1. खबर-संसार
  2. »
  3. करियर
  4. »
  5. मनपसंद करियर

एयरफोर्स में पायलट कैसे बनें?

एयरफोर्स में पायलट कैसे बनें?
- जयंतीलाल भंडारी
SubratoND

मैं एयरफोर्स पायलट बनना चाहती हूँ। कृपया मार्गदर्शन करें। -मीनाक्षी राजपूत, बिलासपुर/आशा पाटिल, इंदौर
- इंडियन एयरफोर्स में युवतियों की भर्ती ऑफिसर कैडर के रूप में तीन वर्गों में होती है। प्रतिवर्ष लगभग 100 से अधिक युवतियाँ इंडियन एयरफोर्स की विभिन्न ब्रांचों में भर्ती की जाती हैं। इनमें से 12 युवतियाँ पायलट के तौर पर भर्ती की जाती हैं। पायलट हेतु 19 से 23 वर्ष की अविवाहित युवतियाँ पात्र हैं।

अकादमिक योग्यता के अंतर्गत बीई/बीएससी (फिजिक्स और मैथ्स सहित) के साथ यदि आप पायलट एप्टिट्यूट बैटरी टेस्ट उत्तीर्ण कर लेती हैं तो आपका मेडिकल, साइकोलॉजिकल टेस्ट लिया जाता है। इसके उपरांत प्रशिक्षण प्रदान किया जाता है। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद आप एक फ्लाइंग ऑफिसर के तौर पर इंडियन एयरफोर्स में अपनी सेवाएँ दे सकती हैं। एयरफोर्स पायलट बनने से संबंधित अधिक जानकारी के लिए वेबसाइट www.careerairforce.nic.in पर लॉग ऑन करें।

मुझे कंपनी सेक्रेटरी का कोर्स करना है। इस हेतु क्या शैक्षणिक योग्यता आवश्यक है? -राजीव दासानी, जबलपुर
- बारहवीं कक्षा के बाद कंपनी सेक्रेटरी परीक्षा के फाउंडेशन कोर्स में बैठा जा सकता है या फिर ग्रेजुएट होने के बाद कंपनी सेक्रेटरी के इंटरमीडिएट कोर्स में बैठ सकते हैं।

मप्र में फायर इंजीनियरिंग में बैचलर डिग्री कहाँ से प्राप्त की जा सकती है? -मनीष गांगुली, ग्वालियर
- मप्र के इंदौर स्थित आईपीएस एकेडमी से फायर इंजीनियरिंग में बैचलर डिग्री प्राप्त की जा सकती है। यहाँ बैचलर ऑफ फायर टेक्नॉलॉजी एंड सेफ्टी इंजीनियरिंग का चार वर्षीय पाठ्यक्रम चलाया जाता है। इसमें प्रवेश पीईटी परीक्षा के माध्यम से दिया जाता है।

मैं बारहवीं कक्षा बायोलॉजी विषय समूह के साथ कर रहा/रही हूँ। भविष्य में मैं डॉक्टर बनना चाहता/चाहती हूँ। इस हेतु देश की विभिन्न मेडिकल प्रवेश परीक्षाओं की जानकारी और उनमें पूछे जाने वाले प्रश्नों के स्वरूप के बारे में कृपया मार्गदर्शन दें। -मुनव्वर हुसैन, रायपुर/रश्मि श्रोत्रिय, शिवपुरी
- मेडिकल प्रवेश परीक्षाओं की जानकारी और तैयारी हेतु आप प्रतिमाह प्रतियोगिता निर्देशिका तथा बायोलॉजी ट्रेड नामक मासिक पत्रिकाएँ पढ़ना शुरू करें।

मैं मप्र के किसी पत्रकारिता विवि से पत्रकारिता पाठ्यक्रम करना चाहता हूँ। कृपया जानकारी दें। -प्रकाश दुबे, क्षिप्रा
- पत्रकारिता पाठ्यक्रम हेतु आप माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विवि, त्रिलोचन नगर, अरेरा कॉलोनी, भोपाल से संपर्क कर सकते हैं।
पर्यावरण विज्ञान में कोर्स कराने वाले मप्र के प्रमुख संस्थानों की जानकारी प्रदान करें। -श्यामसुंदर भदौरिया, धार
- पर्यावरण विज्ञान का पाठ्यक्रम कराने वाले मप्र के प्रमुख संस्थान हैं-पर्यावरण एवं वानस्पतिकी अध्ययन शाला, विक्रम विवि उज्जैन/ देवी अहिल्या विवि, इंदौर/ मौलाना आजाद कॉलेज ऑफ टेक्नॉलॉजी, भोपाल/ भारतीय वन प्रबंधन संस्थान, भोपाल।

फुटवेयर (जूते-चप्पल) निर्माण का प्रशिक्षण मप्र में कहाँ से प्राप्त किया जा सकता है? -महेश वर्मा, राजगढ़ (ब्यावरा)
- फुटवेयर निर्माण के प्रशिक्षण के लिए मप्र हस्तशिल्प विकास निगम, हमीदिया रोड भोपाल से संपर्क करें।

रसायन सूचना विज्ञान का पाठ्यक्रम कौन कर सकता है? -समीर कार्णिक, इंदौर
- वे युवा जिन्होंने स्नातक डिग्री रसायन शास्त्र, वनस्पति शास्त्र, प्राणी शास्त्र, भौतिकी, गणित, कम्प्यूटर या फार्माकोलॉजी में की है, वे रसायन सूचना विज्ञान के पाठ्यक्रम में दाखिला ले सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए रसायन सूचना विज्ञान अध्ययन संस्था बी-15, सेक्टर-3,नोएडा से संपर्क कर सकते हैं।

क्लीनिकल साइकोलॉजी का पाठ्यक्रम कहाँ से किया जा सकता है? -पीटर रैनवाल, जांजगीर-चांपा
- क्लीनिकल साइकोलॉजी का पाठ्यक्रम इन संस्थानों में उपलब्ध है-नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ मेंटल हेल्थ एंड न्यूरो साइंस बंगलोर/राष्ट्रीय विकलांग (मानसिक) संस्थान लखनऊ/ गुजरात विवि, इलाहाबाद विवि।

मैं हिन्दी साहित्य में पत्राचार माध्यम से एम. फिल करना चाहती हूँ। कृपया पत्राचार माध्यम से एम. फिल कराने वाले संस्थानों की जानकारी दें। -आशा गुप्ता, अशोकनगर
- आप बीआर आम्बेडकर मुक्त विवि हैदराबाद/राज्य मुक्त विवि मैसूर/ काकतीथ विवि, वारंगल (कर्नाटक)/इंदिरा गाँधी राष्ट्रीय मुक्त विवि नई दिल्ली से उक्त पाठ्यक्रम कर सकती हैं।

मैं बारहवीं कक्षा का छात्र हूँ। मैं बारहवीं के बाद सीधे एलएलबी करना चाहता हूँ। यह पाठ्यक्रम मप्र में कहाँ उपलब्ध है? -रामसिंह धुर्वे, श्योपुर
- देश के कुछ विश्वविद्यालयों में बारहवीं के बाद पाँच वर्षीय एलएलबी पाठ्यक्रम की सुविधा है। मप्र में देवी अहिल्या विवि, इंदौर तथा विधि संस्थान भोपाल से यह कोर्स किया जा सकता है।

क्या आईसेक्ट द्वारा प्रशिक्षण उपरांत जारी कम्प्यूटर डिप्लोमा/प्रमाण-पत्र शासन द्वारा मान्यता प्राप्त है? -महेश सोनी, बेटमा
- आईसेक्ट से किया गया कोई भी कम्प्यूटर पाठ्यक्रम शासन द्वारा मान्यता प्राप्त है।

क्या प्रशासनिक सेवा के लिए भोज मुक्त विवि से स्नातक उत्तीर्ण होना मान्य है? -रमाकांत तोमर, सलामतपुर (रायसेन)
- प्रशासनिक तथा अन्य सेवाओं की विभिन्न परीक्षाओं के लिए भोज मुक्त विवि की स्नातक डिग्री मान्यता प्राप्त है।

कृपया मुझे संघ लोक सेवा आयोग, नई दिल्ली का वेबसाइट पता बताइए। -सिकंदर खान, रतलाम
-संघ लोक सेवा आयोग, नई दिल्ली का वेबसाइट पता इस प्रकार है www.upsc.gov.in