1. खबर-संसार
  2. »
  3. करियर
  4. »
  5. मनपसंद करियर

टी-मैनेजमेंट में रिफ्रेशिंग करियर

असम
- गरिमा माहेश्वरी

ND
चाय एक ऐसा पेय पदार्थ है जो विश्व के हर कोने में पसंद किया जाता है। भारत में चाय का उत्पादन बाकी देशों के मुकाबले ज्यादा है। भारत से चाय पत्ती का भारी मात्रा में निर्यात भी किया जाता है और सबसे ज्यादा चाय के ग्राहक भी यहीं मौजूद हैं। इन सारी बातों को देखते हुए यह बात तो बिलकुल स्पष्ट है कि इस क्षेत्र में संभावनाओं की कोई कमी नहीं। हालाँकि यह बहुत प्रसिद्ध विकल्प नहीं है करियर का लेकिन इस क्षेत्र में कार्य करना रोचक हो सकता है।

चाय उद्योग में बहुत से ऐसे आंतरिक क्षेत्र हैं जिसमें पूर्ण रूप से सक्षम हो व्यवसाय की शुरुआत की जा सकती है। इस क्षेत्र में कार्य करने के लिए बहुत से विकल्प मौजूद हैं जैसे प्लांट वर्क, प्रोसेसिंग, ऑक्शनिंग, ब्रांडिंग, मार्केटिंग और शोध आदि।

प्लांटेशन के कार्य में आपको चाय के पौधों की देखभाल करनी होती है जो पौधा लगाने से लेकर उसकी पत्तियाँ तोड़ने तक होती है। इसके लिए आपका कार्य क्षेत्र कुछ इस तरह का होता है जिसमें पौधों के लिए मिट्टी तैयार करना, पौधों में सही दवाइयाँ डलवाना, मौसम को देखते हुए पत्तियों को तोड़ने का काम करवाना आदि।

प्रोसेसिंग के काम में आप पत्तियों की क्रशिंग, टीयरिंग, और करलिंग का कार्य कर पाएँगे। प्रोसेसिंग का कार्य फैक्ट्रियों में किया जाता है। इसके बाद इन पत्तियों को पैक कर ऑक्शन केंद्रों पर भेजा जाता है। उसके बाद इस चाय को चाय टेस्टर, चखकर इसका स्वाद और क्वालिटी जाँचते हैं जिसके बाद इनकी ब्रांडिंग होती है। भारत में चाय के सबसे अच्छे बागान असम, दार्जीलिंग और नीलगिरी में हैं।

शैक्षणिक योग्यता : इस क्षेत्र में कार्य करने के लिए आपके पास कृषि विज्ञान में डिग्री या फिर बॉटनी, फूड साइंस, होर्टीकल्चर जैसे विषयों में बी.एससी की डिग्री होना जरूरी है। साथ ही विपणन संबंधित कार्यों के लिए उन लोगों को चुना जाता है जिनके पास संबंधित डिग्री मौजूद हो।

नए लोगों को सर्वप्रथम असिस्टेंट के पद पर प्लांटेशन के लिए रखा जाता है। थोड़ा अनुभव हो जाने के बाद आपको सहायक मैनेजर और फिर मैनेजर का पद मिल सकता है। जिन लोगों को टी-टेस्टर के पद पर रखा जाता है उनको जॉब के साथ ही ट्रेन किया जाता है।

व्यक्तिगत योग्यता-

इस क्षेत्र में कार्य करने के लिए आपको यह सुनिश्चित करना होगा कि आपको बाहर रहकर कार्य करना पसंद है या नहीं। इस क्षेत्र में फील्ड वर्क ज्यादा होता है। इसके लिए आपका शारीरिक रूप से एकदम फिट होना बहुत जरूरी है।

अगर आप टीटेस्टर के पद पर कार्य करना चाहते हैं तो आपके टेस्ट बड्स का सही होना सबसे ज्यादा जरूरी है। इसके लिए सबसे पहले आपको धूम्रपान और अधिक मसाले वाला खाना खाने की आदत को छोड़ना होगा।

जो लोग इस क्षेत्र में ब्रोकर का कार्य करने में रुचि रखते हैं उन्हें उत्पादकों के बीच अपनी अच्छी छबि बनाने पर ज्यादा ध्यान देने की आवश्यकता होती है।

इस क्षे‍त्र में मिलना वाला पारिश्रमिक पद के हिसाब से तय किया जाता है। ट्रेनी के पद पर आप 5,000 रुपए तक कमा सकते हैं वहीं सीनियर प्रोफेशनल के पद पर आपका पारिश्रमिक 25,000 रुपए महीना भी हो सकता है। विशेषज्ञ के पद पर आप 40,000 से 50,000 रुपए तक कमा सकते हैं। भारत में इस कोर्स का संचालन बहुत सी संस्थाओं द्वारा किया जाता है जहाँ से आप इस क्षेत्र में ट्रेनिंग ले सकते हैं।