जानिए बारह राशियों के सौभाग्यवर्धक रंग
होली विशेष : बारह राशियां और भाग्यशाली रंग
ND
सदियों से मानव ने प्रत्येक बुराई को अच्छाई में, प्रत्येक दुःख को सुख में बदलने के लिए प्रयास किए। इन प्रयासों में जब कभी वह सफल हुआ तो इसे एक उत्सव, विजय के रूप में मनाने के लिए आतुर हुआ। होली का परम पावन पर्व प्रति वर्ष की भांति इस वर्ष भी 8 मार्च 2012 को मनाया जा रहा है।
यह त्योहार प्रत्येक वर्ष फाल्गुन मास की पूर्णिमा से प्रतिपदा के मध्य मनाया जाता है। होली के रंग हमें केवल लुभाते ही नहीं, बल्कि हमारे मन और शरीर पर प्रत्यक्ष रूप से असर भी डालते हैं।
सूरज की लाली, धरती की हरियाली, चंदा की चांदनी और गगन मण्डल में सतरंगी इंद्रधनुष का आकर्षण मानव के पंच महाभूत स्थूल शरीर को सदैव लुभाता रहता है। संपूर्ण ब्रह्माण्ड में विविध प्रकार के रंग समाहित हैं। इस पंचभूत शरीर में भी कई तरह के रंगों का मिश्रण है। जैसे-पृथ्वी तत्त्व का रंग बैंगनी व नारंगी, जल का हरा एवं नीला, पावक (अग्नि) का लाल, व पीला, हवा का बैंगनी और आकाश का रंग प्रायः नीला है।
ND
मंगल व शुक्र का मिलन बड़ा ही रोचक होता है। मंगल हमें जोश व उत्साह प्रदान करता है। शुक्र हमें सांसारिक खुशियां प्रदान कर जीवन व मन को प्रसन्न बनाता है।
बुध का रंग हरा है जो उन्नति और प्रसन्नता का सूचक है यह रिश्तों में प्रेम और चाहत को बनाए रखने हेतु प्रेरित करता है। दिलों को मिला उनमें हंसी-खेल व मित्रता की भावना को बढ़ाता है। हमारे चेहरे पर सुन्दरता का नूर खिलाता है। यह तंत्रिका तंत्र का स्वामी है।
शुक्र का सफेद रंग मानसिक शांति का और मंगल का लाल रंग जोश व उमंग का सूचक है। सूर्य विश्व की आत्मा है यह हमारे जीवन को ओज और ऊर्जा से भर देता है। इसका रंग नारंगी व सुनहला है यह हमारे आपसी संबंधों को मजबूती प्रदान कर चेहरे को खिला देता है।
चंद्रमा का रंग सफेद है। यह हमारी कल्पनाशक्ति व मानसिक शक्ति का स्वामी है। यह मन की शांति व खूबसूरती का सूचक ग्रह है। यह हमारे मनोभावों तथा मनोकामनाओं को साकार करने के द्वार खोलता है। दो दिलों में मेल कराता है। उन्हें आपस में जोड़ता है। यह मन का स्वामी है।
बृहस्पति (गुरु) का रंग पीला होता है। यह ग्रह वैभव व समृद्धि का सूचक है। इसे बुद्धि का स्वामी तथा विवेक का रंग भी कहा जाता है। भारतीय वांग्मय में शुभ कार्यो में पीले वस्त्र का विशेष महत्व है। इस रंग से खुशियां बढ़ती हैं। ज्ञान प्राप्त होता है व ऊर्जा मिलती है। सौभाग्य तथा बुद्धि में अद्भुत वृद्धि होती है।
शनि का रंग काला व नीला होता है। नीला रंग प्रसन्नता व शांति का सूचक है। नीला रंग हमारी चेतना शक्ति को भी प्रभावित करता है। शनि ग्रह रात का स्वामी है। काली रात में हल्के नीले रंग के बल्ब का प्रयोग शयन कक्ष में किया जाए तो सुखद व गहरी नींद भी आती है। यह रंग हमारे जीवन के अति विशिष्ट रिश्तों को मधुरता और मजबूती प्रदान करता है।
शनि कालपुरुष की कुण्डली में दशम व एकादश भाव का स्वामी होता है। यह ग्रह हमारे अंदर मजबूती व गंभीरता को जागृति करता है। अभिलाषाओं की पूर्ति कर भाग्य को भी मजबूत बनाता है। हमारे शरीर में रंग सदैव एक विशेष प्रभाव व उत्साह छोड़ते हैं।
सफेद रंग शरीर में महत्वाकांक्षा को, केसरिया व भगवा रंग बलिदान व त्याग को, लाल रंग उत्तेजना को, काला रंग चिंतन व रहस्य को उत्पन्न करता है। पीला रंग ताप उत्पन्न करता है और हरा रंग शरीर में सर्दी व गर्मी के संतुलन को बनाए रखता है। नीला रंग मन को शांत तथा गंभीर बनाता है। लाल रंग जीवन में ऊर्जा शक्ति का विशेष संचार करता है।
ND
होली के अवसर पर विभिन्न राशियों हेतु सुख व सौभाग्यवर्धक रंग।
मेष (21 मार्च-अप्रैल 20) : भाग्यशाली रंग लाल और पीला।
वृष (अप्रैल 21-मई 20) : भाग्यशाली रंग ऑरेंज और परपल (जामुनी)।
मिथुन (21 मई-21 जून) : भाग्यशाली रंग हरा और परपल।
कर्क (22 जून-22 जुलाई) : भाग्यशाली रंग नीला और हरा।
सिंह (23जुलाई-23 अगस्त) : भाग्यशाली रंग गोल्डन पीला और ऑरेंज।
कन्या (24अगस्त-23 सितंबर) : भाग्यशाली रंग ऑरेंज और परपल।
तुला (24 सितंबर-23 अक्टूबर): भाग्यशाली रंग गुलाबी, सैफरन और ऑरेंज।
वृश्चिक (24अक्टूबर-22 नवम्बर) : भाग्यशाली रंग लाल, पीला और हरा।
धनु (23नवंबर-21 दिसंबर) : भाग्यशाली रंग पीला और लाल।
मकर (22 दिसंबर-20 जनवरी) : भाग्यशाली रंग गुलाबी और लाल।
कुंभ (22 जनवरी-19 फरवरी) : भाग्यशाली रंग गुलाबी और लाल।
मीन (20फरवरी- 20 मार्च) : भाग्यशाली रंग हरा और ऑरेंज।

