'ऐ दिल है मुश्किल' में रफी का उड़ाया मजाक... संवाद लिखने वाला मूर्ख
ऐ दिल है मुश्किल में रणबीर कपूर को ऐसा गायक बताया गया है जो मोहम्मद रफी का बहुत बड़ा प्रशंसक है। मोहम्मद रफी के कुछ पुराने गानों का भी बेहतरीन उपयोग फिल्म में किया गया है। फिल्म में अनुष्का शर्मा ने रणबीर की दोस्त की भूमिका निभाई है जो रणबीर की गायकी से चिढ़ती है। एक जगह वे बोलती हैं कि रफी गाते नहीं बल्कि रोते हैं। इससे रफी के प्रशंसकों का आहत होना स्वाभाविक है।
मोहम्मद रफी के पुत्र शाहिद ने इस संवाद की आलोचना करते हुए कहा कि जिसने भी यह संवाद लिखा है वह मूर्ख है। करण जौहर द्वारा निर्देशित इस फिल्म के संवाद निरंजन आयंगार ने लिखे हैं। फिलहाल यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन कर रही है।
शाहिद रफी के अनुसार जिसने भी यह संवाद लिखा है वह रफी साहब को जानता नहीं है। वह कैसे इतनी बकवास बात लिख सकता है। उनका कहना है कि करण जौहर से भी उन्हें इस तरह की उम्मीद नहीं थी। करण के पिता यश जौहर की फिल्म 'दोस्ताना' में 'मेरे दोस्त किस्सा यह क्या हो गया' गाने में रफी ने अपनी आवाज दी थी। शाहिद को उनके फेसबुक अकाउंट पर नौ हजार से ज्यादा संदेश मिले हैं जिसमें लोग फिल्म के इस संवाद का विरोध कर रहे हैं। शाहिद को करण के माफीनामे की उम्मीद है।