'अपराजितो' फेम बंगाली निर्देशक अनिक दत्ता का निधन, छत से गिरकर गई जान
बंगाली सिनेमा जगत से एक दुखद खबर सामने आई है। राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता और प्रख्यात फिल्म निर्देशक अनिक दत्ता का रहस्यमयी हालात में निधन हो गया है। खबरों के अनुसार अनिक दत्ता दक्षिण कोलकाता के हिंदुस्तान पार्क स्थित अपने बहुमंजिला निवास की छत से नीचे गिर गए थे।
अनिक को बेहद नाजुक हालत में ढाकुरिया के पास स्थित एक निजी अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम और होमिसाइड विभाग ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
यह हादसा किस वजह से हुआ और वे चौथी मंजिल की छत से कैसे गिरे, पुलिस इन सभी पहलुओं की बारीकी से जांच कर रही है। फिलहाल इस मामले पर निर्देशक के परिवार की तरफ से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
अनिक दत्ता के इस तरह अचानक चले जाने से पूरी बंगाली फिल्म इंडस्ट्री गहरे सदमे में है। जैसे ही उनके निधन की खबर फैली, मनोरंजन जगत के तमाम कलाकार और प्रशंसक अस्पताल और उनके निवास के बाहर जुटने लगे। अभिनेत्री श्रीलेखा मित्रा, रुद्रनील घोष, अरिंदम सिल, जीतु कमाल और फिल्म निर्माता श्रीजीत मुखर्जी सहित कई दिग्गज हस्तियां अपने चहेते निर्देशक को अंतिम श्रद्धांजलि देने अस्पताल परिसर पहुंचे।
अनिक दत्ता को आधुनिक बंगाली सिनेमा में एक बेहद कल्ट और क्रांतिकारी निर्देशक के रूप में जाना जाता है। उन्होंने साल 2012 में आई अपनी हॉरर-कॉमेडी फिल्म 'भूतेर भविष्यत' से फिल्म निर्देशन की दुनिया में कदम रखा था। महज 60 लाख के बजट में बनी इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर सफलता के नए कीर्तिमान स्थापित किए थे।
'अपराजितो' को मिले थे दो नेशनल अवॉर्ड
अनिक दत्ता की रचनात्मकता का एक और बेहतरीन नमूना साल 2022 में आई फिल्म 'अपराजितो' में देखने को मिला। यह फिल्म महान निर्देशक सत्यजीत रे द्वारा बनाई गई विश्व प्रसिद्ध फिल्म 'पाथेर पांचाली' के निर्माण के संघर्षों पर आधारित एक बायोग्राफिकल ड्रामा थी। इस फिल्म को साल 2024 में दो राष्ट्रीय पुरस्कारों से नवाजा गया था, जिसमें सोमनाथ कुंडू को बेस्ट मेकअप और आनंद आद्या को बेस्ट प्रोडक्शन डिजाइन का अवॉर्ड मिला था।
अनिक दत्ता ने हमेशा अपनी फिल्मों के माध्यम से मध्यमवर्गीय बंगाली समाज, संस्कृति और सिनेमा के प्रति अपने गहरे जुड़ाव को दिखाया। उन्होंने आश्चर्य प्रदीप, मेघनाद बध रहस्य, बोरुनबाबू र बंधु जैसी कई बेहतरीन फिल्मों की कहानियां लिखीं और उनका निर्देशन किया। दुर्गा पूजा 2025 के दौरान रिलीज हुई उनकी डिटेक्टिव मिस्ट्री थ्रिलर फिल्म 'जोटो कांडो कोलकातातेई' बतौर निर्देशक उनकी आखिरी रिलीज साबित हुई।
लेखक के बारे में
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम बॉलीवुड, टेलीविजन और डिजिटल मीडिया की ताजातरीन खबरों पर नज़र रखती है। यह टीम सिनेमा से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी को अपने पाठकों तक पहुंचाती है, चाहे वो फिल्मों की समीक्षा, सेलिब्रिटी इंटरव्यू, विश्लेषण, फोटो फीचर हो या फिर ट्रेंडिंग इवेंट्स। टीम का उद्देश्य पाठकों को मनोरंजन....
और पढ़ें