क्या जन्मदिन का जश्न मना रहे संजय लीला भंसाली को आया हार्ट अटैक? फिल्ममेकर की टीम ने बताई सच्चाई
बॉलीवुड के दिग्गज फिल्ममेकर संजय लीला भंसाली को लेकर शॉकिंग खबर सामने आई। बताया जा रहा था कि उन्हें अपने 63वें जन्मदिन की पार्टी के दौरान हार्ट अटैक आ गया। संजय लीला भंसाली को मुंबई के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
हालांकि अब भंसाली की टीम की तरफ से इन खबरों की सच्चाई सामने आ गई है। उनकी टीम ने इन खबरों को गलत बताया है। टीम की तरफ से कहा गया, संजय लीला भंसाली के अस्पताल में भर्ती होने की खबरें पूरी तरह से झूठी और बेबुनियाद हैं। इनमें कोई सच्चाई नहीं है। हम आपसे रिक्वेस्ट करते हैं कि ऐसी कोई भी खबर न चलाएं, क्योंकि उनका कोई वेरिफाइड सोर्स नहीं है। समझने के लिए धन्यवाद।
इंटरनेट पर खबरें वायरल हो रही थी कि संजय लीला भंसाली मंगलवार को अपना 63 बर्थडे सेलिब्रेट कर रहे थे। वहां खुशी का माहौल देखते ही देखते अफरातफरी में तब्दील हो गया और उन्हें कोकिलाबेन हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां वो डॉक्टर्स की निगरानी में हैं।
बता दें कि संजय लीला भंसाली का जन्म 24 फरवरी 1963 को मुंबई में हुआ था। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत असिस्टेंट डायरेक्टर के तौर पर की और बाद में बतौर निर्देशक अपनी अलग पहचान बनाई। 1996 में आई फिल्म 'खामोशी: द म्यूजिकल' से उन्होंने निर्देशन की दुनिया में कदम रखा। इसके बाद उन्होंने एक के बाद एक भव्य और भावनात्मक फिल्मों का निर्माण किया।
सिनेमाई गलियारों में उनके आने वाले प्रोजेक्ट्स, जैसे 'लव एंड वॉर', को लेकर काफी चर्चा है। इस फिल्म में रणबीर कपूर, आलिया भट्ट और विक्की कौशल साथ में नजर आने वाले हैं।