दिग्गज सिंगर आशा भोसले का निधन, 92 साल की उम्र में ली अंतिम सांस, जानिए कब होगा अंतिम संस्कार
भारतीय संगीत जगत से बेहद दुखद खबर सामने आई है। दिग्गज सिंगर आशा भोसले का 92 साल की उम्र में निधन हो गया है। उन्होंने मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में अंतिम सांस ली। आशा भोसले के सीने में इंफेक्शन की शिकायत के बाद शनिवार शाम अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
आशा भोसले के बेटे आनंद ने उनके निधन की पुष्टि की है। आशा भोसले का अंतिम संस्कार 13 अप्रैल को मुंबई के शिवाजी पार्क में शाम 4 बजे राष्ट्रीय सम्मान के साथ होगा।
रिपोर्ट्स के अनुसार, आशा भोसले को शनिवार शाम को अत्यधिक थकान और सीने में संक्रमण की शिकायत के बाद अस्पताल ले जाया गया था। उनकी उम्र को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें तुरंत इमरजेंसी मेडिकल सर्विसेज यूनिट में शिफ्ट किया ताकि उनकी सघन निगरानी की जा सके।
लता मंगेशकर के जाने के बाद आशा भोसले ही उस महान संगीत विरासत को संभाल रही थीं। 92 साल की उम्र में भी उनकी ऊर्जा युवाओं को प्रेरित करती थीं। हाल ही में उन्होंने कई कॉन्सर्ट्स और सार्वजनिक कार्यक्रमों में शिरकत की थी।
सात दशकों का सुरीला सफर
8 सितंबर 1933 को जन्मी आशा भोसले केवल एक गायिका नहीं, बल्कि एक संस्था थीं। अपनी बड़ी बहन लता मंगेशकर की छत्रछाया से अलग उन्होंने अपनी एक अनूठी पहचान बनाई। उनके गायन की विविधता ऐसी थी कि वह शास्त्रीय धुनों से लेकर 'पिया तू अब तो आजा' जैसे कैबरे नंबर्स और 'इन आंखों की मस्ती' जैसी गजलों में समान रूप से माहिर थीं।
आर. डी. बर्मन, ओ. पी. नैय्यर और खय्याम जैसे संगीतकारों के साथ उनके सहयोग ने भारतीय सिनेमा को 'दम मारो दम' और 'चुरा लिया है तुमने' जैसे कालजयी गीत दिए। साल 2011 में उन्हें दुनिया की सबसे अधिक रिकॉर्डिंग करने वाली कलाकार के रूप में गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में भी शामिल किया गया था।
लेखक के बारे में
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम बॉलीवुड, टेलीविजन और डिजिटल मीडिया की ताजातरीन खबरों पर नज़र रखती है। यह टीम सिनेमा से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी को अपने पाठकों तक पहुंचाती है, चाहे वो फिल्मों की समीक्षा, सेलिब्रिटी इंटरव्यू, विश्लेषण, फोटो फीचर हो या फिर ट्रेंडिंग इवेंट्स। टीम का उद्देश्य पाठकों को मनोरंजन....
और पढ़ें