'लॉक अप 2' में गौरव खन्ना के सरप्राइज विजिट पर आकांक्षा चमोला बोलीं- इससे बेहतर तो मेरा कुत्ता आ जाता...
रियलिटी शो 'लॉक अप: सच या सजा' अपने नए सीजन के साथ लगातार सुर्खियों में बना हुआ है। शो में शामिल सेलेब्रिटीज की पर्सनल लाइफ के राज जिस तरह से स्टेज पर सामने आ रहे हैं, उसने दर्शकों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। टीवी अभिनेत्री आकांक्षा चमोला और गौरव खन्ना का निजी जीवन इस समय सबसे ज्यादा चर्चा का विषय बना हुआ है।
हाल ही में आकांक्षा ने शो के दौरान अपने पति और 'अनुपमा' फेम एक्टर गौरव खन्ना के सरप्राइज विजिट पर एक बेहद चौंकाने वाला और तीखा बयान दिया है। शो के हालिया एपिसोड में जब एक्टर धीरज धूपर की पत्नी विन्नी अरोड़ा ने सेट पर सरप्राइज एंट्री ली, तो दोनों के बीच एक बेहद इमोशनल रीयूनियन देखने को मिला। इस पल को देखकर घर के बाकी सदस्य भावुक हो गए।
इसके बाद आकांक्षा चमोला, शिल्पा शिंदे और श्रेया कालरा आपस में बातचीत करती नजर आईं। बातचीत के दौरान श्रेया ने अपने बॉयफ्रेंड को मिस करने की बात कही और इच्छा जताई कि काश वे भी थोड़े समय के लिए उनसे मिल पातीं। श्रेया आंकाक्षा से कहती हैं, तेरे घर से भी कोई आ गया। धीरज की पत्नी भी आ गई। अब मुझे मेरा बॉयफ्रेंड चाहिए।
श्रेया की बात सुनकर आकांक्षा हैरान कर देने वाली बात कहती है। वह कहती हैं कि मेरा तो एक्स था। हंस तो रहा है वरुण कि तेरी फैमिली कहां आई, तो स्ट्रेंजर आया। आकांक्षा आगे कहती हैं, सही में यार, उससे अच्छा परिवार में से कोई आता, तो बेहतर होता।
वह कहती हैं, मुझे खुद के लिए कम्फर्ट चाहिए था। उनके (गौरव) आने से ज्यादा यह मेरे खुद के मानसिक सुकून की बात थी। मैं ज्यादा खुश होती अगर मेरे मम्मी-पापा में से कोई आता, या फिर मेरा कुत्ता ही आ जाता।
आकांक्षा के इस बयान ने सोशल मीडिया पर बहस छेड़ दी है। कई फैंस जहां आकांक्षा के इस स्पष्टवादी रवैये का समर्थन कर रहे हैं, वहीं गौरव के फैंस उनके इस बयान से काफी निराश नजर आ रहे हैं।
बता दें कि आकांक्षा चमोला और गौरव खन्ना ने साल 2016 में एक-दूसरे से शादी की थी। एक ऑडिशन के दौरान हुई मुलाकात के बाद दोनों के बीच प्यार हुआ और 24 नवंबर 2016 को कानपुर में एक भव्य शादी समारोह में दोनों परिणय सूत्र में बंधे थे। हालांकि, 'लॉक अप' के प्रीमियर एपिसोड में ही आकांक्षा ने खुलासा किया था कि उनके और गौरव के रिश्ते अब ठीक नहीं हैं और वे पिछले एक साल से अलग रह रहे हैं। वे जल्द ही कानूनी तौर पर अलग होने जा रहे हैं।

