कन्नड़ अभिनेता दिलीप राज का निधन, 48 की उम्र में हार्ट अटैक से गई जान
साउथ फिल्म इंडस्ट्री से एक दुखद खबर सामने आई है। मशहूर कन्नड़ अभिनेता दिलीप राज का निधन हो गया है। बेंगलुरु स्थित आवास पर बुधवार तड़के दिलीप को हार्ट अटैक आया था। परिवार वाले उन्हें तुरंत कुमारस्वामी लेआउट स्थित अपोलो अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों के तमाम प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका।
खबरों के अनुसार दिलीप राज को सुबह के समय बेचैनी महसूस हुई, जो देखते ही देखते गंभीर कार्डियक अरेस्ट में बदल गई। अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी स्थिति नाजुक हो चुकी थी। 48 वर्षीय अभिनेता के निधन की खबर मिलते ही अस्पताल के बाहर उनके सहकर्मियों और प्रशंसकों की भीड़ जुटना शुरू हो गई। उनके परिवार में उनकी पत्नी श्रीप्रिया और दो बेटियां हैं।
थिएटर से 'सैंडलवुड' तक का सफर
दिलीप राज का जन्म 2 सितंबर 1978 को हुआ था। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत थिएटर से की थी। वह 'नतरंग' और 'दृष्टि' जैसे प्रतिष्ठित थिएटर समूहों से जुड़े रहे, जहां उन्होंने अभिनय की बारीकियां सीखीं। उनकी प्रतिभा को देखते हुए उन्हें जल्द ही टेलीविजन पर मौका मिला।
दिलीप ने 'जननी', 'अर्ध सत्य', 'रंगोली', और 'कुमकुम भाग्य' जैसे धारावाहिकों से घर-घर में अपनी पहचान बनाई। हाल के वर्षों में ज़ी कन्नड़ के शो 'हिटलर कल्याण' ने उन्हें अपार लोकप्रियता दिलाई, जिसमें उन्होंने न केवल अभिनय किया बल्कि अपने प्रोडक्शन हाउस 'डीआर क्रिएशन्स' के तहत इसे प्रोड्यूस भी किया।
टेलीविजन के साथ-साथ दिलीप राज ने फिल्मों में भी अपनी अमिट छाप छोड़ी। साल 2007 में आई फिल्म 'मिलन' में दिवंगत पावर स्टार पुनीत राजकुमार के खिलाफ उनकी नकारात्मक भूमिका ने उन्हें रातों-रात स्टार बना दिया था। उन्होंने बॉयफ्रेंड, यू टर्न, टॉनी, ऑर्केस्ट्रा मैसूरु और हाल ही में रिलीज हुई लव मॉकटेल 3 जैसी फिल्मों में काम किया।
उनकी आखिरी फिल्म 'निम्मा वस्तुगलिगे नीवे जवाबदारारू' इसी साल रिलीज हुई थी, जिसका प्रमोशन उन्होंने अपने आखिरी इंस्टाग्राम पोस्ट में भी किया था। दिलीप राज के निधन के बाद उनका एक पुराना इंटरव्यू सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें उन्होंने साझा किया था कि वह 50 साल की उम्र तक काम करके रिटायर होना चाहते थे।
लेखक के बारे में
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम बॉलीवुड, टेलीविजन और डिजिटल मीडिया की ताजातरीन खबरों पर नज़र रखती है। यह टीम सिनेमा से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी को अपने पाठकों तक पहुंचाती है, चाहे वो फिल्मों की समीक्षा, सेलिब्रिटी इंटरव्यू, विश्लेषण, फोटो फीचर हो या फिर ट्रेंडिंग इवेंट्स। टीम का उद्देश्य पाठकों को मनोरंजन....
और पढ़ें