1. खबर-संसार
  2. »
  3. करियर
  4. »
  5. मनपसंद करियर

एडवेंचर स्पोर्ट्स में कोर्स

पब्लिक रिलेशन
- डॉ.जयंतीलाल भंडारी

कृपया एडवेंचर स्पोर्ट्स के विभिन्न कोर्सेस संचालित करने वाले प्रमुख प्रशिक्षण संस्थानों की जानकारी दें? -आदर्श चौधरी, बुरहानपुर
ND
- एडवेंचर स्पोर्ट्स के विभिन्न कोर्सेस संचालित करने वाले प्रमुख संस्थान हैं-इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ टूरिज्म एंड ट्रेवल मैनेजमेंट, गोविंदपुरा, ग्वालियर/ नेशनल एडवेंचर फाउंडेशन, जवाहरलाल नेहेरू स्टेडियम, नई दिल्ली/हाइड हाईलैंड ट्रेवल एंड एडवेंचर, शिमला।

मेरी रुचि पुरातत्व के क्षेत्र में है। मुझे करियर हेतु मार्गदर्शन देते हुए यह बताएँ कि हिन्दी माध्यम से पुरातत्व की डिग्री देने वाले कौन-कौन से विश्वविद्यालय हैं? -शिखर बाफना, जबलपुर
- पुरातत्व (आर्कियोलॉजी) में करियर बनाने के लिए उन विद्यार्थियों को आगे आना चाहिए जो लुप्त समाज, सभ्यताओं, उनके इतिहास तथा अवशेषों के बारे में रुचि रखते हैं। ऐसी रुचि रखने वाले छात्रों को पुरातत्व में डिग्री लेने के बाद संग्रहालयों, शोध संस्थानों, ट्रेवल एंड टूरिज्म इंडस्ट्री आदि जगह रोजगार मिल जाता है। पुरातत्व में हिन्दी माध्यम से डिग्री देने वाले प्रमुख विश्वविद्यालय एवं संस्थान हैं- कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय, कुरुक्षेत्र/ गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय, हरिद्वार/ महाराजा सयाजी विश्वविद्यालय, बड़ोदरा/ दिल्ली इंस्टीट्यूट ऑफ हेरिटेज रिसर्च एंड मैनेजमेंट, नई दिल्ली।

मध्यप्रदेश में कहाँ से फायर इंजीनियरिंग की डिग्री प्राप्त की जा सकती है?- संदीप कुशवाह, खंडवा
- मध्यप्रदेश में इंदौर स्थित आईपीएस एकेडमी से फायर इंजीनियरिंग में बैचलर डिग्री प्राप्त की जा सकती है।

रसायन सूचना विज्ञान का कोर्स कौन कर सकता है? -तन्वी व्यास, शिवपुरी
- वे युवा जिन्होंने स्नातक डिग्री भौतिकी, रसायन शास्त्र, वनस्पति शास्त्र, प्राणीशास्त्र, गणित, कम्प्यूटर या फार्माकोलॉजी आदि में से किसी भी विषय के साथ की है, वे रसायन सूचना विज्ञान के पाठ्यक्रम में दाखिला ले सकते हैं।

इंडस्ट्रीयल डिजाइनिंग क्या है? इसमें रोजगार की क्या संभावनाएँ हैं? -गौरव शास्त्री, रायपुर
- इंडस्ट्रीयल डिजाइनिंग भारतीय तकनीकी परिदृश्य पर उभरता एक नया क्षेत्र है तथा इस क्षेत्र में भारतीय डिजाइनरों की माँग लगातार बढ़ रही है। भारतीय तकनीकी छात्रों की पैनी समझ एवं कल्पनाशीलता ने इन्हें विश्वभर की प्रमुख कंपनियों में अच्छे पद प्रदान किए हैं। इंडस्ट्रीयल डिजाइनिंग का कोर्स कराने वाले प्रमुख संस्थान हैं- रुड़की इंजीनियरिंग कॉलेज, रुड़की/ आईआईएमसी, बेंगलुरू/ नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ डिजाइन, दिल्ली।

मैं पब्लिक रिलेशन के क्षेत्र में करियर बनाना चाहती हूँ। इस हेतु प्रमुख संस्थानों की जानकारी प्रदान करें। -विद्या पंचोली, रतलाम
- पब्लिक रिलेशन के क्षेत्र में डिग्री/ डिप्लोमा देने वाले प्रमुख संस्थान हैं- भारतीय जनसंचार संस्थान, नई दिल्ली/ देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर/ सिम्बायोसिस इंस्टीट्यूट ऑफ जर्नलिज्म एंड मॉस कम्युनिकेशन, पुणे।
मैं पैकेजिंग टेक्नोलॉजी में करियर बनाना चाहता हूँ। कृपया मार्गदर्शन प्रदान करें। -श्रवण चन्द्राकर, दुर्ग
- इस क्षेत्र में असीमित संभावनाएँ हैं। आज पैकेजिंग को संरक्षण, वितरण तथा मार्केटिंग का महत्वपूर्ण हिस्सा माना जाता है। इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ पैकेजिंग टेक्नोलॉजी, मुंबई, कोलकाता, चेन्नई और नई दिल्ली द्वारा डिप्लोमा कराया जाता है। प्रवेश परीक्षा द्वारा विज्ञान, इंजीनियरिंग तथा टेक्नोलॉजी स्नातकों को प्रवेश दिया जाता है।

भू-विज्ञान में पत्राचार माध्यम से बीएससी डिग्री कहाँ उपलब्ध है? -विनय आमरे, सीहोर
- भू-विज्ञान में बीएससी डिग्री पत्राचार माध्यम से इंदिरा गाँधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय में उपलब्ध है।

मैंने सिविल इंजीनियरिंग में तीन वर्षीय डिप्लोमा किया है। क्या मैं छत्तीसगढ़ राज्य सेवा परीक्षा दे सकता हूँ? - राजेश अहिरवाल, जांजगीर-चाँपा
- आप छत्तीसगढ़ राज्य सेवा परीक्षा नहीं दे सकते हैं, क्योंकि इसमें सम्मिलित होने के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता स्नातक उत्तीर्ण है।

चार्टर्ड फाइनेंशियल एनालिस्ट (सीएफए) का कोर्स करने के बाद रोजगार के क्या अवसर हैं? -गौरव गुप्ता, भोपाल
- सीएफए करने वाले युवा अंतरराष्ट्रीय वित्त बैंकिंग, सूचना-प्रौद्योगिकी, बीमा, वेंचर कैपिटल, इन्वेस्टमेंट आदि क्षेत्रों में रोजगार पा सकते हैं।

मैं पत्राचार माध्यम से परिवार शिक्षा एवं एचआईवी प्रमाण-पत्र पाठ्यक्रम करना चाहती हूँ। कृपया मार्गदर्शन दें। -प्रीति तनेजा, श्योपुर
- आप इंदिरा गाँधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय नई दिल्ली से परिवार शिक्षा एवं एचआईवी प्रमाण-पत्र पाठ्यक्रम कर सकती हैं। इस पाठ्यक्रम हेतु शैक्षणिक योग्यता बारहवीं है।