डिबेंचर मार्केट को बढ़ावा देने की जरूरत
सुनिए वित्तमंत्रीजी-2
FILE
इक्विटी (शेयर) और डेरिवेटिव्स (वायदा) सौदों में मंदी के दौरान पूँजी गँवा चुके निवेशकों के लिए सबक है कि वे अपने निवेश को डाइवर्सिफाइड करें। ऐसे में निवेश के भरोसेमंद विकल्प डेब्ट या डिबेंचर मार्केट को बढ़ावा देने की जरूरत है। इसमें यह निश्चित है कि निवेशकों के 100 रुपए का शून्य नहीं होगा और एक निश्चित गारंटीशुदा रिटर्न जरूर मिलेगा।
करीब 2 दशक से मृतप्राय डिबेंचर मार्केट का महत्व समझते हुए वित्त मंत्री प्रणब मुखर्जी ने पिछले बजट में निवेश के इस भरोसेमंद क्षेत्र में पुनः प्राण का संचार करने के लिए 'डेब्ट मैनेजमेंट बोर्ड' के गठन की घोषणा की थी, किंतु अभी तक इसके गठन की कोई सार्थक पहल नहीं हुई है। शेयर और कमोडिटी क्षेत्र के विशेषज्ञों और निवेश सलाहकारों का जोर देकर कहना है कि स्थिर माहौल में निवेशकों की पूँजी को सुरक्षित रखने के डिबेंचर एक सुरक्षित और निश्चित रिटर्न देने वाला निवेश का साधन है।
कंपनियाँ आईपीओ लाने से कर रही हैं परहेज
*आर्थिक मंदी के दौरे में अच्छी कंपनियाँ आईपीओ लाने से परहेज कर अपने विकास को रोके रखती हैं। वहीं निवेशक भी अच्छे आईपीओ आने की राह देखते हैं या डेरिवेटिव्स (वायदा कारोबार) में जोखिम उठाते हैं।
*कंपनियाँ कभी भी डिबेंचर लाकर पूँजी की जरूरत पूरी कर सकती हैं और निवेशक भी अच्छे डिबेंचर में निवेश कर गारंटीशुदा रिटर्न सुनिश्चित कर सकते हैं।
*अधिकांश कंपनियाँ आईपीओ की राशि से प्रोजेक्ट तैयार करती हैं, जिसमें ३ साल तक लग जाते हैं, इस दौरान डिविडेंट नहीं मिलता है, जो निवेशकों के लिए नुकसानदेह है।
*किंतु डिबेंचर में इश्यू लाने के साथ ही ब्याज मिलना निश्चित हो जाता है।
*डिबेंचर भी स्टॉक एक्सचेंज में लिस्ट होते हैं और वहाँ इनकी ऑनलाइन खरीद-बिक्री होती है।
*अतः डिबेंचर को बेचने के लिए खरीदार खोजने की चिंता भी नहीं।
*एफडी के अलावा सुनिश्चित ब्याज वाला एक और निवेश साधन।
निवेशकों में प्रायः भेड़चाल जैसी सोच देखने में आती है। इसी कारण वे मंदी में पूँजी गँवा बैठते हैं। कंपनियों और निवेशकों के लिए मंदी का यही सबक है कि वे डिबेंचर मार्केट को अपना सुरक्षित लक्ष्य बनाएँ। निश्चित रिटर्न वाले इसे निवेश को बढ़ावा देने के लिए सरकार को भी आगे आना चाहिए।-राजेंद्र गोयल, अर्थशास्त्री

