1. मनोरंजन
  2. बॉलीवुड
  3. बॉलीवुड न्यूज़
  4. sunny deol preity zinta meet yogi adityanath in lucknow during batwara 1947 promotion

'बंटवारा 1947' के प्रमोशन के लिए लखनऊ पहुंचे सनी देओल-प्रीति जिंटा, सीएम योगी से की खास मुलाकात

sunny deol meets yogi adityanath
बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता सनी देओल और अभिनेत्री प्रीति जिंटा अपनी आगामी बहुचर्चित फिल्म 'बंटवारा 1947' के प्रमोशन के सिलसिले में उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ पहुंचे। फिल्म की स्टारकास्ट ने शहर में विभिन्न प्रमोशनल गतिविधियों में हिस्सा लिया। 
 
इस दौरान सनी देओल और प्रीति जिंटा ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से उनके सरकारी आवास पर शिष्टाचार मुलाकात की। इस विशेष मुलाकात के दौरान सनी देओल के बेटे और अभिनेता करण देओल भी उनके साथ मौजूद रहे। 

मुलाकात के बाद सोशल मीडिया पर तस्वीरें साझा करते हुए सीएम योगी और सनी देओल ने एक-दूसरे के प्रति सम्मान और शुभकामनाएं व्यक्त कीं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात के बाद सनी देओल ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर तस्वीरें साझा कीं। 
 
तस्वीरें पोस्ट करते हुए सनी देओल ने लिखा, "लखनऊ प्रवास के दौरान उत्तर प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी से मुलाकात करना बेहद सुखद रहा। उनके साथ बहुत ही सौहार्दपूर्ण और सकारात्मक बातचीत हुई।"  
 
वहीं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी अपने आधिकारिक 'X' हैंडल पर मुलाकात की तस्वीरें साझा करते हुए लिखा कि लखनऊ स्थित सरकारी आवास पर सुप्रसिद्ध अभिनेता सनी देओल जी और अभिनेत्री प्रीति जिंटा जी के साथ शिष्टाचार भेंट हुई।  
 
विभाजन की त्रासदी और मानवीय संवेदना की कहानी
1947 के भारत-पाकिस्तान विभाजन की पृष्ठभूमि पर आधारित फिल्म 'बंटवारा 1947' एक ऐसे परिवार की कहानी बयां करती है, जिसकी जिंदगी हिंसा, विस्थापन और अचानक आई उथल-पुथल से बिखर जाती है। फिल्म का कथानक उस दौर की नफरत और भय के माहौल के बीच मानवीय संवेदनाओं, करुणा और साहस के संदेश को रेखांकित करता है।  
 
यह फिल्म असगर वजाहत के मशहूर नाटक 'जिस लाहौर नई वेख्या, ओ जम्या ए नई' पर आधारित बताई जा रही है। कहानी में विभाजन के दौरान परिवारों के संघर्ष और एक-दूसरे के प्रति अटूट आस्था को बेहद संजीदगी से दिखाया गया है।  
 
फिल्म में सनी देओल, प्रीति जिंटा, शबाना आजमी, अली फजल, करण देओल और अभिमन्यु सिंह मुख्य भूमिका में हैं। फिल्म का निर्देशन राजकुमार संतोषी ने किया है। संगीत ऑस्कर विजेता ए.आर. रहमान का है, जबकि गानों के बोल जावेद अख्तर ने लिखे हैं। 'बंटवारा 1947' को दुनिया भर के सिनेमाघरों में 14 अगस्त को रिलीज किया जाएगा। 
लेखक के बारे में
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम बॉलीवुड, टेलीविजन और डिजिटल मीडिया की ताजातरीन खबरों पर नज़र रखती है। यह टीम सिनेमा से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी को अपने पाठकों तक पहुंचाती है, चाहे वो फिल्मों की समीक्षा, सेलिब्रिटी इंटरव्यू, विश्लेषण, फोटो फीचर हो या फिर ट्रेंडिंग इवेंट्स। टीम का उद्देश्य पाठकों को मनोरंजन.... और पढ़ें
अगला लेख
'आवारापन 2' में खूंखार विलेन का रोल निभा रहे पूरन गब्बी का इस फेमस एक्ट्रेस संग है खास रिश्ता