1. मनोरंजन
  2. बॉलीवुड
  3. बॉलीवुड न्यूज़
  4. r madhavan breaks silence on neet paper leak supports students demands strict action

ट्रोलिंग के बाद आर माधवन ने तोड़ी चुप्पी, छात्रों के समर्थन में बोले- 'दोषियों पर हो सख्त कार्रवाई'

R Madhavan
देश भर में मेडिकल प्रवेश परीक्षा (NEET) में हुई कथित धांधली और पेपर लीक को लेकर बवाल थमने का नाम नहीं ले रहा है। छात्र सड़कों पर उतरकर न्याय की मांग कर रहे हैं। बीते दिनों दिल्ली में छात्रों संग हुई मारपीट के बाद कई सेलेब्स उनके सपोर्ट में आगे आए हैं। 
 
वहीं फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (FTII) के अध्यक्ष और मशहूर अभिनेता आर. माधवन इस मामले पर अपनी चुप्पी के कारण ट्रोलर्स के निशाने पर आ गए। दरअसल, FTII के स्टूडेंट्स को उनकी चुप्पी खल रही थीं। अब आर माधवन ने इस पूरे मामले पर अपनी प्रतिक्रिया दी है।
FTII परिसर में लगे थे 'गायब' के पोस्टर
NEET पेपर लीक मामले और दिल्ली में चल रहे छात्र आंदोलनों पर आर. माधवन के मौन रहने से FTII के छात्र बेहद नाराज थे। विरोध स्वरूप छात्रों ने पुणे स्थित FTII परिसर में माधवन के केबिन के दरवाजे पर एक मीम चिपका दिया था, जिस पर 'गायब' लिखा हुआ था। इसके साथ ही दरवाजे पर 'NEET For Sale' का पोस्टर भी लगाया गया था।
 
आर माधवन ने सोशल मीडिया के जरिए प्रदर्शनकारी छात्रों के प्रति अपनी एकजुटता व्यक्त की है। उन्होंने एक भावुक स्टोरी शेयर करते हुए लिखा, भारत के युवाओं की असीम क्षमता में विश्वास रखने वाले व्यक्ति के रूप में, मैं आज अनगिनत छात्रों और अभिभावकों की चिंता और निराशा को भली-भांति समझता हूं। हमारी शिक्षा प्रणाली ऐसी होनी चाहिए जो विश्वास, निष्पक्षता और नए अवसरों को बढ़ावा दे।
 
उन्होंने आगे कहा कि पेपर लीक जैसी घटनाएं छात्रों की कड़ी मेहनत, उम्मीदों और सपनों पर गहरा आघात करती हैं। खासकर भारत जैसे देश में, जहां शिक्षा जीवन की दिशा तय करने में मुख्य भूमिका निभाती है, वहां ऐसी कमियां बेहद दुखद हैं।
 
माधवन ने सरकार से इस मामले में शामिल अपराधियों के खिलाफ त्वरित और सख्त कदम उठाने की अपील की। उन्होंने लिखा, मैं सरकार से आग्रह करता हूं कि इस मामले में दोषी पाए जाने वाले हर व्यक्ति को जल्द से जल्द और सख्त सजा दी जाए। यह कार्रवाई इतनी कड़ा संदेश देने वाली होनी चाहिए कि भविष्य में कोई भी हमारे युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने की हिम्मत न कर सके।
उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रशासन अतीत की गलतियों से सबक लेते हुए परीक्षा प्रणाली को मजबूत करेगा ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न दोहराई जाएं। इसके साथ ही, उन्होंने शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों को आगाह करते हुए कहा कि वे अपने आंदोलन के प्रति सतर्क रहें। माधवन ने अंदेशा जताया कि कुछ असामाजिक या स्वार्थी तत्व छात्रों के इस पवित्र आंदोलन को अपने फायदे के लिए भटकाने या हाईजैक करने की कोशिश कर सकते हैं।
 
प्रदर्शनकारियों पर हुआ था लाठीचार्ज
गौरतलब है कि NEET धांधली के विरोध में दिल्ली में माहौल काफी गरमाया हुआ है। सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक भी परीक्षा में अनियमितताओं को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग के साथ भूख हड़ताल पर बैठे थे। हाल ही में जब छात्रों और विभिन्न संगठनों ने जंतर-मंतर से संसद भवन की ओर 'चलो संसद' मार्च निकालने की कोशिश की, तो पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हिंसक झड़प हो गई। भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े और लाठीचार्ज करना पड़ा था। 
लेखक के बारे में
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम बॉलीवुड, टेलीविजन और डिजिटल मीडिया की ताजातरीन खबरों पर नज़र रखती है। यह टीम सिनेमा से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी को अपने पाठकों तक पहुंचाती है, चाहे वो फिल्मों की समीक्षा, सेलिब्रिटी इंटरव्यू, विश्लेषण, फोटो फीचर हो या फिर ट्रेंडिंग इवेंट्स। टीम का उद्देश्य पाठकों को मनोरंजन.... और पढ़ें
अगला लेख
'अभी हो गया, बस...', NEET आंदोलन पर सवालों से बचते दिखे सोनू निगम, यूजर्स ने लगाई क्लास