हॉबी को बदला बिजनेस में
मीडिया पर नजर रखना अच्छा लगता था
ND
बचपन में हवाई जहाज को देखने पर उसे उड़ाने का यानी पायलट बनने का सपना अधिकांश बच्चे देखते हैं। बचपन से ही बच्चों की पसंद-नापसंद के बारे में पता लगने लगता है और किशोरवय के होते ही वह पसंद उसकी हॉबी बन जाती है।
अधिकांश किशोरवय अपनी हॉबी को ही अपना प्रोफेशन नहीं बना पाते, क्योंकि परिवार का दबाव और अच्छा करियर बनाने के चक्कर में उसे अपनी पसंद को दिल से निकालना पड़ता है और भेड़चाल चलनी ही पड़ती है। इस बार की केस स्टडी में हमने एक ऐसे युवा बाबक फराही को लिया है जिन्होंने अपनी पसंद को दिल से निकाला नहीं और पूर्ण तन्मयता से उसी को अपना प्रोफेशन बनाया।
बाबक फराही को मीडिया से प्रेम था। वे अपने शहर में हुई किसी भी घटना की जानकारी मिलने के तत्काल बाद वहाँ पहुँच जाते थे। हाईस्कूल में आने के बाद उन्होंने अपनी इस पसंद को दोस्तों के साथ बाँटा और सभी मिलकर जब भी कोई घटना होती, वहाँ पहुँच जाते और विडियो निकालते थे। इसके अलावा वहाँ मौजूद साक्ष्यों पर बारीकी से ध्यान भी देते थे। बाद में उन्होंने इन विडियो फुटेज को उन मीडिया वालों को बेचना आरंभ किया जो घटनास्थल पर देरी से पहुँचते थे।
ND
उन्होंने तत्काल निजी विडियो न्यूज अलबम बनाने का विचार किया और जो लोग न्यूज में आते थे या जिन्हें किन्हीं विशेष शो में बुलाया जाता था उनका विडियो अलबम बनाकर उन्हें बेचना आरंभ किया। इसके बाद उनके पास कई कॉर्पोरेट कंपनियों की तरफ से यह प्रस्ताव भी आया कि वे उनके बारे में मीडिया में जो भी छप रहा है या दिखाया जा रहा है उस पर नजर रखें। इसके बाद कंपनी ने पीछे मुड़कर नहीं देखा, बेहतरीन लाभ कमाया।
कुछ ही वर्षों में उन्होंने 125 से ज्यादा कर्मचारी रख लिए। उन्होंने 1100 से ज्यादा चैनलों पर न्यूज ट्रेक करना आरंभ कर दिया। इसके बाद यह ट्रेंड सभी देशों में फैला। आज भारत में भी कई पीआर एजेंसियाँ इस प्रकार का काम काफी अच्छी तरह से कर रही हैं।

