क्या थी आशा भोसले की अंतिम इच्छा, निधन के बाद वायरल हो रहा वीडियो
भारतीय संगीत जगत के एक स्वर्णिम युग का अंत हो गया है। अपनी जादुई आवाज से सात दशकों से अधिक समय तक करोड़ों दिलों पर राज करने वाली दिग्गज गायिका आशा भोसले का 12 अप्रैल 2026 को निधन हो गया। वह 92 वर्ष की थीं।
आशा भोसले को शनिवार को मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। शुरुआती खबरों में हार्ट अटैक की बात कही गई थी, लेकिन बाद में उनकी पोती जनई भोंसले ने स्पष्ट किया कि उन्हें अत्यधिक थकान और सीने में संक्रमण की शिकायत थी।
डॉक्टरों के अनुसार, संक्रमण के कारण उनके अंगों ने काम करना बंद कर दिया था, जिसके चलते 'मल्टी-ऑर्गन फेल्योर' उनकी मृत्यु का कारण बना। निधन के बाद आशा भोसले का एक वीडियो इंटरनेट पर वायरल हो रहा है, जिसमें वह अपनी आखिरी इच्छा बता रही हैं।
बीते दिनों एक शो में आशा भोसले ने अपनी अंतिम इच्छा साझा की थी। उन्होंने भावुक होते हुए कहा था, मेरी इच्छा ऐसी है कि गाते-गाते ही मैं चली जाऊं। गाना मेरी लाइफ है। 3 साल की उम्र से पिता जी से सीखा और आज फिल्म लाइन में 82 साल हो गए हैं। मुझे सबसे ज्यादा खुशी होगी कि मैं गाते-गाते ही विदा लूं।
आशा भोसले का ये वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो को फैंस काफी प्यार दे रहे हैं। कई लोग इस वीडियो को देखकर इमोशनल हो गए हैं। आशा भोसले ने अपने करियर में 12,000 से अधिक गाने गाए और गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में भी अपना नाम दर्ज कराया।
आशा भोसले का अंतिम संस्कार सोमवार, 13 अप्रैल को शाम 4 बजे मुंबई के शिवाजी पार्क में किया जाएगा। सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक उनका पार्थिव शरीर अंतिम दर्शन के लिए लोअर परेल स्थित आवास पर रखा जाएगा। भारत सरकार ने आशा भोसले की उपलब्धियों को देखते हुए उन्हें पूरे राजकीय सम्मान के साथ विदा करने का निर्णय लिया है।
लेखक के बारे में
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम बॉलीवुड, टेलीविजन और डिजिटल मीडिया की ताजातरीन खबरों पर नज़र रखती है। यह टीम सिनेमा से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी को अपने पाठकों तक पहुंचाती है, चाहे वो फिल्मों की समीक्षा, सेलिब्रिटी इंटरव्यू, विश्लेषण, फोटो फीचर हो या फिर ट्रेंडिंग इवेंट्स। टीम का उद्देश्य पाठकों को मनोरंजन....
और पढ़ें