सोनी सब के शो 'यादें' में हुई उषा बचानी की एंट्री, 'आई साहेब' बन बदलेंगी दिग्गी-सृष्टि की जिंदगी
सोनी सब का पॉपुलर धारावाहिक यादें लगातार अपनी अनूठी कहानी, कॉमेडी और दिलचस्प मेडिकल केसेज के दम पर दर्शकों के दिलों पर राज कर रहा है। जहां एक तरफ शो में डॉक्टर देव मेहता (इकबाल खान) की जिंदगी हर बदलते रिश्ते के साथ नए मोड़ ले रही है, वहीं दूसरी तरफ कहानी को और भी मसालेदार और भावुक बनाने के लिए मेकर्स एक बड़ा ट्विस्ट लेकर आए हैं।
टीवी इंडस्ट्री की जानी-मानी वरिष्ठ अभिनेत्री उषा बचानी की शो में एक दमदार और प्रभावशाली भूमिका में एंट्री होने जा रही है। शो में उषा बचानी 'वर्तिका' का किरदार निभाएंगी, जिन्हें परिवार और आस-पास के लोग बेहद प्यार और सम्मान से आई साहेब कहकर पुकारते हैं। कहानी में उनके आते ही रिश्तों का गणित पूरी तरह बदलने वाला है।
दिग्गी की मां और मजबूत उसूलों वाली 'आई साहेब'
शो के ताजा ट्रैक में दिग्विजय उर्फ दिग्गी (अर्जुन पुंज) और डॉक्टर सृष्टि (गुलकी जोशी) शादी के बंधन में बंधकर अपनी जिंदगी के नए सफर की शुरुआत करने जा रहे हैं। ठीक इसी मोड़ पर 'आई साहेब' की एंट्री कहानी में नया रोमांच जोड़ेगी।
वर्तिका यानी 'आई साहेब' एक बेहद गरिमामयी, शांत लेकिन अडिग उसूलों वाली महिला हैं। वह अपनी मराठी संस्कृति और परंपराओं से गहराई से जुड़ी हुई हैं। उनका स्पष्ट मानना है कि किसी इंसान का असली चरित्र उसके व्यवहार, ईमानदारी और निरंतरता से ही झलकता है।
किरदार को लेकर क्या बोलीं उषा बचानी?
'यादें' का हिस्सा बनने पर उषा बचानी ने अपनी खुशी और उत्साह जाहिर किया। अपने इस नए रोल के बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा, जब मुझे पहली बार 'वर्तिका' के किरदार की स्क्रिप्ट मिली, तो मैं उनके शांत, गरिमामयी और प्रभावशाली व्यक्तित्व से तुरंत प्रभावित हो गई। वर्तिका अपनी परंपराओं और उसूलों को सबसे ऊपर रखती हैं और यही बात उन्हें खास बनाती है। उन्हें अपने बेटे दिग्गी पर बहुत गर्व है, और मां-बेटे का यह खूबसूरत बॉन्ड इस रोल का सबसे भावुक पहलू है। मुझे उम्मीद है कि दर्शक 'आई साहेब' की इस यात्रा से खुद को जोड़ पाएंगे और उन्हें यह नया अंदाज पसंद आएगा।
'यादें' में जहां डॉ. देव मेहता (इकबाल खान) का किरदार पेशेवर और निजी जिंदगी के अप्रत्याशित मोड़ों से जूझ रहा है, वहीं दिग्गी और सृष्टि के बीच का रिश्ता अब नया मोड़ ले रहा है। ऐसे में एक पारंपरिक और मजबूत विचारों वाली सास 'आई साहेब' का आगमन घर के माहौल में क्या बदलाव लाएगा, यह देखना दर्शकों के लिए काफी मनोरंजक होने वाला है।

