1. सामयिक
  2. »
  3. बीबीसी हिंदी
  4. »
  5. बीबीसी समाचार
  6. शुक्र ग्रह पर ओजोन परत
Written By BBC Hindi

शुक्र ग्रह पर ओजोन परत

शुक्र ग्रह
BBC
- जेनिफर कारपेंटर (विज्ञान संवाददाता, बीबीसी न्यूज)
यूरोपीय वैज्ञानिकों का कहना है कि सौरमंडल के ग्रह शुक्र पर ओजोन की एक पतली परत है जो पृथ्वी के मुकाबले सैंकड़ो गुना कम है। यूरोपीय स्पेस एजेंसी के वीनस एक्सप्रेस क्राफ्ट की सहायता से शोधकर्ता इस नतीजे पर पहुंचे हैं।

ये शोध इकारस नाम की पत्रिका में छपा है। अब तक सिर्फ पृथ्वी और मंगल ग्रह के वायुमंडल में ही ओजोन परत होने की बात पता थी। इस नई खोज से पृथ्वी के अलावा किसी अन्य ग्रह पर जीवन की संभावना खोज रहे खगोलशास्त्रियों को सहायता मिलेगी।

यूरोपीय स्पेसक्राफ्ट ने शुक्र ग्रह के वायुमंडल पर केंद्रित अध्ययन के दौरान ओजोन परत होने की खोज की है। इकारस पत्रिका में छपे अध्ययन के प्रमुख लेखक फ्रांस के लेटमॉस रिसर्च सेंटर के फ्रांक मॉन्मेसिन के अनुसार शुक्र पर ओजोन परत ग्रह की सतह से सौ किलोमीटर ऊपर स्थित है। ये पृथ्वी की तुलना में तीन गुनी दूरी है।

क्या होती है ओजोन परत?
ओज़ोन एक मोलेक्यूनल यानि अणुकणिका होता है जिसमें तीन ऑक्सीजन परमाणु होते हैं। शुक्र पर इसका निर्माण तब होता है जब सूर्य की रोशनी ग्रह के वायुमंडल में कार्बन डॉय-ऑक्साइड को विछिन्न कर ऑक्सीजन परमाणुओं को जन्म देती है।

पृथ्वी पर भी ओजोन का निर्माण इसी तरह होता है। ओजोन परत सूर्य की हानिकारक यूवी-रेज को पृथ्वी तक पहुंचने से रोकती है।

वीनस एक्सप्रेस मिशन के लिए यूरोपीय स्पेस एजेंसी के प्रोजेक्ट वैज्ञानिक हकान स्वेढेम ने बताया, 'ओजोन परत के बारे में जानकारी से हमें शुक्र के वायुमंडल के विषय में बहुत अधिक जानकारी हासिल हुई है। इसके अलावा ये चट्टान वाले ग्रहों में मौलिक एकरुपता का एक और उदाहरण है।'

कुछ वैज्ञानिक ये मानते हैं कि अगर किसी ग्रह के वायुमंडल में ऑक्सीजन, कार्बन और ओजोन मौजूद हैं तो ये वहां जीवन होने की ओर इशारा करते हैं।
लेखक के बारे में
BBC Hindi