1. मनोरंजन
  2. बॉलीवुड
  3. बॉलीवुड न्यूज़
  4. jyotika supports neet ug protest demands dharmendra pradhan resignation calls for education reforms

NEET पेपर लीक मामला: छात्रों के समर्थन में उतरीं अभिनेत्री ज्योतिका, शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की उठाई मांग

Jyotika NEET Protest
नीट-यूजी परीक्षा में हुई कथित धांधली और पेपर लीक मामले को लेकर देशभर के छात्रों का गुस्सा थमने का नाम नहीं ले रहा है। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेतृत्व में दिल्ली के जंतर-मंतर पर शुरू हुआ यह आंदोलन अब एक देशव्यापी जन-आंदोलन का रूप ले चुका है। छात्रों के इस उग्र विरोध प्रदर्शन को अब सिनेमा जगत की प्रमुख हस्तियों का व्यापक समर्थन मिल रहा है। 
 
इसी कड़ी में अब दक्षिण और हिंदी फिल्मों की प्रसिद्ध अभिनेत्री ज्योतिका ने भी अपनी आवाज बुलंद की है। ज्योतिका ने इंस्टाग्राम पर एक बेहद तीखा और भावुक बयान साझा करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के तुरंत इस्तीफे की मांग की है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि वह देश के भविष्य और शिक्षा व्यवस्था में जवाबदेही के साथ मजबूती से खड़ी हैं।
 
ज्योतिका ने पोस्ट में लिखा, "धर्मेंद्र प्रधान पद से इस्तीफा दें। मैं देश के छात्रों और हमारे भारत के भविष्य के साथ खड़ी हूं! मैं जवाबदेही के साथ खड़ी हूं! मैं एक लोकतांत्रिक भारत के लिए खड़ी हूं! और मैं शिक्षा प्रणाली में व्यापक सुधार के पक्ष में हूं!"
ज्योतिका ने आंदोलन का नेतृत्व कर रहे कार्यकर्ताओं और छात्रों की निडरता की सराहना की। उन्होंने पर्यावरणविद व कार्यकर्ता सोनम वांगचुक, अभिजीत दिपके और सौरव दास का विशेष रूप से उल्लेख करते हुए लिखा कि एक मां होने के नाते वे चाहती हैं कि आने वाली पीढ़ी इतनी ही बेबाक और जिम्मेदार बने। उन्होंने छात्रों को एकजुट होकर देश के लोकतांत्रिक ढांचे को मजबूत करने के लिए धन्यवाद दिया।
 
गौरतलब है कि पिछले लगभग एक महीने से छात्र दिल्ली के जंतर-मंतर पर डेरा डाले हुए हैं। इस आंदोलन में प्रसिद्ध शिक्षाविद् और कार्यकर्ता सोनम वांगचुक भी शामिल हुए थे, जिन्होंने छात्रों की मांगों के समर्थन में 20 से अधिक दिनों तक अनशन किया। 
 
बॉलीवुड का मिला जबरदस्त समर्थन
NEET पेपर लीक मामले ने संपूर्ण फिल्म जगत को भी झकझोर कर रख दिया है। ज्योतिका से पहले आलिया भट्ट, सलमान खान, हुमा कुरैशी, साकिब सलीम, सोनाक्षी सिन्हा, प्रकाश राज, नसीरुद्दीन शाह, रत्ना पाठक शाह, अमोल पराशर और स्वरा भास्कर जैसी मशहूर हस्तियों ने भी खुले तौर पर छात्रों की मांगों का समर्थन किया है। 
लेखक के बारे में
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम बॉलीवुड, टेलीविजन और डिजिटल मीडिया की ताजातरीन खबरों पर नज़र रखती है। यह टीम सिनेमा से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी को अपने पाठकों तक पहुंचाती है, चाहे वो फिल्मों की समीक्षा, सेलिब्रिटी इंटरव्यू, विश्लेषण, फोटो फीचर हो या फिर ट्रेंडिंग इवेंट्स। टीम का उद्देश्य पाठकों को मनोरंजन.... और पढ़ें
अगला लेख
NEET पेपर लीक विवाद पर आमिर खान की बेटी इरा खान ने तोड़ी चुप्पी, बताया क्यों रहीं इतने दिनों तक खामोश