1. खबर-संसार
  2. »
  3. करियर
  4. »
  5. मनपसंद करियर

टेक्‍सटाइल इंजीनि‍यरिंग में करि‍यर

करियर
- अशोक सिंह

ND
ND
आधुनिक मशीनों, कृत्रिम रेशों और देश-विदेश में बढ़ती माँग के कारण देश का कपड़ा उद्योग प्रगति की ओर अग्रसर है। फिलहाल इस क्षेत्र की वृद्धि दर 9-10 फीसदी है जिसकी आने वाले वर्षों में 16 प्रतिशत तक पहुँचने की संभावना है। कपड़ा मंत्री दयानिधि मारन के अनुसार वर्ष 2012 तक देश के कपड़ा क्षेत्र का निर्यात 22 प्रतिशत की दर से बढ़ सकता है।

ऐसे में इस क्षेत्र में न सिर्फ बढ़ते रोजगार अवसरों की तरफ ध्यान जाना स्वाभाविक है बल्कि करियर के नए आयामों को भी जानना आवश्यक है। कपड़ा उद्योग के चहुंमुखी विकास में टेक्सटाइल इंजीनियरों की अहम भूमिका से इनकार नहीं किया जा सकता है। टेक्सटाइल इंजीनियरों का संपूर्ण हुनर वस्त्र उत्पादन सामग्रियों (प्राकृतिक एवं कृत्रिम रेशों) तथा विभिन्न प्रकार की टेक्सटाइल एवं क्लोनिंग टेक्नोलॉजी पर काम करने वाली मशीनों पर आधारित होता है।

इनके दायित्व में रेशों, वस्त्र एवं परिधानों, अन्य कपड़ा उत्पादों तथा मशीनों के समन्वयन से बेहतरीन गुणवत्ता एवं कम लागत के साथ उत्पादन प्रक्रिया को अंजाम देना है। इनकी विशेषज्ञता की जरूरत कपड़ा उद्योग से संबंधित छोटी एवं बड़ी मिलों, एक्सपोर्ट हाउस, अपैरल मैन्यूफेक्चरिंग कंपनियों, कपड़ा उत्पादक मशीनों की डिजाइनिंग, उत्पादन इत्यादि में पड़ती है।

इतनी विशाल आबादी वाले देश में कपड़ा उत्पादों की बड़ी मांग का अंदाजा लगाया जा सकता है, ऐसे में टेक्सटाइल इंजीनियरों और इस विधा से जुड़े अन्य प्रशिक्षित व्यक्तियों के लिए कितनी अधिक रोजगार संभावनाएं इस क्षेत्र के माध्यम से खुलती हैं यह अनुमान लगाना भी कठिन नहीं होगा। देश में इस समय हैंडलूम और मशीन लूम के माध्यम से समस्त कपड़ा उत्पादन कार्य हो रहा है। हजारों की संख्या में कपड़ा मिलों के अलावा लाखों की संख्या में हथकरघे भी इस क्षेत्र में कार्यरत हैं।

ND
ND
टेक्सटाइल इंजीनियरों और टेक्सटाइल केमिस्ट्री के लिए यह उद्योग विविध प्रकार के रोजगार प्रदान करता है। देश में बीई अथवा बीटेक डिग्रियों के रूप में टेक्सटाइल इंजीनियरिंग की ट्रेनिंग ली जा सकती है। इस प्रकार के कोर्सेज में 10+2 के बाद इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षाओं के आधार पर दाखिले प्राप्त किए जा सकते हैं। चार वर्षीय कोर्स में इस उद्योग से जुड़े सैद्धांतिक और व्यावहारिक पहलुओं का प्रशिक्षण दिया जाता है।

बाद में अन्य विद्याओं की तरह इस क्षेत्र में भी स्पेशियलाइजेशन के बारे में विचार किया जा सकता है। इन विशिष्ट विद्याओं में टेक्सटाइल कैमिकल टेक्नोलॉजी, फाइबर साइंस टेक्नोलॉजी, टेक्नीकल टेक्सटाइल और कंप्यूटर एप्लीकेशन इन टेक्सटाइल का नाम लिया जा सकता है। इसके बाद एमटेक और पीएचडी के बारे में भी सोचा जा सकता है।

1. ग्यारहवीं पंचवर्षीय योजना में कपड़ा उद्योग में डेढ़ लाख करोड़ के निवेश की उम्मीद

2. आगामी वर्षों में इस क्षेत्र में कार्यरत लोगों की संख्या 1.75 करोड़ तक पहुँचने की संभावना

3. 2003 से 2007 के बीच कपड़ा और परिधान क्षेत्र में लगभग 77 हजार करोड़ का निवेश हुआ

4. आने वाले वर्षों में कपड़ा उद्योग की वृद्धि दर 16 प्रतिशत होने की आशा

5. वर्ष 2012 तक कपड़ा क्षेत्र का निर्यात 22 प्रतिशत की दर से बढ़ सकता है