1. खबर-संसार
  2. »
  3. चुनाव
  4. »
  5. मध्यप्रदेश

बस गुरु के ही भरोसे

चुनाव 2008
जबलपुर से राजेश शर्मा
यहाँ भी सियासी हलकों में आध्यात्मिक झुकाव सहसा बढ़ गया है। टिकट के लिए हाथ-पाँव मारने वाले हों या उम्मीदवारी तय होने के बाद जीत की आशा से लबरेज राजनीति के खिलाड़ी, सभी धार्मिकता के प्रवाह में बहे चले जा रहे हैं। जहाँ से भी आशीर्वाद या चमत्कार की जरा-सी भी आशा है, वहाँ मत्था टेकने से कतई गुरेज नहीं किया जा रहा है। लिहाजा, धर्मगुरुओं के यहाँ आने वाले सफेद कुर्ताधारियों की संख्या में खासा इजाफा हो गया है। वे हर हाल में टिकट और जीत चाहते हैं। जिन धर्मगुरुओं की राजनीति में पैठ है, उनके शागिर्द दिल्ली के राजनीतिक गलियारों के अलावा मठों व धार्मिक स्थलों पर भी देखे जा सकते हैं।

किसी ने वैष्णोदेवी के दर्शन कर मन्नत माँगी तो कोई नर्मदा तट पर चातुर्मास कर रहे रावतपुरा सरकार के चरणों पर थे। प्रदेश के एक मंत्री, जो दतिया से चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे हैं, आजानबाहू धर्मगुरु रावतपुरा सरकार से आशीर्वाद लेने जबलपुर कई बार आए। इसी तरह एक विधायक, जो अब तेंदूखेड़ा से चुनावी मैदान में उतरने की तैयारी में हैं, नर्मदा तट पर रावतपुरा सरकार की शरण में देखे गए। इसी तरह गृहस्थ संत पंडित देवप्रभाकर शास्त्री 'दद्दाजी' के छः शिष्य अलग पार्टियों से चुनाव मैदान में कूदने की तैयारी में हैं।

माँ चंडी की शरण में - पिछले चुनाव में माँ चंडी के दरबार में कई नेतागण नतमस्तक थे। संजीवनी नगर स्थित इस दरबार की भविष्यवाणियों पर नेताओं को पूरा भरोसा है। इसलिए तो कांग्रेस की एक महिला नेता दरबार में सबसे पहले पहुँचीं।