Tue, 21 Jul 2026

Notifications

  1. मनोरंजन
  2. बॉलीवुड
  3. मिर्च-मसाला
  4. Anurag Kashyap, Pahlaj Nihlani, Udta Punjab

उड़ता पंजाब विवाद गहराया... निहलानी माफी मांगे : अनुराग कश्यप

अनुराग कश्यप
उड़ता पंजाब को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। एक ओर फिल्म के निर्माता अनुराग कश्यप हैं तो दूसरी ओर सेंसर बोर्ड के मुखिया पहलाज निहलानी। विवाद की आग में निहलानी ने यह कहकर घी डाल दिया है कि अनुराग ने 'आप' से पैसे लिए हैं और यह बखेड़ा खड़ा किया है। 
अनुराग कश्यप ने डायरेक्टर एसोसिएशन के साथ प्रेस कांफ्रेंस कर निहलानी से इस आरोप के बदले में माफी मांगने को कहा है। अनुराग को बॉलीवुड से पुरजोर समर्थन मिल रहा है। अनुराग ने कहा कि एक इंसान अपनी नैतिकता पूरी फिल्म इंडस्ट्री पर थोप रहा है और आगे चलकर निर्माता अपनी फिल्म बनाने के पहले दस बार सोचेंगे। यह स्वतंत्रता की अभिव्यक्ति का हनन है। अनुराग ने कहा कि उनकी फिल्म को पास करने में जानबूझ कर देरी की जा रही है। 
 
अनुराग ने इसके पहले कई ट्वीट भी किए थे और कहा कि उत्तर कोरिया जैसा माहौल वे महसूस कर रहे हैं। अनुराग के समर्थन में जब कांग्रेस और आप जैसी राजनीतिक पार्टियां आईं तो अनुराग ने उन्हें दूर रहने के लिए की सलाह देते हुए कहा कि वे अपनी लड़ाई खुद लड़ेंगे और इसे राजनीतिक रंग नहीं देना चाहते हैं।  

अनुराग ने अदालत की शरण ली है और 'ए' सर्टिफिकेट की मांग की है। अदालत पता लगा रही है कि फिल्म को इतने सारे कट्स क्यों दिए गए हैं। गौरतलब है कि फिल्म का ट्रेलर बिना किसी कट के पास किया गया था। 
क्या है विवाद? 
उड़ता पंजाब में दिखाया गया है कि पंजाब में किस तरह से ड्रग्स की समस्या व्याप्त है। फिल्म में अपशब्दों की भरमार है। सेंसर चाहता है कि फिल्म के शीर्षक और संवादों में से पंजाब हटाया जाए। पंजाब के कुछ लोग भी फिल्म से खासे नाराज है। कहा जा रहा है कि पहलाज निहलानी केंद्र के दबाव में काम कर रहे हैं और फिल्म को सेंसर की पैनल ने 89 कट्स दिए हैं जो अनुराग को नामंजूर है। 
 
दूसरी ओर पहलाज निहलानी ने केंद्र के दबाव से इनकार किया है। उनका कहना है कि सेंसर बोर्ड के सदस्यों ने फिल्म देखी है और उन्होंने ही कट्स सुझाए हैं। 
 
फिल्म में शाहिद कपूर, करीना कपूर, आलिया भट्ट ने लीड रोल अदा किए हैं और यह 17 जून को प्रदर्शित होनी थी, लेकिन अब संभवत: 15 जुलाई को रिलीज होगी। 
ये भी पढ़ें
तेज गर्मी से नहीं पड़ता रितिक रोशन को फर्क!