दीपिका कक्कड़ की हुई एक और सर्जरी, पति शोएब इब्राहिम ने बताया कैसी है अब हालत
टीवी एक्ट्रेस दीपिका कक्कड़ इन दिनों अपनी जिंदगी के सबसे कठिन दौर से गुजर रही हैं। पिछले कुछ समय से स्टेज 2 लिवर कैंसर का इलाज करा रहीं दीपिका के पेट में एक नया सिस्ट पाया गया था। बीते दिन इस सिस्ट को निकालने के लिए एक छोटा लेकिन महत्वपूर्ण मेडिकल प्रोसीजर किया गया।
दीपिका कक्कड़ के पति शोएब इब्राहिम ने एक्ट्रेस की हेल्थ को लेकर जानकारी दी है। शोएब ने बताया कि दीपिका का RFA प्रोसीजर किया गया। यह प्रक्रिया लगभग 2 घंटे तक चली, जिसके माध्यम से दीपिका के पेट में मौजूद 1.3 सेमी के सिस्ट को 'बर्न' कर दिया गया।
शोएब ने भावुक होते हुए कहा, अल्लाह के करम से और आप सबकी दुआओं से दीपिका का प्रोसीजर हो गया है। सब कुछ अच्छे से हुआ, लेकिन इस बार उन्हें दर्द थोड़ा ज्यादा है। डॉक्टर्स उन्हें पेनकिलर्स दे रहे हैं और वह अभी ऑब्जर्वेशन में हैं।
कैंसर के लक्षणों जैसा था दर्द
दीपिका को यह समस्या तब महसूस हुई जब 20 फरवरी की रात उन्हें पेट में तेज दर्द के साथ कंधे में भी खिंचाव महसूस हुआ। यह लक्षण बिल्कुल वैसे ही थे जैसे उन्हें लिवर कैंसर की शुरुआत में महसूस हुए थे। आनन-फानन में कराए गए CT स्कैन में इस नए सिस्ट का पता चला। हालांकि, राहत की बात यह रही कि समय पर जांच होने के कारण इसे शुरुआती स्टेज में ही पकड़ लिया गया।
अस्पताल में मनाई शादी की 8वीं सालगिरह
बीमारी के इस साये के बीच भी इस जोड़े ने अपनी हिम्मत नहीं हारी। दीपिका और शोएब ने अपनी शादी की 8वीं सालगिरह 22 फरवरी को घर पर ही सादगी से मनाई। परिवार के साथ दुआ करने के बाद वे अस्पताल के लिए रवाना हुए। शोएब ने बताया कि दीपिका अगले 2-3 दिनों तक अस्पताल में ही रहेंगी और स्थिति स्थिर होने पर उन्हें डिस्चार्ज कर दिया जाएगा।