1. खबर-संसार
  2. »
  3. करियर
  4. »
  5. मनपसंद करियर

कम्प्यूटर गेम डिजाइनिंग

गेम डिजाइनिंग करियर
- डॉ. जयंतीलाल भंडारी
ND

मैं कम्प्यूटर गेम डिजाइनिंग के क्षेत्र में करियर बनाना चाहता हूँ। कृपया मार्गदर्शन प्रदान करें। -समीर कार्णिक, अंबागढ़ चौकी
वर्तमान समय में कम्प्यूटर, मोबाइल, वीडियो गेम, सीडी प्लेयर आदि में पाए जाने वाले विभिन्न प्रकार के गेम बच्चे ही नहीं, बड़ों को भी आकर्षित कर रहे हैं। गेम डिजाइनिंग के अंतर्गत विभिन्न प्रकार के खेलों को कम्प्यूटर पर डिजाइन कर चिप में डालकर विभिन्न इंटरटेनमेंट डिवाइसों में इस्तेमाल किया जाता है। गेमिंग के आकर्षक और उभरते क्षेत्र में करियर की असीमित संभावनाएँ हैं। गेमिंग से जुड़े पाठ्यक्रमों में अध्ययन की सुविधा इंडस्ट्रीयल डिजाइन सेंटर, आईआईटी, पवई, मुंबई, नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ डिजाइन, अहमदाबाद में उपलब्ध हैं।

होम साइंस में स्नातक एवं स्नातकोत्तर करने के उपरांत करियर के कौन-कौन-से अवसर उपलब्ध हैं? -प्रियंका शास्त्री, दुर्ग/ अश्विनी साहू, उज्जैन
होम साइंस एक विस्तृत और रोजगार संभावनाओं से युक्त क्षेत्र है। इस विषय से स्नातक एवं स्नातकोत्तर डिग्री करने के उपरांत न केवल सरकारी व प्राइवेट नौकरियाँ हासिल की जा सकती हैं, बल्कि कई प्रकार के स्वरोजगार भी प्रारंभ किए जा सकते हैं। राज्य लोक सेवा आयोगों द्वारा समय-समय पर कई तरह की रिक्तियाँ प्रकाशित की जाती हैं जिनमें सिर्फ गृह विज्ञान की छात्राएँ ही आवेदन कर सकती हैं।

इसी प्रकार संघ लोक सेवा आयोग भी रिक्तियाँ प्रकाशित करता है जिसमें आवेदन के लिए गृह विज्ञान की किसी भी शाखा में बैचलर व मास्टर डिग्री होनी चाहिए। होम साइंस में आप करियर के चार क्षेत्रों का अध्ययन कर सकती हैं- फूड एंड न्यूट्रीशन, क्लोथिंग एंड टेक्सटाइल, ूमन डेवलपमेंट तथा फैमिली रिसोर्स मैनेजमेंट।

इन क्षेत्रों में विशेषज्ञता हासिल करके आप इन्हीं क्षेत्रों में नियोजित हो सकती हैं। इसके अलावा आप बायोलॉजिकल केमेस्ट्री, बायोकेमेस्ट्री, एनोटॉमी, साइकोलॉजी, हेल्थ केयर एंड हाईजीन आदि क्षेत्रों में विशेषज्ञता हासिल करके जॉब प्राप्त कर सकती हैं। गृह विज्ञान की पढ़ाई करने के बाद बहुत-सी युवतियाँ गृह विज्ञान पर आधारित लघु उद्योग की शुरुआत करके भी अच्छी कमाई कर रही हैं।

मैं ब्रिटेन जाकर अपने विषय में रिसर्च करना चाहता हूँ। इसके लिए कौन-कौन सी स्कॉलरशिप उपलब्ध हैं? -पवन जैन, भिलाई नगर/ अजय शर्मा, इंदौर
यदि आप ब्रिटेन जाकर उच्च शिक्षा प्राप्त करना चाहते हैं तो आपको कॉमनवेल्थ स्कॉलरशिप्स व फैलोशिप के लिए आवेदन करना चाहिए। स्कॉलरशिप व फैलोशिप की इस योजना के कार्यक्रम का प्रबंधन भारत सरकार के केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्रालय, विवि अनुदान आयोग और भारत स्थित ब्रिटिश काउंसिल द्वारा किया जाता है। इसके लिए प्रतिवर्ष विभिन्न क्षेत्रों में स्नातकोत्तर डिग्री के लिए 22 और पीएचडी के लिए 33 उम्मीदवारों का चयन किया जाता है। चुने गए उम्मीदवारों को ब्रिटिश विवि में रिसर्च का अवसर मिलता है। विस्तृत विवरण के लिए WWW.britishcouncil.org.in/scholarship पर संपर्क किया जा सकता है।

मैंने बारहवीं कक्षा उत्तीर्ण की है। मैं लिपिकीय पद पर सरकारी नौकरी चाहता/ चाहती हूँ। कृपया जानकारी दें। -संतराम नेताम, तखतपुर (बिलासपुर)/ सरस्वती परमार, ग्वालियर
इस हेतु आप कर्मचारी चयन आयोग द्वारा आयोजित मैट्रिक स्तरीय लिपिकीय वर्ग की परीक्षा में शामिल हो सकते हैं तथा उसमें सफल होकर सरकारी नौकरी प्राप्त कर सकते हैं।
मैं डेयरी टेक्नोलॉजी में करियर बनाना चाहता हूँ। कृपया मार्गदर्शन प्रदान करें। -यशवंत जाट, हाटपिपलिया/ मनीष यादव, कुक्षी (धार)
डेयरी टेक्नोलॉजी में उज्ज्वल संभावनाएँ हैं। बारहवीं की परीक्षा गणित, जीव विज्ञान, रसायन विज्ञान अथवा इंटरमीडिएट कृषि विज्ञान के उपरांत डेयरी टेक्नोलॉजी पाठ्यक्रम में दखिला ले सकते हैं। यह पाठ्यक्रम इन संस्थानों में उपलब्ध हैं- नेशनल डेयरी रिसर्च इंस्टीट्यूट करनाल (हरियाणा)/ एमपी कॉलेज ऑफ डेयरी साइंस आणंद (गुजरात)/ जवाहरलाल नेहरू कृषि विवि, जबलपुर (मप्र)।

बायोइंफॉर्मेटिक्स का कोर्स पत्राचार माध्यम से कहाँ उपलब्ध है? -विजय देवांगन, दुर्ग/ अमोल महाजन, खंडवा
यह पाठ्यक्रम पत्राचार माध्यम से अन्नामलाई विवि में उपलब्ध है। इस विवि की वेबसाइट WWW.annamalaiuniversity.ac.in से इस पाठ्यक्रम से संबंधित विस्तृत जानकारी प्राप्त की जा सकती है।

मैं कार्बनिक रसायन में एमएससी करना चाहती हूँ। इस क्षेत्र में एमएससी करने के उपरांत रोजगार की क्या संभावनाएँ हैं? -वैदेही मिश्रा, अर्जुनी, रायपुर/ पुष्पा विजय, राजगढ़ (ब्यावरा)
आपके लिए सार्वजनिक और निजी दोनों क्षेत्रों में रोजगार के पर्याप्त अवसर हैं। एक रसायन शास्त्री के रूप में आप अपना करियर शोध प्रबंधन और विपणन के क्षेत्र में बना सकती हैं। प्रदूषण नियंत्रण, ऊर्जा और जैव प्रौद्योगिकी जैसे कुछ ऐसे क्षेत्र हैं, जहाँ कार्बनिक रसायन के विशेषज्ञों की भारी माँग है। इसके अलावा रक्षा विभाग, रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन, केंद्रीय विज्ञान शोध प्रयोगशाला, भाभा आणविक अनुसंधान केंद्र, मौसम विभाग तथा औषधि विनिर्माण प्रयोगशालाओं में कार्बनिक रसायनविदों को रखा जाता है।

निजी क्षेत्र में दवा, पेंट, टायर व अन्य रासायनिक क्रियाओं से जुड़ी प्रयोगशालाओं में बतौर केमिस्ट नियुक्ति की जाती है। बीएड, एमएड व पीएचडी आदि के उपरांत शिक्षक व प्रयोगशाला पर्यवेक्षक आदि बना जा सकता है। मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव , विक्रय प्रतिनिधि आदि पदों पर दवा व पेंट कंपनियाँ रसायनविदों को रखती हैं।

फिजियोथैरेपी का कोर्स कहाँ से किया जा सकता है? - शारदा कंसाना, रायपुर
फिजियोथैरेपी का कोर्स कराने वाले प्रमुख संस्थान हैं- क्रिश्चिय मेडिकल कॉलेज, बंगलोर/ अभा आयुर्विज्ञान संस्थान, नई दिल्ली/ एमजीएम मेडिकल कॉलेज, इंदौर/ इंदौर इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस, इंदौर।

क्या बीए करने के बाद एमसीए किया जा सकता है? -सोनू खींची, जबलपुर
बीए करने के बाद एमसीए नहीं किया जा सकता। एमसीए के लिए बीएससी गणित विषय के साथ उत्तीर्ण होना आवश्यक है।

लेदर टेक्नोलॉजी का कोर्स कहाँ से किया जा सकता है? -रामसिंह अहिरवार, खरगोन
कोर्स कराने वाले प्रमुख संस्थान हैं- सेंट्रल लेदर रिसर्च इंस्टीट्यूट, चेन्नई/ कॉलेज ऑफ लेदर टेक्नोलॉजिस, साल्टलेक सिटी, कोलकाता/ नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ डिजाइन, अहमदाबाद।

पैरामेडिकल पाठ्यक्रमों में करियर की क्या संभावनाएँ हैं? पैरामेडिकल पाठ्यक्रमों में प्रवेश के समय क्या ध्यान में रखना चाहिए? -जितेन्द्र मोरे, इंदौर/ दीपक वर्मा, दुर्ग
पैरामेडिकल पाठ्यक्रमों में करियर की उजली संभावनाएँ हैं। फिजियोथैरेपी, रेडियोलॉजी, मेडिकल लैब टेक्नोलॉजी, कंपाउंडर कोर्स, डाइटीशियन, ऑप्थेल्मोलॉजी आदि कोर्स उपयोगी हैं। ऐसे कोर्स में प्रवेश के समय यह देखा जाना चाहिए कि संबंधित संस्थान मप्र/ छगपैरामेडिकल कौंसिल से संबद्ध हो और वहाँ अध्ययन की पर्याप्त सुविधा हो।

पत्राचार द्वारा पर्सोनेल मैनेजमेंट का कोर्स कहाँ से किया जा सकता है? -शिवांगी सक्सेना, देपालपुर
स्नातक के उपरांत पीजी डिप्लोमा इन पर्सोनेल मैनेजमेंट का पत्राचार पाठ्यक्रम डॉ. हरिसिंह गौर विवि, सागर से किया जा सकता है। पाठ्यक्रम से संबंधित विस्तृत जानकारी के लिए वेबसाइट WWW.idesagaruni.com पर लॉग ऑन करें।