1. खबर-संसार
  2. »
  3. करियर
  4. »
  5. गुरु-मंत्र

युवाओं को भा रही किताबें

युवाओं में बढ़ता किताबों का शौक

करियर
- प्रेरणा शर्मा
ND

युवाओं में किताबें पढ़ने का शौक बढ़ रहा है। आमतौर पर कॉलेज और ऑफिस जाते समय सफर के दौरान युवक-युवतियों के हाथों में किसी न किसी लेखक की किताब जरूर दिखने को मिल ही जाती है। युवाओं का कहना है कि समय व्यतीत करने और ज्ञान बढ़ाने के लिए किताबों से बेहतर विकल्प मिल ही नहीं सकता। लिहाजा हिंदी हो या अंग्रेजी हर तरह की किताबें युवाओं के पास रहती हैं।

भले ही कोर्स की किताबों से कॉलेज छात्रों को थोड़ा परहेज हो लेकिन उपन्यास, ज्ञान-विज्ञान संबंधी किताबों से उन्हें बहुत लगाव है। फैशन डिजाइनिंग का कोर्स कर रही सोनाली के अनुसार घर से कॉलेज बस से जाने में उसे करीब 45 मिनट का समय लग जाता हैं। इस दौरान कॉलेज की बस में कुछ लड़कियाँ झपकी लेती हैं तो कुछ आपसी बातचीत में मशगूल रहती हैं लेकिन इस समय वह कोई न कोई उपन्यास पढ़ती है।

रोजाना रात को सोने से पहले भी सोनाली किताब पढ़ती है। सुबह और दिन में भी जब समय मिलता है, तो वह उपन्यास पढ़ना नहीं भूलती। एक मल्टीनेशनल कंपनी में कार्यरत अंकुश ने बताया कि यदि ऑफिस जाते समय कैब में नींद आ जाए तो आलस लगता है। खाली समय में उसे किताबें पढ़ने का बेहद शौक है। इसलिए वह अंग्रेजी, हिंदी के उपन्यास पढ़कर समय बिताता है।

हाल ही में उन्होंने चेतन भगत की फाइव प्वांइट समवन किताब खत्म की है। अब इंदिरा गोस्वामी द्वारा लिखित उपन्यास पढ़ रहा है, जो बहुत दिलचस्प है। आजकल जहाँ भी किताबों का स्टॉल लगता है, वहाँ युवा पहुँच जाते हैं।

ND
सोमू ने बताया कि युवा वर्ग उनके पास विभिन्न विषयों की किताबें खरीदने बहुत समय से आता रहा है। ग्राहकों की माँग के अनुसार ही किताबें भी मँगाई जाती हैं। जैसे किसी को खास लेखक की किताब चाहिए तो किसी को हिंदी की बजाए उसका अंग्रेजी संस्करण चाहिए होता है।

किताबों के मामले में युवाओं को अच्छी जानकारी होती है। वह हर नए-पुराने लेखक-लेखिकाओं का नाम जानते हैं। सबसे अधिक चेतन भगत, प्रेमचंद, खुशवंत सिंह के उपन्यास की माँग युवा करते है।