1. खबर-संसार
  2. »
  3. चुनाव 2009
  4. »
  5. लोकसभा चुनाव

राजग 225 सीटें जीतेगा : टीआरएस

राजग को समर्थन
राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) को समर्थन देने की घोषणा कर चकित कर देने वाले तेलंगाना राष्ट्र समिति के अध्यक्ष के चन्द्रशेखर राव ने विश्वास जताया है कि राजग गठबंधन अपने बल पर कम से कम 225 लोकसभा सीटे जीतेगा।

राव ने दावा किया कि यह तय है कि संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) 160 सीटों से आगे नहीं बढ़ पाएगा। दूसरी तरफ राजग अपने बलबूते 225 सीटे जीतेगा।

भाजपा के वरिष्ठ नेता एम वेंकैया नायडू से नई दिल्ली में मुलाकात करने वाले राव ने कहा कि राजग में शामिल पार्टियाँ महाराष्ट्र और बिहार जैसे राज्यों में अपने विरोधी दलों से बेहतर प्रदर्शन करेंगे।

राव ने दस मई को लुधियाना में राजग को समर्थन देकर तीसरे मोर्चे को झटका दिया था। पूर्व में तीसरे मोर्चे के साथ रहे राव ने आन्ध्र प्रदेश में तेलुगू देशम पार्टी (तेदेपा) और वाम दलों के साथ गठबंधन करके चुनाव लड़ा था।

राव ने रैली में कहा था कि न केवल वह खुले मन से राजग को समर्थन दे रहे हैं बल्कि दूसरे दलों को भी इससे जोड़ेंगे। नायडू को उम्मीद है कि कांग्रेस का विरोध करने वाले और भी दल भाजपा नीत गठबंधन में शामिल होंगे।
लेखक के बारे में
भाषा
भाषा हिन्दी समाचार एजेंसी है, जो कि वेबदुनिया को अनुबंध के तहत देश-विदेश की खबरें उपलब्ध करवाती है।.... और पढ़ें