1. सामयिक
  2. »
  3. बीबीसी हिंदी
  4. »
  5. बीबीसी समाचार

ये हैं गंगा के पहरेदार...

- पारुल अग्रवाल (दिल्ली)

बीबीसी सिटीजन रिपोर्ट
BBC
बीबीसी की खास पेशकश सिटीजन रिपोर्ट में इस बार हम आपको एक ऐसे शख्स से मिलवा रहे हैं, जो अकेले ही उस काम को करने में जुटा है जिसे बड़ी-बड़ी सरकारी योजनाएं भी नहीं कर पाईं।

पटना के गुड्डू बाबा ने अपने दम पर गंगा को साफ करने का बीड़ा उठाया है। गंगा को प्रदूषण मुक्त करने के इस मिशन में कीचड़ और गंदगी, गंगा में बहती लाशों की गंध या सरकारी निकम्मापन कुछ भी गुड्डू बाबा को उनके मिशन से डिगा नहीं पाया है।

पेश है सिटीजन रिपोर्टर गुड्डू बाबा की कहानी उनकी अपनी जुबानी। मेरा नाम विकास चंद्र है और मैं पटना का रहने वाला हूं। लोग मुझे गुड्डू बाबा के नाम से जानते हैं।

बिहार की राजधानी पटना उन खास शहरों में से एक है, जहां से होकर पवित्र गंगा गुजरती है, लेकिन लगातार बढ़ती गंदगी और कूड़े-कचरे ने पटना में गंगा का रूप ही बदल डाला है।

एक समय था जब नदी शहर के किनारे से होकर गुजरती थी, लेकिन आज शहर से दूर बहती गंगा भी नाले में तब्दील होती दिख रही है। यहां तक कि गंगा के पानी से लोगों को पेट और त्वचा की घातक बीमारियां होने लगी हैं।

गंगा की सफाई से जुड़ी मेरी इस मुहिम की शुरुआत आज से कई साल पहले हुई। एक दिन मैंने एक गरीब आदमी को अपनी पत्नी के संस्कार के बाद गंगा की इसी कीचड़ में नहाते देखा।

मेरे पूछने पर उसने कहा कि गंगाजल के बिना पत्नी को मोक्ष नहीं मिलेगा और साफ पानी तक पहुंचने के लिए उसके पास नाव के पैसे नहीं। उस आदमी की बात मेरे मन में घर कर गई। गंगा हम सब की जिंदगी की एक अहम हिस्सा है और एक नदी के रूप में भी इस संपदा को बचाना जरूरी है।

ऐसे में अपने कुछ साथियों के साथ मिलकर मैंने गंगा के एक-एक हिस्से को साफ करने का बीड़ा उठाया। सुबह-सवेरे मैं अपने कुछ साथियों के साथ घाटों पर पहुंच जाता और हम नदी में उतरकर पानी में मौजूद गंदगी को बाहर निकालते।

प्रमोद कुमार जैसे कई लोग हमारे साथ जुड़ते गए।

प्रमोद कहते हैं, 'हाथों में तसले-फावड़े लिए हम लोग घाटों पर जाते हैं और सफाई का काम शुरू कर देते हैं। सब लोगों के बीच काम बांट दिया जाता है, कोई पानी में गिरे कूड़े-कचरे की सफाई करता है, कोई फूल-पत्ती साफ करता है तो कोई घाटों पर झाड़ू लगाता है। लंबी सफेद दाढ़ी और उजले बालों वाले गुड्डू बाबा को देखकर शायद ही कोई ये अंदाजा लगा पाए कि वो पानी में बहते शवों और गंदगी को बाहर निकालने का काम करते हैं।'

गंगा की सफाई के दौरान हमने देखा कि मंदिरों और घरों से निकलने वाले धार्मिक कचरे के अलावा गंदगी का एक बड़ा कारण था गंगा में बड़ी संख्या में बहाए जाने वाले पशुओं के शव, लावारिस लाशें और अंतिम क्रिया के अवशेष।

ये लाशें सड़ती हैं, गलती हैं और गंगा को प्रदूषित करती हैं। आरटीआई के जरिए मैंने जाना कि पशुओं के शवों को ठिकाने लगाने के लिए तो शहर भर में एक इंच भूमि भी उपलब्ध नहीं।

इस मुद्दे को लेकर मैंने पटना हाई कोर्ट में एक जनहित याचिका दायर की। कुछ साल बाद हाई कोर्ट के आदेश से इस पर तो रोक लग गई, लेकिन लाशों का गंगा के किनारे जलना और उन्हें गंगा में बहाने का सिलसिला लगातार जारी था।

कानूनी लड़ाई में मेरे साथ रही अंजू बताती हैं, 'लकड़ी का दाम इतना बढ़ गया है कि गरीब आदमी कम से कम लकड़ी के साथ शव को जलाने के लिए मजबूर है। ऐसे में लकड़ी खत्म हो जाने पर अधजली लाश ही गंगा में बहा दी जाती है।'

हमारा मकसद गंगा को हर तरह के प्रदूषण से बचाना था और अपनी मुहिम के तहत हमने अधजली लाशों और पानी में तैरते शवों को भी ठिकाने लगाने का काम शुरू किया।

प्रमोद बताते हैं, 'जो लोग अंतिम संस्कार के लिए घाटों पर आते हैं वो शव के साथ चादरें, तकिए, गद्दे, पहनने के कपड़े भी गंगा में बहा देते हैं। आप सोचिए कि हर दिन जब ऐसा किया जाए तो नदी तो जाम हो जाएगी। तो ऐसे में हम इन चीज़ों को बाहर निकालते हैं और उन्हें सुखाकर एमसीडी के ट्रकों में लदवा देते हैं।'

इस तरह के प्रदूषण से निपटने के लिए पटना में छह विद्युत शवदाह गृह शुरू किए गए थे, लेकिन सरकारी निकम्मेपन के चलते वो सिर्फ कागजों पर ही दर्ज होकर रह गए। अपनी मुहिम के तहत कई सालों की दौड़-धूप के बाद मैं तीन शवदाह गृहों को दोबारा चालू कराने में कामयाब हुआ। साथ ही कोर्ट के आदेश से अब गंगा में लाशें बहाना भी अब कानूनन जुर्म हो गया है।

ये आदेश देश भर में लागू है, लेकिन व्यवस्था में खामी के चलते ज्यादातर जगहों में इस पर अमल नहीं हो पा रहा। ये विडंबना ही है कि गंगा को बचाने के नाम पर सरकार की ओर से जमीनी प्रयास कम और दिखावटी प्रयास ज्यादा हो रहे हैं।

गंगा किसी पहचान की मोहताज नहीं और मेरा मानना है कि गंगा को राष्ट्रीय नदी घोषित करने या बड़े-बड़े गंगा आरती कार्यक्रम आयोजित करने से इस नदी का भला नहीं हो सकता।

गंगा को बचाने के लिए जरूरी है कि सरकारी धन की बर्बादी रुके और योजनाओं पर सख्‍ती से अमल हो। मेरी ये कोशिश तो एक छोटा सा प्रयास है, लेकिन देशभर में लोग अगर इस तरह की मुहिम छेड़ दें तो गंगा फिर उतनी ही पवित्र हो सकती है।