टेक्नीकल राइटिंग में करियर
वेबदुनिया
|
टेक्नीकल राइटर कंपनियों के विभिन्न उत्पादों के प्रयोग और क्रियाविधि को सरल भाषा में इस तरह समझाते हैं, जिसे कोई सामान्य व्यक्ति भी समझ सके। एक तरह से टेक्नीकल राइटर तकनीकी भाषा का सरल भाषा में अनुवाद करता है।
टेक्नीकल राइटर किसी उत्पाद की कार्यविधि, ऑपरेशन और उत्पाद के प्रयोग को सरल भाषा में उन लोगों तक पहुँचाता है, जो इन उत्पादों का इस्तेमाल करते हैं।
टेक्नीकल राइटर किसी उत्पाद के यूजर मेन्युअल से लेकर, प्रोजेक्ट रिपोर्ट, ऑनलाइन हेल्प फाइल्स, सॉफ्टवेयर इंस्ट्रक्शन एंड इंस्टॉलेशन गाइड को सरल भाषा में तैयार करता है।
मौटे तौर पर टेक्नीकल राइटर उपयोगकर्ता को जानकारी देता है कि इस उत्पाद का इस्तेमाल कैसे करें।
टेक्नीकल राइटर होने के लिए जरूरी है कि आप विज्ञान और तकनीक में रुचि लें। कभी-कभी उत्पाद विशेष के लिए टेक्नीकल राइटर को विभिन्न स्तरों पर जानकारी जुटानी पड़ती है। जैसे इंटरनेट के अलावा किताबों से संदर्भ लेने के साथ ही संबंधित विषय के जानकार से चर्चा करके उत्पाद की जानकारी को प्रभावी रूप से प्रस्तुत करना होता है।
टेक्नीकल राइटर का अँग्रेजी भाषा पर अच्छा अधिकार होना चाहिए। इसके अलावा उसे तकनीकी जानकारियों को प्रभावी रूप से प्रस्तुत करना आना चाहिए। एक टेक्नीकल राइटर की जरूरत मीडिया, ऑनलाइन एजेंसी, एडवरटाइजिंग एजेंसी, समाचार पत्र, आईटी कंपनी, और मैग्जीन में होती है।
अगर आपकी अँग्रेजी भाषा पर अच्छी पकड़ है और आप टेक्नॉलॉजी की अच्छी समझ रखते हैं तो आप तकनीकी भाषा को सरल भाषा में परिवर्तित करने की कला में माहिर हो सकते हैं। ऐसा व्यक्ति जो तकनीकी भाषा को समझकर उसे अनुवादित रूप में इस तरह प्रस्तुत कर सके जिसे गैर तकनीकी लोग भी आसानी से समझ सकें तो वह सफल टेक्नीकल राइटर बन सकता है।
योग्यता- टेक्नीकल राइटर बनने के लिए आपको टेक्नीकल कम्यूनिकेशन में डिप्लोमा लेना होगा। हालाँकि टेक्नीकल राइटर के लिए किसी औपचारिक डिग्री या डिप्लोमा की जरूरत नहीं होती है, फिर भी यदि आपके पास टेक्नीकल डिप्लोमा के साथ कम्यूनिकेशन कोर्स में कोई डिग्री है तो आपको प्राथमिकता मिलेगी।

