1. मनोरंजन
  2. बॉलीवुड
  3. बॉलीवुड न्यूज़
  4. kala hiran film controversy govind namdev amit jani legal notice

'काला हिरण' के मेकर्स पर गोविंद नामदेव ने लगाए गंभीर आरोप, अमित जानी बोले- सलमान खान ने बॉडीगार्ड ने धमकाया होगा

Salman Khan blackbuck case film
बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान के 1998 के बहुचर्चित काले हिरण शिकार मामले पर आधारित फिल्म 'काला हिरण: द बैटल फॉर लेगेसी' इस वक्त विवादों के फंसी हुई है। फिल्म का टीजर रिलीज होने के बाद से ही कोर्ट से लेकर सोशल मीडिया तक हंगामा मचा हुआ है। अब इस विवाद में एक नया और बेहद चौंकाने वाला मोड़ आ गया है। 
 
फिल्म के मुख्य अभिनेताओं में से एक गोविंद नामदेव और प्रोड्यूसर अमित जानी सीधे तौर पर कानूनी लड़ाई में आमने-सामने आ गए हैं। फिल्म में बिश्नोई समाज के वकील की भूमिका निभाने वाले अभिनेता गोविंद नामदेव ने इंटरव्यू में मेकर्स पर गंभीर आरोप लगाए हैं। नामदेव का कहना है कि उन्हें शुरुआत में इस फिल्म का नाम 'संभल' बताया गया था। 
 
गोविंद नामदेव ने दावा किया कि फिल्म काटीजर देखकर वो हैरान रह गए, क्योंकि जो टीजर रिलीज किया गया, वो उस कहानी से काफी अलग था जिसकी उन्होंने शूटिंग की थी। उन्होंने कहा, जैसे ही मैंने फिल्म का टीज़र देखा, मैं अंदर तक हिल गया। जो फिल्म दिखाई जा रही है, वह उस कहानी से बिल्कुल अलग है जिसकी मैंने शूटिंग की थी। हमें कभी नहीं बताया गया था कि सलमान खान से मिलता-जुलता कोई किरदार इस तरह से पेश किया जाएगा। मुझे लगता है कि मुझे अंधेरे में रखा गया और मेरा इस्तेमाल किया गया।
गोविंद नामदेव के इन बयानों पर 'जानी फायरफॉक्स फिल्म्स' के मालिक और फिल्म के निर्माता अमित जानी ने बेहद आक्रामक रुख अपनाया है। अमित जानी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर गोविंद नामदेव को एक सख्त लीगल नोटिस भेजने की जानकारी दी। उन्होंने लिखा कि नामदेव 7 दिनों के भीतर सार्वजनिक रूप से माफी मांगें और प्रोडक्शन हाउस को 50 लाख रुपये का हर्जाना दें, अन्यथा उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
 
अमित जानी का दावा है कि गोविंद नामदेव ने पूरी स्क्रिप्ट, सिनॉप्सिस और कैरेक्टर स्केच पढ़ने के बाद ही फिल्म साइन की थी। उन्होंने कहा कि अभिनेता ने लगातार पांच दिन होटल के कमरे और वैनिटी वैन में बैठकर स्क्रिप्ट पढ़ी थी। जानी ने यह भी आरोप लगाया कि मुंबई पहुंचने के बाद शायद सलमान खान के करीबियों या उनके बॉडीगार्ड शेरा की तरफ से नामदेव को कोई धमकी मिली है, जिसके डर से वह अब अपनी बात से मुकर रहे हैं।
अमित जानी ने कहा, या तो इन्हें धमकी मिल गई है, सलमान खान के शेरा-वेरा ने फोन करके कह दिया होगा कि बेटा, बहुत उछल रहे हो। या फिर इन्हें लगा होगा कि वहां से तो पैसे मिल गए, पेमेंट हो गई, चेक भी मिल गया। अब क्यों न सलमान खान की भी गुड बुक्स में आ जाऊं।
 
'काला हिरण 2' को लेकर भी बड़ा दावा
एनडीटीवी संग बात करते हुए अमित जानी ने एक और बड़ा खुलासा करते हुए कहा कि गोविंद नामदेव ने न केवल पहली फिल्म बल्कि इसके सीक्वल 'काला हिरण 2' के लिए भी एग्रीमेंट साइन किया है और इसके बदले में चेक के जरिए पेमेंट भी ली है। जानी के अनुसार, नामदेव इस बात को लेकर काफी उत्साहित थे कि अगर कोर्ट से सलमान खान को सजा होती है, तो वह स्क्रीन पर उस वकील का किरदार निभाएंगे जिसने सजा दिलाई। 
 
लेखक के बारे में
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम बॉलीवुड, टेलीविजन और डिजिटल मीडिया की ताजातरीन खबरों पर नज़र रखती है। यह टीम सिनेमा से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी को अपने पाठकों तक पहुंचाती है, चाहे वो फिल्मों की समीक्षा, सेलिब्रिटी इंटरव्यू, विश्लेषण, फोटो फीचर हो या फिर ट्रेंडिंग इवेंट्स। टीम का उद्देश्य पाठकों को मनोरंजन.... और पढ़ें
अगला लेख
क्या PMO में लिखी गई थी 'धुरंधर' की स्क्रिप्ट? राकेश बेदी ने दिया जवाब