1. खबर-संसार
  2. »
  3. करियर
  4. »
  5. गुरु-मंत्र

कीप इन टच बट बी इन हार्ट

एमएसएन
- अनुराग तागड़े

ND
अपने आपको इस स्पर्धा वाले युग में बनाए रखने के लिए व्यक्ति क्या-क्या नहीं करता! ... वह सोशल नेटवर्किंग साइट्स से लेकर एसएमएस के माध्यम से भी लोगों से संपर्क बनाए रखता है। कई बार लोग यूँ ही फोन लगा देते हैं, ताकि व्यक्ति को लगे कि आपने बिना काम के उसे फोन किया है।

संपर्क बनाने के लिए यह तरीका मोबाइल फोन आ जाने के बाद से ज्यादा ही बढ़ा है। रसूखदार लोगों से संपर्क बनाए रखने की जैसे होड़ ही मच जाती है। लोग वार-त्योहार से लेकर जन्मदिन पर ऐसे लोगों को अपनी शुभकामनाएँ देना नहीं भूलते। इसके बाद भी उनसे टच में रहने के तमाम तरह के हथकंडे अपनाते हैं।

दरअसल टच में रहने का यह तरीका कितना कारगर है यह बताया नहीं जा सकता, परंतु निश्चित रूप से इस प्रकार के संबंधों में आत्मीयता बिल्कुल नहीं रहती! प्रोफेशनल रिश्तों और पर्सनल रिश्तों में काफी फर्क होता है। पर होता है कि कुछ समय बाद व्यक्ति दोनों को एक ही मानने लगे, तब समस्या आती है।

अकसर प्रोफेशनल रिश्तों की तरह हम अपने रिश्तेदारों से भी बातचीत करने लगते हैं, तब इनमें निहित गर्माहट कहीं खो जाती है। किसी भी संबंधों को जब तक आप प्रोफेशनल लेवल से थोड़ा ओर ऊपर नहीं ले जाते, तब तक उसमें आत्मीयता नहीं आ पाती! जहाँ आत्मीयता नहीं है, ऐसे रिश्ते ज्यादा दिन तक टिक भी नहीं पाते।

ND
किसी भी रिश्ते की प्रगाढ़ता को आत्मीयता में बदलने के लिए सबसे महत्वपूर्ण होता है, समय और विश्वास! कहा जाता है कि ताली दोनों हाथों से बजती है, ठीक उसी तरह संबंधों में भी यही होता है। दोनों तरफ से पहल और दोनों तरफ से लगातार सूचनाओं के आदान-प्रदान के अलावा भी बातचीत होती रहनी चाहिए।

पर, एक समस्या यह भी है कि कई लोग जबर्रदस्ती भी पर्सनल संबंध बनाने का प्रयत्न करते हैं, ऐसी स्थिति में साफ मना करना सबसे बेहतर विकल्प होता है।

संबंधों के महत्व का आपको पता तब चलता है कि जब किसी काम में आपको ऐसे व्यक्ति की जरूरत आन पड़ती है, जिससे आप कभी बातचीत भी नहीं करते! आपने कभी उस व्यक्ति से खुद पहल करके बातचीत करने का प्रयत्न भी नहीं किया हो! ऐसे में व्यक्ति आपका काम तो कर देता है, पर बाद में पीठ पीछे यह बोलने से भी नहीं चूकता कि ... देखा काम पड़ा तभी आए हैं! नहीं तो देखते भी नहीं है।

दोस्तो, जिंदगी में आगे बढ़ने के लिए संबंधों की महत्ता को समझें और केवल टच में रहने की बात छोड़कर संबंधों में प्रगाढ़ता और आत्मीयता लाएँ, फिर देखे कि यह संबंध ही आपके लिए क्या कमाल दिखाते हैं। केवल फेसबुक या ई-मेल के जरिए टच में रहना या वार-त्योहार एसएमएस कर देना, सही नहीं है।

बल्कि, आप ऐसे व्यक्तियों से भी जरूर बातचीत करें और उनके बारे में जरूर पूछे जिनसे आपका कोई भी काम नहीं हो। ऐसे में धीरे-धीरे ही सही पर आपके संबंधों में आत्मीयता जरूर आएगी और लंबे समय में आपको ऐसे संबंधों की ज्यादा जरूरत होती है जिनसे आप मार्गदर्शन से लेकर सहायता भी ले सकें।