1. मनोरंजन
  2. बॉलीवुड
  3. आलेख

तीसरी बार बुरे आदमी के रोल में सैफ

कुर्बान
PR
सैफ अली खान तो खैर, प्रिंसिपल भी लग सकते हैं। मगर क्या करीना किसी प्रोफेसर के रोल में जँचेंगी? फिल्म कुर्बान में करीना कपूर भी एक प्रोफेसर हैं और सैफ अली खान भी। इस फिल्म में कुछ झलक "न्यूयॉर्क" वाली भी है। यानी नायिका को बाद में पता चलता है कि नायक तो आतंकवाद से जुड़ा हुआ है। फिल्म "फना" में भी यही सब कुछ था। संसद भवन पर हुए हमले में एक प्रोफेसर का नाम भी शामिल था। प्रोफेसर सय्यद अब्दुर्रेहमान गिलानी...। हालाँकि बाद में गिलानी बेकसूर साबित हुए थे। क्या फिल्म वाले असल जिंदगी से प्रेरणा नहीं लेते?

इस फिल्म में आतंकवाद पीछे है, बैकग्राउंड में है। आगे है प्रेम कहानी जिसमें सैफ और करीना की कैमिस्ट्री है। कई साहसी दृश्य हैं, एक लंबा-सा चुंबन है, करीना की पीठ है और ऐसा ही बहुत कुछ है। प्यार कहीं नहीं रुकता। फिल्म "दिल से" में आतंकवादी और आत्मघाती नायिका को नायक से प्यार हो ही जाता है। इस फिल्म के जरिए रेंसिल डिसिल्वा पहली बार निर्देशन के इलाके में पैर धर रहे हैं। उनका करियर बड़ी नाकामियों और बड़ी सफलता वाला रहा है। फिल्म "रंग दे बसंती" का स्क्रीन प्ले उन्होंने लिखा था और इसके लिए उन्हें अवॉर्ड भी मिला। मगर इसके साथ ही लेखक के तौर पर वे "अक्स" और सुपर फ्लॉप "लक" भी लिख चुके हैं। "रंग दे बसंती" अगर बड़ी सफलता थी, तो ये फिल्में घोर नाकामी हैं।

अब पहली बार वे छुट्टे हैं। यानी फिल्म लिखी भी उन्होंने है और फिल्मा भी वही रहे हैं। सैफ अली खान ने जब भी धूसर रोल किए हैं, बहुत अच्छे किए हैं। फिर चाहे वो "ओंकारा" हो या "एक हसीना थी"। दोनों ही धूसर पात्र अलग-अलग शेड्स में थे। एक ही तरह के रोल अलग-अलग शेड्स देकर करने में अभी तक हम आमिर का लोहा मानते हैं। सैफ अली खान पर हमारा ज्यादा ध्यान नहीं गया है। चॉकलेटी हीरो के रोल उन्हें बहुत मिले मगर जब भी एक्टिंग का मौका आया है, सैफ ने खुद को साबित किया है। शाहरुख ने "डर" और "बाजीगर" में खलनायकी कर के खुद को बेहतर एक्टर साबित किया था।

सैफ अली खान तीसरी बार निगेटिव रोल कर रहे हैं और कहते हैं कि इसके लिए उन्होंने बहुत मेहनत की है। करीना कपूर ने भी एक तरह की चुनौती ली है। वे अपना रोल यह देखकर लेती हैं कि उनके करने के लिए कुछ है या नहीं। यह एक दिलचस्प फिल्म भी हो सकती है और औसत भी। इस हफ्ते एक ही फिल्म होने से कुर्बान को फायदा मिलना तय है।
लेखक के बारे में
अनहद