इंकम टैक्स ऑफिसर में करियर
|
- इंकम टैक्स ऑफिसर का पद सिविल सेवा परीक्षा द्वारा एलायड सर्विस पोस्ट के अंतर्गत आता है अतः इस पद के लिए आपको संघ लोक सेवा आयोग द्वारा ली जाने वाली सिविल सेवा परीक्षा में चयनित होना होगा।
मैं विदेशी भाषा के क्षेत्र में करियर बनाना चाहता/ चाहती हूँ। कृपया मुझे ऐसी संस्थाओं के बारे में जानकारी दें जहाँ से चीनी, जापानी और फ्रेंच भाषा सीखी जा सके। पत्राचार से विदेशी भाषा सीखने हेतु किसी विश्वविद्यालय का नाम भी बताइए। -सुनीता शर्मा, जबलपुर/ पंकज वाधवानी, देवास।
- वैश्वीकरण के वर्तमान दौर में विदेशी भाषा भी रोजगार का अच्छा माध्यम बन गई है। फ्रेंच, चीनी व जापानी प्रमुख करियर भाषाओं के रूप में स्वीकार की जाने लगी हैं। चीनी भाषा के अध्ययन हेतु जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय, नई दिल्ली/ लखनऊ विश्वविद्यालय, लखनऊ/ बीआर आम्बेडकर विश्वविद्यालय, औरंगाबाद प्रमुख संस्थान हैं।
जापानी भाषा के लिए विश्व भारती विश्वविद्यालय, शांति निकेतन, पश्चिम बंगाल तथा इंडो-जापान सेंटर, चेन्नई प्रमुख अध्ययन केंद्र हैं। फ्रेंच भाषा के लिए बनारस हिन्दू विश्वविद्यालय, वाराणसी/ जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय, नई दिल्ली/ एमएस यूनिवर्सिटी वडोदरा प्रमुख अध्ययन केंद्र हैं। कुछ प्रमुख विदेशी भाषाओं के पत्राचार से अध्ययन हेतु उस्मानिया विश्वविद्यालय, आंध्रप्रदेश से संपर्क किया जा सकता है।
मैं चित्रकला में अपना करियर बनाना चाहती हूँ। इस हेतु मुझे कौन-सा कोर्स करना चाहिए? -श्वेता पाटिल, दूधिया
- यदि आप चित्रकला के क्षेत्र में करियर बनाना चाहती हैं तो ललित कला में बैचलर कोर्स कर सकती हैं। बैचलर इन फाइन आर्ट्स (बीएफए) पाठ्यक्रम में प्रवेश हेतु बारहवीं कक्षा उत्तीर्ण होना आवश्यक है। इस पाठ्यक्रम में डिजाइन, ड्राइंग, पेंटिंग और स्केचिंग की गहन शिक्षा दी जाती है। इसके अलावा आप फाइन आर्ट्स/ कमर्शियल आर्ट्स का एक वर्षीय डिप्लोमा कोर्स भी कर सकती हैं। इस हेतु कुछ प्रमुख शिक्षण संस्थान हैं- ललित कला संस्थान, इंदौर/ दिल्ली कॉलेज ऑफ आर्ट्स, तिलक मार्ग, नई दिल्ली/ राजस्थान विश्वविद्यालय, जयपुर।
मध्यप्रदेश में पत्राचार माध्यम से एमएड कहाँ से किया जा सकता है? - कल्पना राजपूत, होशंगाबाद
- पत्राचार माध्यम से एमएड पाठ्यक्रम मध्यप्रदेश भोज मुक्त विश्वविद्यालय, भोपाल से किया जा सकता है।
मध्यप्रदेश/छत्तीसगढ़ राज्य सेवा प्रारंभिक परीक्षा-2008 के सामान्य अध्ययन प्रश्नपत्र में पूछे जाने वाले भारतीय संविधान एवं राज व्यवस्था संबंधी प्रश्नों की तैयारी हेतु नवीनतम पैटर्न एवं नवीनतम सिलेबस के अनुरूप अध्ययन सामग्री कहाँ से प्राप्त की जा सकती है? -शिखर जैन, बालाघाट/ दिव्या दत्त, भोपाल/ भँवरसिंह जाटव, रायपुर
- मध्यप्रदेश/छत्तीसगढ़ राज्य सेवा प्रारंभिक परीक्षा-2008 के सामान्य अध्ययन प्रश्नपत्र में पूछे जाने वाले भारतीय संविधान एवं राज व्यवस्था संबंधी प्रश्नों की तैयारी हेतु नवीनतम पैटर्न के अनुरूप अध्ययन सामग्री मध्यप्रदेश/ छत्तीसगढ़ सामान्य ज्ञान केंद्रित मासिक पत्रिका 'प्रतियोगिता निर्देशिका' के नवंबर-2008 अंक में देखी जा सकती है।
वॉइस एक्टिंग का कोर्स कहाँ से किया जा सकता है? -धीरज वर्मा, रायपुर
- वॉइस एक्टिंग का कोर्स इन संस्थाओं में उपलब्ध हैं-स्कूल ऑफ ब्रॉडकास्टिंग एंड कम्युनिकेशन, मुंबई/एकेडमी ऑफ डिजिटल आर्ट एंड कम्युनिकेशन, कांदिवली, मुंबई
पत्राचार माध्यम से मार्केटिंग मैनेजमेंट में डिप्लोमा कोर्स मध्यप्रदेश के किस विवि में उपलब्ध है? -जय मंडलोई, ग्वालियर
- यह कोर्स मध्यप्रदेश के भोज मुक्त विश्वविद्यालय, रेडक्रॉस भवन, शिवाजी नगर, भोपाल में उपलब्ध है।
रसायन सूचना विज्ञान का कोर्स कौन कर सकता है? -अजय केवर्त, जाँजगीर, चांपा/ संजय पुरी, इंदौर
- वे युवा जिन्होंने स्नातक डिग्री भौतिकी, रसायन शास्त्र, वनस्पति शास्त्र, प्राणीशास्त्र, गणित, कम्प्यूटर या फार्माकोलॉजी आदि में से किसी भी विषय के साथ की है, वे रसायन सूचना विज्ञान के कोर्स में दाखिला ले सकते हैं।
कला निर्देशक का कोर्स कहाँ से किया जा सकता है? -गर्वित नेताम, दुर्ग
- कला निर्देशक का कोर्स इन संस्थानों में उपलब्ध हैं- फिल्म एंड टेलीविजन प्रशिक्षण संस्थान, पुणे/ नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा, नई दिल्ली/ सत्यजीत रे फिल्म एंड टेलीविजन संस्थान कोलकाता।
विज्ञान पत्रकारिता का कोर्स कहाँ उपलब्ध है? -अजीत विश्वकर्ता, खरगोन
- विज्ञान पत्रकारिता का रोजगारोन्मुखी कोर्स इन संस्थानों में उपलब्ध है- स्कूल ऑफ फ्यूचर स्टडीज, देवी अहिल्या विवि, इंदौर/ इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन इन साइंस एंड टेक्नोलॉजी, सीपीएमटी भवन, लखनऊ।
आपदा प्रबंधन का पत्राचार पाठ्यक्रम कहाँ उपलब्ध है? -जयश्री खरे, इंदौर
- आपदा प्रबंधन का पत्राचार पाठ्यक्रम इंदिरा गाँधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय, दिल्ली में उपलब्ध है।

