काबिलियत से मिलेगी कामयाबी
ND
अपनी पढ़ाई की राह को उन्होंने न सिर्फ काबिलियत की मंजिल की ओर मोड़ दिया है, बल्कि अपने मन का कॅरियर चुनने का भी मन बना लिया है।
11 वीं कक्षा में पढ़ने वाला शुभम अपने दोस्तों के अच्छे नंबर देख घबराता नहीं। 10 वीं में भी उसे बस फर्स्ट डिवीजन के नंबर ही मिले। लेकिन उसका कहना है कि मुझे नंबर से क्या करना है, मैं तो एनिमेशन और ग्राफिक डिजाइनिंग फील्ड में जाना चाहता हूँ।
इसलिए 12वीं की पढ़ाई खत्म कर मैं किसी अच्छे ग्राफिक डिजाइनिंग संस्थान से जुड़कर अपने सपने और शौक को पूरा करूँगा।
डॉक्टर, इंजीनियर या मैनेजर बनना मेरे बस का नहीं। मैं तो क्रिएटिव फील्ड का बंदा हूं। शुभम ने जवाहर बाल भवन की ओर राष्ट्रीय स्तर पर चित्रकला में खुद को स्थापित करते हुए कई पुरस्कार भी जीते हैं।
पटेल कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग के छात्र सचिन जैन बताते हैं कि मुझे हमेशा से गिटार बजाना पसंद था। मैं स्टेज पर रॉक स्टार की तरह परफॉर्म करने के सपने देखा करता था। लेकिन पापा को खुश रखने के लिए मैंने इंजीनियरिंग ज्वाइन कर लिया। अब मुझे लग रहा है कि एक बेकार इंजीनियर बनने से अच्छा है कि मैं गिटारिस्ट बनूँ।
इसलिए मैंने पापा को मनाने का मन बना लिया है। ऐसे संस्थान की तलाश करूँगा जो मेरी प्रतिभा को और निखार सके। मैं जानता हूँ कि मैं सफल जरूर होऊँगा। कुछ ऐसी ही कहानी बीएससी की स्टूडेंट रुचि मैनी की भी है।
रुचि को बचपन से ही डांस में बहुत रुचि थी। मां ने कथक का प्रशिक्षण तो दिलवाया, लेकिन नृत्य को प्रोफेशन बनाने की इजाजत नहीं दे रही, क्योंकि उन्हें लगता है कि इस क्षेत्र में बहुत मेहनत के बाद भी कुछ खास शोहरत नहीं। लेकिन रुचि भी अपने पहले प्यार यानी नृत्य को इतनी आसानी से छोड़ने वाली नहीं उसने भी तय कर लिया है कि बीएससी खत्म होते ही वो विश्वभारती शांतिनिकेतन से कथक में आगे की दीक्षा लेगी।
इस तरह के केसेस पर बात करते हुए कॅरियर काउंसलर प्रिया मोदी बताती हैं कि अभिभावक अक्सर सोचते हैं कि रोजगार के लिए इस क्षेत्र में शोहरत नहीं, तो उस क्षेत्र में पैसा नहीं। लेकिन वो ये भूल जाते हैं कि विद्यार्थी का मन जिस क्षेत्र में होगा उसी में बेहतर करके वह शोहरत और पैसा दोनों अर्जित कर सकता है।
अनुषा सिंह की माँ मनीषा का कहना है, अनुषा शुरू से ही एयर होस्टेस बनना चाहती थी, लेकिन मैंने हमेशा से डिसकरेज किया क्योंकि, मैं उसे इंजीनियर या डॉक्टर बनाना चाहती थी। लेकिन उसकी स्मार्टनेस, एटीट्यूड, कम्युनिकेटिव स्किल्स और कॉन्फिडेंस आदि से प्रभावित होकर एयर इंडिया ने एक ही बार में उसे सिलेक्ट कर लिया।
जहाँ एक ओर अनुषा के दोस्त अभी पढ़ाई ही कर रहे थे, वहीं अनुषा को इतने अच्छे पैकेज वाली नौकरी का मिल जाना, मेरे लिए भी गर्व की बात बन गई। अब मैं समझ गई हूँ कि अपने प्रतिभा के अनुसार ही प्रोफेशन का चयन करना चाहिए और अभिभावकों को भी इस बात को समझना चाहिए।

