रणवीर सिंह ने खत्म किया 'डॉन 3' विवाद, फरहान अख्तर को लौटाए 10 करोड़ रुपए, किया यह वादा!
बॉलीवुड में पिछले कुछ महीनों से चल रहा सबसे बड़ा विवाद अब अपने अंत की ओर है। सुपरस्टार रणवीर सिंह और फिल्म मेकर फरहान अख्तर के बीच 'डॉन 3' को लेकर मची रार अब एक बड़े आर्थिक समझौते पर आकर रुकी है। खबरों के अनुसार रणवीर सिंह ने फरहान संग विवाद को खत्म करने लिए एक अहम कदम उठाया है।
रणवीर और फरहान के बीच विवाद तब शुरू हुआ, जब उन्होंने अचानक फरहान की महात्वाकांक्षी फिल्म 'डॉन 3' से हाथ पीछे खींच लिए। एक्सेल एंटरटेनमेंट का दावा था कि फिल्म की प्री-प्रोडक्शन पर लगभग 40 करोड़ रुपए खर्च हो चुके थे और रणवीर हर स्तर पर स्क्रिप्ट से सहमत थे।
रणवीर के इस अचानक फैसले से नाराज होकर फरहान और उनके बिजनेस पार्टनर रितेश सिधवानी ने मामला 'प्रोड्यूसर्स गिल्ड ऑफ इंडिया' तक पहुंचा दिया था। रणवीर का तर्क था कि स्क्रिप्ट में स्पष्टता की कमी थी, जबकि मेकर्स का आरोप था कि रणवीर ने अपनी फिल्म 'धुरंधर' की सफलता के बाद रुख बदल लिया।
फ्री प्रेस जर्नल की रिपोर्ट के अनुसार रणवीर सिंह ने अब इस विवाद को कानूनी पेचीदगियों से बचाने के लिए एक दोस्ताना समाधान पेश किया है। रणवीर अपनी 10 करोड़ रुपए की पूरी साइनिंग अमाउंट एक्सेल एंटरटेनमेंट को वापस लौटा रहे हैं। इतना ही नहीं प्री-प्रोडक्शन के नुकसान की भरपाई के लिए रणवीर ने अपनी आगामी फिल्म 'प्रलय' में एक्सेल एंटरटेनमेंट को एक निश्चित प्रतिशत की हिस्सेदारी ऑफर की है।
'प्रलय' एक बड़े बजट की पोस्ट-अपोकैलिप्टिक ज़ोंबी थ्रिलर है, जिसे जय मेहता निर्देशित कर रहे हैं। इस फिल्म का बजट 300 करोड़ रुपए से अधिक बताया जा रहा है, ऐसे में इसमें हिस्सेदारी मिलना एक्सेल एंटरटेनमेंट के लिए घाटे का सौदा नहीं होगा।
रणवीर सिंह आज जिस मुकाम पर हैं, वहां वे किसी भी विवाद को लंबा नहीं खींचना चाहते। उनकी हालिया रिलीज 'धुरंधर 2' ने बॉक्स ऑफिस पर 1,700 करोड़ रुपए से अधिक का वर्ल्डवाइड कलेक्शन कर इतिहास रच दिया है। इस सफलता ने उन्हें ग्लोबल आइकन बना दिया है, यही वजह है कि उन्होंने पुरानी कड़वाहट भुलाकर फरहान अख्तर की ओर दोस्ती का हाथ बढ़ाया है।
रणवीर सिंह के बाहर होने के बाद 'डॉन 3' के भविष्य पर काले बादल मंडरा रहे हैं। खबरें आ रही थी कि फरहान अख्तर खुद 'डॉन' के रूप में पर्दे पर वापसी कर सकते हैं या फिर किसी नए चेहरे की तलाश शुरू होगी। फिलहाल, एक्सेल एंटरटेनमेंट ने इस समझौते पर कोई आधिकारिक मुहर नहीं लगाई है।
लेखक के बारे में
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम बॉलीवुड, टेलीविजन और डिजिटल मीडिया की ताजातरीन खबरों पर नज़र रखती है। यह टीम सिनेमा से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी को अपने पाठकों तक पहुंचाती है, चाहे वो फिल्मों की समीक्षा, सेलिब्रिटी इंटरव्यू, विश्लेषण, फोटो फीचर हो या फिर ट्रेंडिंग इवेंट्स। टीम का उद्देश्य पाठकों को मनोरंजन....
और पढ़ें