आग से एक भारतीय की मौत
ND
शारजाह में एक अपार्टमेंट में लगी आग में वहाँ रह रहे एक भारतीय की जलकर मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि पैंतीस वर्षीय भारतीय शारजाह स्थित औद्योगिक इलाके के एक अपार्टमेंट में रहता था। घर में लगी आग के कारण वह उसमें फँस गया और उसकी मौत हो गई।
मृत व्यक्ति की अभी तक पहचान नहीं हो पाई है। कल लगी इस आग के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पुलिस कंट्रोल रूम को इस बात की सूचना मिली थी कि रिहायशी इलाके की एक इमारत में चौथी मंजिल में आग लगी है। पुलिस ने तुरंत शारजाह सिविल डिफेंस और चिकित्सकीय सेवा के कर्मचारियों को मौके पर रवाना कर दिया जिन्होंने आग से होने वाले संभावित नुकसान को कम करने के लिये उस इलाके की घेराबंदी कर दी।
अधिकारियों ने बताया कि ‘रिहायशी भवन को मिनट भर के अंदर ही खाली करा लिया गया और दस मिनट के अंदर आग पर काबू पा लिया गया। इस अपार्टमेंट में लगी आग से आस पास की इमारतों को किसी प्रकार का नुकसान नहीं पहुँचा है।’ (भाषा)

