जब पत्नी गौरी संग किराए के घर में रहते थे शाहरुख खान, चंकी पांडे के घर करते थे यह काम
आज जब हम शाहरुख खान का नाम सुनते हैं, तो दिमाग में 'मन्नत' की बालकनी, दुनिया भर में लाखों फैंस का हुजूम और एक ऐसा रुतबा आता है जिसे हासिल करना किसी सपने से कम नहीं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि जिस 'किंग खान' के पास आज अरबों की संपत्ति है, उनके शुरुआती दिन मुंबई की तंग गलियों और किराए के घरों में बीते थे?
एक इंटरव्यू के दौरान चंकी पांडे ने शाहरुख खान के उन्हीं संघर्ष भरे दिनों की यादें साझा किया था। चंकी पांडे ने बताया था कि जब शाहरुख खान दिल्ली से अपने बड़े सपने लेकर मुंबई आए थे, तब उनकी सबसे पहली और गहरी दोस्ती चंकी के भाई चिक्की पांडे से हुई थी।
चंकी के मुताबिक, मेरा भाई चिक्की, शाहरुख का मुंबई में पहला दोस्त था। वे आज भी उतने ही अच्छे दोस्त हैं। यह वह दौर था जब शाहरुख के पास न तो बड़ा नाम थे और न ही कोई गॉडफादर, लेकिन उनके पास एक अटूट हौसला और चिक्की पांडे जैसे सच्चे दोस्तों का साथ था।
इंटरव्यू में चंकी पांडे ने भावुक होते हुए याद किया था कि कैसे शाहरुख और गौरी खान उस समय मुंबई में एक अदद घर के लिए संघर्ष कर रहे थे। चंकी ने कहा था, शाहरुख और गौरी उस वक्त किराए के मकान में रहते थे। वे अक्सर मेरे भाई से मिलने घर आते थे और हम सब घंटों साथ बैठकर वीडियो कैसेट पर फिल्में देखते थे।
एक दिलचस्प बात जो चंकी पांडे ने कही, वह शाहरुख के आत्मविश्वास को लेकर थी। चंकी ने बताया कि उन्होंने तभी भांप लिया था कि यह लड़का इतिहास रचने वाला है। उन्होंने कहा था, मुझे पूरा यकीन था कि शाहरुख एक दिन बहुत बड़ा सुपरस्टार बनेगा। सुपरस्टार बनने से पहले भी उनमें वो टैलेंट और वो आग साफ दिखाई देती थी। उन्हें हमेशा से पता था कि उन्हें कहां पहुंचना है और आज उन्हें इस मुकाम पर देखकर मुझे बहुत गर्व होता है।
चंकी ने यह भी साफ किया कि इतनी शोहरत पाने के बाद भी शाहरुख आज भी वही पुराने दोस्त हैं, उनके व्यवहार में कोई बदलाव नहीं आया है। शाहरुख और चंकी पांडे की यह दोस्ती सिर्फ उन दोनों तक सीमित नहीं रही, बल्कि अब उनकी अगली पीढ़ी भी इसे बखूबी निभा रही है। शाहरुख की बेटी सुहाना खान और चंकी की बेटी अनन्या पांडे बचपन की सहेलियां हैं।
लेखक के बारे में
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम बॉलीवुड, टेलीविजन और डिजिटल मीडिया की ताजातरीन खबरों पर नज़र रखती है। यह टीम सिनेमा से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी को अपने पाठकों तक पहुंचाती है, चाहे वो फिल्मों की समीक्षा, सेलिब्रिटी इंटरव्यू, विश्लेषण, फोटो फीचर हो या फिर ट्रेंडिंग इवेंट्स। टीम का उद्देश्य पाठकों को मनोरंजन....
और पढ़ें