी क्षेत्र में किसी औपचारिक पाठ्यक्रम की शुरुआत नहीं हुई है। अतः आप स्वयं घर पर ख्यातिप्राप्त कार्टूनिस्टों की कृतियों का अवलोकन करें। चाहें तो किसी ख्यातिप्राप्त कार्टूनिस्ट के साथ कार्टून कला की बारीकियों एवं तकनीकों को सीख सकते हैं। आपके स्वयं के द्वारा तैयार राजनीतिक, सामाजिक, पर्यावरण, अपराध एवं अन्य विविध विषयों से संबंधित कार्टून आदि लेकर अखबार समूहों व टीवी चैनल्स के दफ्तरों में नौकरी के लिए संपर्क कर सकते हैं।

कागज के डेकोरेटिव लिफाफे बनाने का प्रशिक्षण इंदौर में कहाँ उपलब्ध है?

- तानिया भावसार, इंदौर।

इस हेतु आप उद्यमिता प्रशिक्षण केंद्र, प्रेस कॉम्प्लेक्स, इंदौर से संपर्क करें।

ND
ND
व्यावसायिक परीक्षा मंडल, भोपाल द्वारा ली जाने वाली मंडी सहायक उपनिरीक्षक परीक्षा की तैयारी हेतु सिलेबस के अनुसार मॉडल प्रश्नपत्र किस पत्रिका में देखे जा सकते हैं?

- अंकुर त्यागी, नौगाँव (छतरपुर)।

-गुलशन सैनी, हरदा।

- हेमराज जाट, खकनार (बुरहानपुर)।

मंडी सहायक उपनिरीक्षक की भर्ती हेतु होने वाली प्रवेश परीक्षा हेतु पाठ्यक्रम के अनुसार मॉडल प्रश्नपत्र प्रतियोगी परीक्षाओं की मासिक पत्रिका "प्रतियोगिता निर्देशिका" के फरवरी-2010 अंक में देखे जा सकते हैं।

क्या मुझे बारहवीं के अच्छे प्राप्तांकों के आधार पर किसी अच्छे इंजीनियरिंग कॉलेज में प्रवेश मिल सकता है?

-वीरेंद्र नेताम, गुण्डरदेही (दुर्ग)।

देश के किसी भी अच्छे इंजीनियरिंग कॉलेज में केवल बारहवीं के अच्छे अंकों के आधार पर प्रवेश नहीं मिलता है। इंजीनियरिंग कॉलेजों की प्रवेश परीक्षाओं की अच्छी तैयारी कर परीक्षा में चयनित होकर ही आप इन कॉलेजों में प्रवेश ले पाएँगे।

उभरते हुए कलाकारों को केंद्रीय संस्कृति मंत्रालय द्वारा कौन-सी छात्रवृत्ति प्रदान की जाती है? -विपुल भोंसले, शाजापुर।

भारत सरकार का संस्कृति मंत्रालय कला संबंधी अलग-अलग विधाओं में उभरती प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और उन्हें देश के भीतर आधुनिक प्रशिक्षण प्रदान करने के लिए एक स्कॉलरशिप योजना चलाता है। कला के इन क्षेत्रों में भारतीय शास्त्रीय संगीत, शास्त्रीय नृत्य, लाइट क्लासिकल म्यूजिक, थिएटर, विजुअल आर्ट, स्वांग विधा, लोक कला, पारंपरिक व देशी कलाएँ शामिल हैं।

इस योजना के तहत सरकार द्वारा प्रतिवर्ष ऐसे 400 उभरते कलाकारों को छात्रवृत्ति प्रदान की जाती है, जो न्यूनतम पाँच वर्षों से किसी गुरु के अधीन या संस्थान में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। इस छात्रवृत्ति हेतु आयु सीमा 18 से 25 वर्ष के मध्य निर्धारित है।

विस्तृत विवरण के लिए वेबसाइट www.indiancultural.com पर लॉग ऑन करें।