'बॉर्डर 2' को प्रमोट न करने पर दिलजीत दोसांझ पर भड़के मीका सिंह, बोले- बॉलीवुड से दिक्कत है तो फिल्में क्यों करते हो?
ग्लोबल लेवल पर भारत का नाम रोशन कर रहे पंजाबी गायक और अभिनेता दिलजीत दोसांझ अपनी फिल्मों और कॉन्सर्ट्स को लेकर सुर्खियों में बने रहते हैं। दुनिया भर में उनके गानों की गूंज है और उनके कॉन्सर्ट हाउसफुल रहते हैं। बॉलीवुड से लेकर हॉलीवुड तक अपनी खास पहचान बना चुके दिलजीत को लेकर हाल ही में मशहूर सिंगर मीका सिंह ने एक बड़ा बयान दिया है।
मीका सिंह ने दिलजीत के अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नाम कमाने की तारीफ तो की, लेकिन साथ ही उन पर बॉलीवुड फिल्मों को प्रमोट न करने का गंभीर आरोप भी लगाया है। टाइम्स नाउ को दिए अपने एक इंटरव्यू में मीका सिंह ने दिलजीत दोसांझ की सफलता पर खुलकर बात की।
मीका ने साफ किया कि उनके दिल में दिलजीत की कामयाबी को लेकर कोई जलन नहीं है, बल्कि उन्हें उन पर बेहद गर्व है। मीका के मुताबिक, उनके बड़े भाई दलेर मेहंदी के बाद अगर किसी पंजाबी कलाकार ने पगड़ी पहनकर वैश्विक मंच पर भारत और पंजाबी संस्कृति को इतनी बड़ी पहचान दिलाई है, तो वह दिलजीत दोसांझ ही हैं। हालांकि, इस तारीफ के बाद मीका ने फिल्म प्रमोशन के मुद्दे पर अपनी नाराजगी भी साफ जाहिर कर दी।
'बॉर्डर 2' और सनी देओल को नहीं किया धन्यवाद!
बॉलीवुड की बहुचर्चित फिल्म 'बॉर्डर 2' का जिक्र करते हुए मीका सिंह ने कहा कि जब यह बड़ी देशभक्ति फिल्म रिलीज हुई, तब दिलजीत ने इसका एक प्रतिशत भी प्रमोशन नहीं किया। मीका ने कहा, शायद मैं गलत भी हो सकता हूं, लेकिन मैंने दिलजीत को कभी यह कहते नहीं सुना कि उनकी सनी देओल के साथ कोई बड़ी फिल्म आ रही है। उन्होंने सनी पाजी का धन्यवाद तक नहीं किया। हिंदुस्तान के बारे में बनी इतनी बड़ी फिल्म को लेकर उनके सोशल मीडिया पर कोई खास हलचल देखने को नहीं मिली।
मीका ने आगे कहा कि जब कोई कलाकार बॉलीवुड में काम करता है, तो उसे बॉलीवुड के प्रोजेक्ट्स को भी खुलकर प्रमोट करना चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया, "यदि आप कहते हैं कि आपको बॉलीवुड की जरूरत नहीं है, तो फिर आप बॉलीवुड में काम ही क्यों करते हैं? मैं यह बात एक बड़े भाई के नाते कह रहा हूं।"
'सरदारजी 3' और पाकिस्तानी कनेक्शन पर उठाया सवाल
मीका सिंह का यह भी कहना था कि जहां दिलजीत ने बॉलीवुड की देशभक्ति फिल्मों को प्रमोट करने में उदासीनता दिखाई, वहीं अपनी पंजाबी फिल्म 'सरदारजी 3' के लिए उन्होंने जमकर सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर किए। मीका ने चुटकी लेते हुए कहा कि इस फिल्म में पाकिस्तानी अभिनेत्री हानिया आमिर थीं, जिसे लेकर हर जगह प्रमोशन हुआ, लेकिन फिल्म की मुख्य अभिनेत्री नीरू बाजवा का उस तरह से जिक्र तक नहीं किया गया। मीका के अनुसार, दिलजीत को अपनी हर फिल्म को एक समान महत्व देना चाहिए और उसे प्रमोट करना चाहिए।
पुराने रिश्तों और समर्थन का दिया हवाला
इंटरव्यू के अंत में मीका सिंह ने दिलजीत के साथ अपने पुराने रिश्तों को याद करते हुए कहा कि उन्होंने हमेशा दिलजीत का साथ दिया है। फिर चाहे उनके करियर के शुरुआती दिनों में गानों की रिकॉर्डिंग के लिए सुविधाएं मुहैया कराना हो या फिर अतीत में हुए राजनीतिक और खालिस्तानी विवादों के दौरान स्टैंड लेना हो। उनकी बातें किसी व्यक्तिगत दुश्मनी का नतीजा नहीं हैं, बल्कि यह एक वरिष्ठ कलाकार की अपने साथी कलाकार को एक दोस्ताना सलाह है।
क्या वाकई दिलजीत ने 'बॉर्डर 2' को नहीं किया प्रमोट?
मीका सिंह के इन तीखे दावों के बाद जब सोशल मीडिया का विश्लेषण किया गया, तो तस्वीर थोड़ी अलग नजर आती है। असल में दिलजीत दोसांझ ने 'बॉर्डर 2' से जुड़ा प्रमोशनल कंटेंट अपने सोशल मीडिया हैंडल्स पर शेयर किया था। उन्होंने फिल्म से अपना फर्स्ट लुक, ऑफिशियल पोस्टर, टीजर और बिहाइंड द सीन्स के वीडियो भी फैंस के साथ साझा किए थे।
हालांकि, दिलजीत फिल्म के ऑन-ग्राउंड आयोजित होने वाले मीडिया प्रमोशंस और प्रेस कॉन्फ्रेंस से काफी हद तक दूर रहे। इसके पीछे की वजह उनके अंतरराष्ट्रीय म्यूजिक टूर्स, व्यस्त शूटिंग शेड्यूल और पाकिस्तानी कलाकार के साथ फिल्म 'सरदारजी 3' को लेकर चल रहे विवादों को माना गया।

