1. मनोरंजन
  2. बॉलीवुड
  3. बॉलीवुड न्यूज़
  4. black panther 3 announced david jonsson new black panther release date 15 december 2028

Black Panther 3 का ऐलान, डेविड जॉनसन संभालेंगे वाकांडा की कमान, रिलीज डेट भी हुई फाइनल

Black Panther 3
मार्वेल सिनेमैटिक यूनिवर्स (MCU) के फैंस के लिए सैन डिएगो कॉमिक-कॉन से एक खुशखबरी सामने आई है। मार्वल स्टूडियोज के आइकॉनिक 'हॉल एच' पैनल में जाने-माने निर्देशक रयान कूग्लर ने आधिकारिक तौर पर 'ब्लैक पैंथर 3' की घोषणा कर दी है।
 
इस ऐलान के साथ ही मार्वल ने उस राज से भी पर्दा उठा दिया है जिसका फैंस लंबे समय से इंतजार कर रहे थे— आखिर वाकांडा का अगला ब्लैक पैंथर कौन होगा? 'एलियन: रोमुलस' और 'द लॉन्ग वॉक' जैसी फिल्मों में अपनी बेहतरीन अदाकारी का लोहा मनवाने वाले अभिनेता डेविड जॉनसन को नया ब्लैक पैंथर चुना गया है।
सैन डिएगो कॉमिक-कॉन के मंच पर जैसे ही डेविड जॉनसन ने कदम रखा, पूरा हॉल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। फिल्म में वह दिवंगत अभिनेता चाडविक बोसमैन के किरदार टी'चाला के बेटे 'टी'चाला सेकंड' का वयस्क अवतार निभाते नजर आएंगे।
 
निर्देशक रयान कूग्लर ने मंच से किरदार के बारे में बात करते हुए कहा, पिछली बार जब हमने फिल्म बनाई थी, तब हमने एक ऐसे किरदार को दिखाया था जो हमारे महान चाडविक बोसमैन (टी’चाला) का बेटा था। आज मुझे यह बताते हुए बेहद खुशी हो रही है कि अगली फिल्म में वह बड़ा हो चुका है और अपनी जिम्मेदारी संभालने के लिए पूरी तरह तैयार है।
 
मंच पर भावुक दिखे डेविड जॉनसन
मार्वल परिवार का हिस्सा बनने पर डेविड जॉनसन काफी भावुक नजर आए। उन्होंने फैंस और मार्वल टीम का शुक्रिया अदा करते हुए कहा, रयान, केविन फाइगी और इस अद्भुत मार्वल परिवार का बहुत-बहुत धन्यवाद। इस शानदार सफर से जुड़ना मेरे लिए एक बहुत बड़ा सम्मान और सौभाग्य है। मैं अभी ज्यादा कुछ नहीं कहूंगा, क्योंकि मैं चाहता हूं कि मेरा काम और बड़ी स्क्रीन ही बातें करे। लेकिन यकीन मानिए, यह जिम्मेदारी मेरे लिए बहुत मायने रखती है।
 
पुराने किरदार भी लौटेंगे वापस
इस खास मौके पर रयान कूग्लर और डेविड जॉनसन के साथ लेटिशिया राइट और विंस्टन ड्यूक भी मंच पर मौजूद थे। फिल्म में शुरी और एम'बाकू के किरदार में इन दोनों कलाकारों की वापसी की पुष्टि भी कर दी गई है। वाकांडा के इन पुराने और चहेते किरदारों को एक बार फिर पर्दे पर देखना फैंस के लिए काफी रोमांचक होने वाला है।
 
कब रिलीज होगी 'ब्लैक पैंथर 3'?
मार्वल स्टूडियोज ने 'ब्लैक पैंथर 3' की आधिकारिक रिलीज डेट का भी खुलासा कर दिया है। फिल्म 15 दिसंबर 2028 को सिर्फ सिनेमाघरों में बड़े स्तर पर रिलीज की जाएगी।
 
उल्लेखनीय है कि रयान कूग्लर ने साल 2018 में पहली 'ब्लैक पैंथर' बनाई थी, जिसने ऑस्कर समेत दुनिया भर में बॉक्स ऑफिस के कई रिकॉर्ड तोड़े थे। इसके बाद 2022 में आई 'ब्लैक पैंथर: वाकांडा फॉरएवर' ने भी दर्शकों का दिल जीता। इसके अलावा, कूग्लर ने डिज्नी प्लस पर आने वाली मार्वल सीरीज 'आयरनहार्ट' और 'आइज ऑफ वाकांडा' में भी अपना योगदान दिया है।
लेखक के बारे में
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम बॉलीवुड, टेलीविजन और डिजिटल मीडिया की ताजातरीन खबरों पर नज़र रखती है। यह टीम सिनेमा से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी को अपने पाठकों तक पहुंचाती है, चाहे वो फिल्मों की समीक्षा, सेलिब्रिटी इंटरव्यू, विश्लेषण, फोटो फीचर हो या फिर ट्रेंडिंग इवेंट्स। टीम का उद्देश्य पाठकों को मनोरंजन.... और पढ़ें
अगला लेख
धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद सोनाक्षी सिन्हा का वीडियो वायरल, छात्रों के जज्बे को किया सलाम, Gen Z से मांगी माफी