1. खबर-संसार
  2. »
  3. करियर
  4. »
  5. गुरु-मंत्र

घंटी बजवा सकती है गले की घंटी!

गुरुमंत्र
WDWD
-मनीष शर्मा
एक अनाज व्यापारी के गोदाम में बहुत से चूहे हो गए थे जिन्होंने व्यापारी की नाक में दम कर रखा था। चूहे थे भी बड़े शरारती। वे खाते कम थे, बिगाड़ते ज्यादा थे। व्यापारी ने उनसे पीछा छुड़ाने के लिए बहुत से उपाय किए जिनसे थोड़े-बहुत चूहे मरे। लेकिन जितने मरते, उनसे बड़ी तादाद में नए चूहे पैदा हो जाते।

इसी कारण वह हर समय परेशान रहता था। एक दिन उसे एक उपाय सूझा। उसने एक बिल्ली पाल ली और उसे गोदाम में छोड़ दिया। बिल्ली ने भी अपना काम शुरू कर दिया। वह चूहों को पकड़-पकड़कर खाने लगी। इससे चूहों की संख्या में तेजी से कमी आने लगी।

परेशान चूहों ने एक दिन सभा बुलाई कि इस मुसीबत से कैसे निपटें। एक चूहा बोला- समस्या यह है कि बिल्ली दबे पाँव आती है। इससे उसके आने का पता ही नहीं चलता और हमारा एक साथी मारा जाता है। दूसरा बोला- यह तो ठीक है, लेकिन यह बताओ अब करें क्या? तीसरा बोला- इसका एक ही उपाय है कि हमें बिल्ली के गले में घंटी बाँध देनी चाहिए।

इससे घंटी की आवाज सुनकर हमें पहले से ही उसके आने का पता चल जाएगा और हम सतर्क हो जाएँगे। यह उपाय सभी चूहों को पसंद आया। उन्हें लगने लगा कि अब बिल्ली उनका कुछ नहीं बिगाड़ पाएगी। जब बिल्ली को खाने के लिए चूहे ही नहीं मिलेंगे तो एक दिन खुद ही यहाँ से रफूचक्कर हो जाएगी। वे खुशी के मारे नाचने लगे।

तभी एक बूढ़े चूहे ने उन्हें रोका। वह बोला- उपाय तो बहुत अच्छा है। तुम लोगों का नाचना भी समझ में आता है। लेकिन मुझे यह तो बताओ कि बिल्ली के गले में घंटी बाँधेगा कौन? यह सुनते ही सबके चेहरों की हवाइयाँ उड़ गईं और वे एक-दूसरे का मुँह ताकने लगे।

दोस्तो, बेचारे चूहे इसके सिवाय कर भी क्या सकते थे। सबसे मुश्किल काम था बिल्ली के गले में घंटी बाँधना। और यहीं उनकी बात अटक गई। ऐसे ही बात उन लोगों की भी अटक जाती है जो बड़ी-बड़ी योजनाएँ बना कर सुखद भविष्य के सपने देखने लगते हैं। उन्हें लगता है कि बस अब योजना को शुरू करने भर की देर है, फिर तो कामयाबी उनके कदमों तले होगी।
लेकिन जल्दी ही उन्हें अपने कदमों से जमीन तब सरकती नजर आती है जब कोई उन्हें उस योजना को हकीकत के धरातल पर रखकर दिखाता है। तब उन्हें पता चलता है कि यह काम इतना भी आसान नहीं जितना वे सोच रहे थे, क्योंकि पेपर पर चीजें जितनी आसान लगती हैं, हकीकत में उतनी होती नहीं। तब उन्हें लगता है कि उन्होंने उस बात को तो नजरअंदाज कर दिया जो सबसे महत्वपूर्ण थी। यह सब होता है अनुभवहीनता की वजह से।

एक अनुभवी व्यक्ति कोई भी योजना बनाते समय उससे संबंधित सभी पहलुओं पर विचार कर लेता है। उसे पहले से ही पता होता है कि गाड़ी कहाँ अटक सकती है या क्या परेशानियाँ आ सकती हैं। इसलिए वह रिस्क फेक्टर को ध्यान में रखते हुए सभी महत्वपूर्ण लोगों से रायशुमारी कर लेता है। इससे बाद में कार्य निर्बाध रूप से आगे बढ़ता चला जाता है और उसका प्लान सफल हो जाता है।

इसलिए यदि आपके दिमाग में भी कोई योजना या आइडिया है तो पहले यह जरूर सोच लें कि कहीं वह केवल कागज पर ही तो अच्छा नहीं लगेगा। वरना बाद में आपकी योजना का हश्र भी उन चूहों की योजना की तरह हो सकता है।

दूसरी ओर, आसान काम तो सभी कर लेते हैं। मजा तो तब है जब आप बिल्ली के गले में घंटी बाँधने जैसा कोई असंभव-सा या मुश्किल काम कर दिखाएँ। ऐसा करके दिखाने वाले को ही लोग अपने गले से लगाते हैं।

घंटी से याद आया कि कुछ लोग ऐसे भी होते हैं जो गले की ऐसी घंटी बन जाते हैं जिससे आप दिन-रात परेशान होते रहते हैं। यह सही है कि उसे गले से उतारना आसान नहीं होता, क्योंकि उससे आपका कोई हित या स्वार्थ जो जुड़ा होता है। लेकिन कई बार थोड़े से फायदे के लिए ऐसी घंटी को गले लगाकर रखने से भारी नुकसान भी उठाना पड़ता है।

अब ऐसी घंटी को गले लगाने से क्या फायदा जो आपका ही गला दबाए यानी आपका जीना दूभर कर दे। यदि आपके गले में भी ऐसी कोई घंटी है अर्थात ऐसा कोई व्यक्ति है जो आपकी परेशानी का कारण बना हुआ है तो इससे पहले कि वह किसी दिन आपकी घंटी बजवा दे, आप उसे उतारकर फेंक दें, उससे पीछा छुड़ा लें।