अनिरुद्ध रविचंदर और काव्या मारन ने ग्रीस में रचाई शाही शादी, रजनीकांत, स्टालिन समेत कई दिग्गज बने मेहमान
म्यूजिक कंपोजर अनिरुद्ध रविचंदर और आईपीएल फ्रेंचाइजी सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) की मालकिन काव्या मारन हमेशा के लिए एक-दूसरे के हो गए हैं। लंबे समय से दोनों की शादी को लेकर चल रही अटकलों पर विराम लगाते हुए इस जोड़े ने 11 नवंबर को ग्रीस में एक बेहद निजी लेकिन भव्य समारोह में सात फेरे लिए।
शादी के तुरंत बाद अनिरुद्ध ने सोशल मीडिया पर अपनी शादी की पहली आधिकारिक तस्वीर साझा की, जो देखते ही देखते इंटरनेट पर वायरल हो गई। अनिरुद्ध रविचंदर ने अपने इंस्टाग्राम पर काव्या मारन के साथ शादी के मंडप की एक खूबसूरत तस्वीर पोस्ट की।
इस तस्वीर में दोनों बेहद खुश और पारंपरिक अंदाज में नजर आ रहे हैं। फोटो शेयर करते हुए अनिरुद्ध ने कैप्शन में लिखा, "माय वन्स इन ए लाइफटाइम, फॉर ए लाइफटाइम 11.11" (मेरा जीवन में एक बार मिलने वाला प्यार, पूरी जिंदगी के लिए)।
शादी के इस खास मौके पर दोनों ने पेस्टल शेड्स के आउटफिट्स का चुनाव किया। अनिरुद्ध कढ़ाईदार आइवरी कुर्ता, पारंपरिक वेष्टि और लॉन्ग जैकेट में बेहद आकर्षक दिखे, तो वहीं काव्या मारन ब्लश-पिंक रंग के भारी कढ़ाई वाले लहंगे और मोतियों के शाही गहनों में बेहद खूबसूरत नजर आईं।
ग्रीस की वादियों में दिखा दक्षिण भारतीय परंपरा का रंग
यह डेस्टिनेशन वेडिंग ग्रीस में दो दिनों तक चली। 10 नवंबर को पारंपरिक तमिल रीति-रिवाजों के साथ सगाई की रस्म पूरी हुई, जिसके बाद 11 नवंबर को मुख्य विवाह समारोह संपन्न हुआ। भले ही शादी यूरोप की खूबसूरत वादियों में हुई, लेकिन समारोह में दक्षिण भारतीय संस्कृति की पूरी झलक देखने को मिली।
मेहमानों के स्वागत के लिए खासतौर पर चेन्नई से कैटरर्स बुलाए गए थे, जिन्होंने केले के पत्तों पर पारंपरिक तमिल शाकाहारी भोजन और दक्षिण भारत की प्रसिद्ध फिल्टर कॉफी परोसी।
दिग्गज हस्तियों ने की शिरकत
इस शाही लेकिन निजी समारोह में दोनों परिवारों के सदस्यों के अलावा फिल्म और राजनीति जगत की चुनिंदा दिग्गज हस्तियां शामिल हुईं। अनिरुद्ध के चाचा और साउथ सुपरस्टार रजनीकांत अपने परिवार के साथ नवदंपति को आशीर्वाद देने पहुंचे। इसके अलावा डीएमके प्रमुख एमके स्टालिन और उदयनिधि स्टालिन ने भी ग्रीस पहुंचकर समारोह की शोभा बढ़ाई।
21 नवंबर को चेन्नई में होगा भव्य रिसेप्शन
ग्रीस में शादी के बाद अब जश्न का अगला दौर भारत में शुरू होगा। मारन और रविचंदर परिवार ने 21 नवंबर को चेन्नई में एक भव्य वेडिंग रिसेप्शन का आयोजन किया है। इस रिसेप्शन में देश की कई बड़ी राजनीतिक और फिल्मी हस्तियों के शामिल होने की उम्मीद है।
इससे पहले 16 अक्टूबर को सन ग्रुप के चेयरमैन कलानिधि मारन और उनकी पत्नी कावेरी मारन ने जुबली हिल्स स्थित आवास पर तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी से मुलाकात कर उन्हें रिसेप्शन का निमंत्रण दिया था। खबरों के मुताबिक, चेन्नई रिसेप्शन के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय, शाहरुख खान, एआर रहमान, धनुष, नयनतारा और अजित कुमार जैसी हस्तियों को भी न्योता भेजा गया है।
करियर के शिखर पर हैं दोनों सितारे
वर्कफ्रंट की बात करें तो अनिरुद्ध रविचंदर आज भारतीय फिल्म इंडस्ट्री के सबसे महंगे और लोकप्रिय संगीतकारों में गिने जाते हैं। साल 2012 में फिल्म '3' के गाने 'व्हाई दिस कोलावेरी डी' से रातोंरात ग्लोबल स्टार बने अनिरुद्ध ने 'जवान', 'विक्रम', 'जेलर' और 'लियो' जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्मों में सुपरहिट संगीत दिया है। वहीं, कलानिधि मारन की बेटी काव्या मारन सन ग्रुप के कारोबार के साथ-साथ आईपीएल टीम सनराइजर्स हैदराबाद की सीईओ के रूप में अपनी नेतृत्व क्षमता का लोहा मनवा चुकी हैं।

