सम्बंधित जानकारी
- संचिता उगले के निधन पर रवि किशन का रिएक्शन, बोले- सुसाइड सबसे बड़ा पाप
- 'बंटवारा 1947' के कैरेक्टर पोस्टर्स रिलीज, हर किरदार में दिखा बंटवारे का दर्द और हिम्मत
- फैंस का इंतजार हुआ खत्म, इस दिन हैदराबाद में लॉन्च होगा 'नागबंधम' का भव्य ट्रेलर
- सोनाली बेंद्रे ने की 'राख' में अपने इमोशनल रोल के बारे में बात, साझा किया अनुभव
- 27 साल बाद भी कायम है 'हम दिल दे चुके सनम' का जादू, जानिए 10 बड़ी वजहें
क्या PMO में लिखी गई थी 'धुरंधर' की स्क्रिप्ट? राकेश बेदी ने दिया जवाब
आदित्य धर के निर्देशन में बनी रणवीर सिंह की स्पाई थ्रिलर फिल्म 'धुरंधर' और 'धुरंधर 2' ने बॉक्स ऑफिस पर नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। जहां दर्शकों को इस फिल्म का डार्क, इंटेंस और धांसू एक्शन बेहद पसंद आया, वहीं फिल्म में कुछ ऐसे हल्के-फुल्के कॉमेडी मोमेंट्स भी हैं, जो इंटरनेट पर मीम्स के रूप में जमकर वायरल हो रहे हैं।
अब इन कॉमेडी सीन्स को लेकर फिल्म के सीनियर एक्टर राकेश बेदी ने एक बेहद दिलचस्प खुलासा किया है। नई दिल्ली में आयोजित 'अमृत रत्न 2026' समिट में पहुंचे राकेश बेदी ने फिल्म से जुड़े कई अनसुने किस्से साझा किए। राकेश बेदी ने फिल्म में जमील जमाली का किरदार निभाया है।
उन्होंने बताया कि 'धुरंधर' जैसी सीरियस स्पाई थ्रिलर में कॉमेडी का तड़का लगाना पूरी तरह से उनका खुद का आइडिया था। हैरान करने वाली बात यह है कि डायरेक्टर आदित्य धर शुरुआत में फिल्म में किसी भी तरह के मजाक या कॉमेडी को शामिल करने के पक्ष में नहीं थे।
न्यूज 18 संग बात करते हुए राकेश बेदी ने फिल्म के शुरुआती दिनों को याद करते हुए कहा, जब मैंने इस फिल्म की स्क्रिप्ट को दो-तीन बार पढ़ा, तो मुझे अहसास हुआ कि यह बहुत ज्यादा गंभीर और तनाव से भरी हुई कहानी है। चूंकि एक एक्टर के तौर पर मेरा झुकाव हमेशा कॉमेडी और ह्यूमर की तरफ ज्यादा रहता है, इसलिए मुझे स्क्रिप्ट में कुछ ऐसी जगहें दिखीं, जहां थोड़ा सा हास्य या कॉमिक रिलीफ डाला जा सकता था
राकेश बेदी ने आगे बताया, मैंने आदित्य धर से कहा कि मुझे फिल्म में कुछ ऐसी पॉकेट्स दिख रही हैं, जहां हम थोड़ा मजाक जोड़ सकते हैं, क्या मैं कोशिश करूं? इस पर आदित्य ने झिझकते हुए कहा कि राकेश जी, अभी कुछ कहना मुश्किल है, चलिए जब हम शूट करेंगे तब देखेंगे कि सीन कैसा बनता है। शुरुआत में वह थोड़े संकोच में थे, लेकिन जैसे-जैसे शूटिंग आगे बढ़ी और सीन्स खुलकर सामने आए, उन्हें भी मजा आने लगा और मुझे भी।
जब राकेश बेदी से पूछा गया कि उन्होंने फिल्म में कहां अपना इनपुट दिया था, तो उन्होंने हंसते हुए फिल्म का वही मशहूर डायलॉग दोहरा दिया, जिसने सोशल मीडिया पर तहलका मचाया हुआ है। यह डायलॉग फिल्म के एक सीन में बत्तखों को देखकर बोला गया था, जो थिएटर में दर्शकों को हंसने पर मजबूर कर देता है।
फिल्म में राकेश बेदी ने 'जमील जमाली' नाम के एक भारतीय सीक्रेट एजेंट का किरदार निभाया है, जो पाकिस्तान की राजनीति में घुसपैठ कर वहां का नेता बन जाता है। फिल्म के क्लाइमेक्स तक यह बात पूरी तरह गुप्त रखी गई थी कि वह एक भारतीय एजेंट हैं, जिसने दर्शकों को हिलाकर रख दिया था। राकेश ने बताया कि उन्हें इस बड़े ट्विस्ट की जानकारी पहले दिन से थी।
क्या PMO से लिखी गई थी धुरंधर की स्क्रिप्ट?
फिल्म 'धुरंधर' की रिलीज के बाद से ही कयास लगाए जा रहे थे कि इसकी राष्ट्रवाद से प्रेरित स्क्रिप्ट सीधे प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) से तैयार होकर आई है। इस विवाद और दावों पर राकेश बेदी ने खुलकर और बेहद मजाकिया अंदाज में जवाब दिया।
राकेश बेदी ने कहा, जब यह फिल्म इतनी बड़ी हिट हो गई, तो कुछ लोगों ने अफवाह उड़ा दी कि धुरंधर की स्क्रिप्ट तो पीएमओ से लिखकर आती है। मैंने उन लोगों से कहा कि भाई, मुझे जरा यह बताओ कि पीएमओ में ऐसा कौन सा अधिकारी या इंसान बैठा है जो बत्तखों को देखकर इस तरह की मजेदार और अजीब लाइनें लिख सकता है? ऐसा तो वहां कोई सोच भी नहीं सकता। यह पूरी तरह से एक लेखक और कलाकार की कल्पना है।
बॉक्स ऑफिस पर 'धुरंधर' का ऐतिहासिक तूफान
रणवीर सिंह के करियर की सबसे बड़ी ब्लॉकबस्टर बन चुकी यह फ्रेंचाइजी कमाई के मामले में नए कीर्तिमान स्थापित कर रही है। फिल्म में रणवीर सिंह के अलावा अक्षय खन्ना, संजय दत्त, अर्जुन रामपाल और आर माधवन जैसे दिग्गज कलाकार हैं। धुरंधर ने वैश्विक स्तर पर 1,307 करोड़ रुपए का कलेक्शन किया था। वहीं धुरंधर 2 ने अब तक 1,790 करोड़ रुपए से अधिक की बंपर कमाई कर ली है।
