104 डिग्री बुखार में भी शूटिंग करती रहीं अविका गोर, डेंगू ने बिगाड़ी तबीयत, अस्पताल में भर्ती
'बालिका वधू' और 'ससुराल सिमर का' जैसे मशहूर शोज से घर-घर में अपनी पहचान बनाने वाली टीवी और फिल्म एक्ट्रेस अविका गोर को लेकर शॉकिंग खबर सामने आई है। पिछले पांच दिनों से 103-104 डिग्री के खतरनाक बुखार से जूझ रहीं अविका को डेंगू की पुष्टि होने के बाद मुंबई के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
अविका गोर को गंभीर हालत के बावजूद काम के प्रति उनका समर्पण देखकर हर कोई हैरान है। इस कठिन समय में उनके पति मिलिंद चंदवानी ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर कर अविका का हेल्थ अपडेट दिया है और फैंस से उनके जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करने की अपील की है।
104 डिग्री बुखार में 2 दिन का काम 1 दिन में निपटाया
मिलिंद चंदवानी ने इंस्टाग्राम पर शेयर किए गए वीडियो में अविका के काम के प्रति असाधारण जुनून का खुलासा किया। मिलिंद ने बताया, अविका पिछले पांच दिनों से 103 से 104 डिग्री बुखार से तप रही थीं। इसके बावजूद उन्होंने काम से ब्रेक नहीं लिया। उनके एक प्रोजेक्ट की दो दिन की शूटिंग बाकी थी। इतने तेज बुखार में भी उन्होंने इतनी बेहतरीन परफॉर्मेंस दी कि मेकर्स ने दो दिन का काम महज एक ही दिन में पूरा कर लिया।
शूटिंग खत्म करने के बाद अविका को दो दिन का ब्रेक मिला। इस दौरान वह पूरी तरह बिस्तर पर थीं, दवाइयां ले रही थीं और उनके लिए ठीक से खाना खाना या हिलना-डुलना भी मुश्किल हो रहा था। लेकिन अपने पुराने प्रोफेशनल कमिटमेंट को पूरा करने के लिए वह इसी हालत में दिल्ली के लिए रवाना हो गईं और वहां एक विज्ञापन की शूटिंग पूरी की।
दिल्ली जाने से पहले अविका ने ब्लड टेस्ट कराया था। जब वह वापस मुंबई लौटीं, तब रिपोर्ट में डेंगू होने की पुष्टि हुई, जिसके तुरंत बाद उन्हें अस्पताल में एडमिट कराना पड़ा।
मिलिंद ने कहा, मैंने अविका से कई बार कहा कि हम प्रोड्यूसर्स को समझाते हैं और शूटिंग टाल देते हैं, वो मान जाएंगे। लेकिन अविका का कहना था— 'अगर मैं नहीं जाऊंगी तो किसी का आर्थिक नुकसान होगा, किसी का समय बर्बाद होगा। मैं ऐसा नहीं चाहती, मुझसे जितना हो पाएगा मैं करूंगी।' मुझे समझ नहीं आता कि किसी को अपने काम से इतना प्यार कैसे हो सकता है।
ORS के सहारे दी परफॉर्मेंस, टीम मेंबर्स भी हुए भावुक
अविका के साथ दिल्ली यात्रा करने वाली उनकी टीम की एक सदस्य ने बताया कि सेट पर अविका की हालत इतनी खराब थी कि वह ठीक से खड़ी भी नहीं हो पा रही थीं। वह कुछ खा-पी नहीं पा रही थीं और सिर्फ ORS के घोल के सहारे खुद को संभाले हुए थीं। इसके बावजूद उन्होंने कैमरे के सामने मुस्कुराते हुए अपना काम पूरा किया।
सोशल मीडिया पर टीवी इंडस्ट्री के तमाम सितारों और अविका के फैंस ने उनकी हिम्मत और प्रोफेशनलिज्म की तारीफ की है। एक्ट्रेस रुहानिका धवन समेत कई हस्तियों ने उनके लिए प्यार और प्रार्थनाएं भेजी हैं। फिलहाल, अविका मुंबई के अस्पताल में डॉक्टरों की देखरेख में हैं और रिकवर कर रही हैं। फैंस लगातार सोशल मीडिया पर उनके स्पीडी रिकवरी के लिए मैसेज कर रहे हैं।

