दिग्गज सिंगर आशा भोसले की तबीयत बिगड़ी, चेस्ट इंफेक्शन के चलते अस्पताल में भर्ती, पीएम मोदी ने जताई चिंता
भारतीय संगीत जगत की दिग्गज सिंगर आशा भोसले को लेकर एक चिंताजनक खबर सामने आई है। उन्हें मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आशा भोसले की पोती जनाई ने बताया कि चेस्ट इंफेक्शन के चलेते उन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
चेस्ट इंफेक्शन और थकान के चलते अचानक तबीयत बिगड़ने की वजह से आशा भोसले को 11 अप्रैल को अस्पताल में एडमिट कराया गया। उनका इलाज अस्पताल के इमरजेंसी मेडिकल यूनिट में चल रहा है। 92 साल की आशा की तबीयत बिगड़ने की खबर सामने आते ही फैंस के बीच चिंता की लहर फैल गई है।
जनाई भोसले ने एक पोस्ट में लिखा, मेरी दादी, आशा भोसले को अत्यधिक थकान और सीने में संक्रमण के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हम आपसे हमारी प्राइवेसी का सम्मान करने का अनुरोध करते हैं। उनका उपचार चल रहा है और उम्मीद है कि जल्द ही सब ठीक हो जाएगा। हम आपको सकारात्मक अपडेट देते रहेंगे।
खबरों के अनुसार अस्पताल के सूत्रों ने बताया आशा ताई को आईसीयू में डॉक्टरों की एक विशेष टीम की निगरानी में रखा गया है। उनकी उम्र को देखते हुए डॉक्टर कोई जोखिम नहीं लेना चाहते हैं। रविवार सुबह तक मिली जानकारी के अनुसार, उनकी स्थिति अब स्थिर है और वह उपचार का अच्छा रिस्पॉन्स दे रही हैं।
Deeply concerned to hear that Asha Bhosle Ji has been admitted to hospital. Praying for her good health and a speedy recovery.
— Narendra Modi (@narendramodi) April 12, 2026
प्रधानमंत्री मोदी ने जताई चिंता
पीएम नरेंद्र मोदी ने आशा भोसले की सेहत को लेकर चिंता जताते हुए पोस्ट शेयर किया है। उन्होंने लिखा, यह सुनकर बहुत चिंता हुई कि आशा भोसले जी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मैं उनके अच्छे स्वास्थ्य और शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।
सात दशकों का सुरीला सफर
8 सितंबर 1933 को जन्मी आशा भोसले केवल एक गायिका नहीं, बल्कि एक संस्था हैं। अपनी बड़ी बहन लता मंगेशकर की छत्रछाया से अलग उन्होंने अपनी एक अनूठी पहचान बनाई। उनके गायन की विविधता ऐसी है कि वह शास्त्रीय धुनों से लेकर 'पिया तू अब तो आजा' जैसे कैबरे नंबर्स और 'इन आंखों की मस्ती' जैसी गजलों में समान रूप से माहिर हैं।
आर. डी. बर्मन, ओ. पी. नैय्यर और खय्याम जैसे संगीतकारों के साथ उनके सहयोग ने भारतीय सिनेमा को 'दम मारो दम' और 'चुरा लिया है तुमने' जैसे कालजयी गीत दिए हैं। साल 2011 में उन्हें दुनिया की सबसे अधिक रिकॉर्डिंग करने वाली कलाकार के रूप में गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में भी शामिल किया गया था।

