चक्रवाती तूफान 'अक्वान' का असर: बंगाल के कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
चक्रवाती तूफान 'अक्वान' (Akwan) का प्रभाव पश्चिम बंगाल में दिखाई देने लगा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने आगामी दो दिनों तक राज्य के कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। बीती रात कोलकाता समेत दक्षिण बंगाल के विभिन्न हिस्सों में बारिश दर्ज की गई, जबकि तेज हवाएं चलने के भी आसार हैं। ALSO READ: कहां है चक्रवात अकवान, क्या है इसकी रफ्तार, आंध्र तट से कब टकराएगा?
कहां है तूफान और कब टकराएगा?
मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार सुबह यह प्रणाली पूर्वी-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर सक्रिय थी। इसके शुक्रवार दोपहर के आसपास दक्षिण ओडिशा के गोपालपुर के निकट तट से टकराने का अनुमान जताया गया है।
दक्षिण बंगाल में मौसम का मिजाज और चेतावनी
IMD का कहना है कि शनिवार तक कोलकाता सहित दक्षिण बंगाल के कई जिलों में गरज-चमक के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इस दौरान बंगाल की खाड़ी में समुद्र की स्थिति प्रतिकूल रहने और ऊंची लहरें उठने की संभावना है, जिसके मद्देनजर मछुआरों को शनिवार तक समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है।
कोलकाता में बारिश से थमी रफ्तार
गुरुवार सुबह कोलकाता में हल्की बारिश के रूप में शुरू हुआ सिलसिला दिन चढ़ने के साथ तेज हो गया। दफ्तर और कामकाज के लिए निकलने के समय बारिश होने से यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। शहर के कई हिस्सों के साथ-साथ साल्ट लेक और न्यू टाउन इलाकों में जलभराव व वाहनों के दबाव के चलते जाम की स्थिति बनी।

