1. खबर-संसार
  2. »
  3. चुनाव 2009
  4. »
  5. लोकसभा चुनाव
  6. पासवान के पास 1 करोड़ की संपत्ति

पासवान के पास 1 करोड़ की संपत्ति

रामविलास पासवान
केंद्रीय मंत्री और लोजपा प्रमुख रामविलास पासवान और उनके परिवार के पास एक करोड़ 15 लाख 88 हजार 791 रुपए की चल और अचल संपत्ति तथा एक पेट्रोल पंप और दो कार हैं।

लोजपा प्रमुख पासवान ने गुरुवार को हाजीपुर (सुरक्षित) संसदीय क्षेत्र से नामांकन पत्र भरते समय दिए गए हलफनामे में कहा है कि उनके पास कुल 60 लाख 45 हजार 755 रुपए हैं, जिसमें से 59 लाख 70 हजार 755 रुपए बैंकों में जमा हैं, जबकि 75 हजार रुपए नकद हैं।

पासवान के पास एक अम्बेसेडर कार तथा खगडिया में करीब 15 लाख रुपए की 15 एकड़ जमीन तथा गैरकृषि भूखंड के तौर पर पाँच लाख रुपए मूल्य की पटना के एमएलए कॉलोनी में 2423 वर्ग फुट जमीन होने की बात स्वीकारी है।

पासवान की पत्नी रीना पासवान के पास कुल 17 लाख दो हजार 71 रुपए की राशि है, जिसमें से बैंक में जमा राशि 16 लाख 52 हजार 71 रुपए है, जबकि 50 हजार रुपए नकद शामिल हैं। इसके अतिरिक्त उनके पास करीब साढ़े चार लाख रुपए की अन्य संपत्ति है।

पासवान की पत्नी के पास नई दिल्ली में पाँच लाख रुपए मूल्य का 500 वर्ग गज का एक भूखंड है तथा नई दिल्ली के वसंतकुंज इलाके में एक पेट्रोल पम्प, एक जेन कार तथा करीब छह लाख रुपए मूल्य का 40 तोला सोना है, जो उन्हें सास ने दिया है।

पासवान के बेटे चिराग के पास तीन लाख 40 हजार 965 रुपए बैंक में जमा हैं और उनके नाम कोई अचल संपत्ति नहीं है।
लेखक के बारे में
भाषा
भाषा हिन्दी समाचार एजेंसी है, जो कि वेबदुनिया को अनुबंध के तहत देश-विदेश की खबरें उपलब्ध करवाती है।.... और पढ़ें