1. खबर-संसार
  2. »
  3. चुनाव 2009
  4. »
  5. लोकसभा चुनाव

300 ने गँवाई थी अपनी जमानत!

लोकसभा चुनाव
सुमंत मिश्र

2004 में हुए लोकसभा चुनाव में महाराष्ट्र की 48 सीटों के लिए कुल 628 उम्मीदवारों ने पर्चा भरा था जबकि 492 प्रत्याशियों ने चुनाव में अपनी किस्मत आजमाई। इसमें 383 पुरुष और 29 महिलाएँ थीं । इनमें से 288 पुरुष और 21 महिलाएँ अपनी जमानत भी नहीं बचा सकी थीं।

कांग्रेस ने कुल 26 स्थानों पर चुनाव लड़ा और उसके 13 प्रत्याशी संसद में जा पहुँचे, जबकि उसकी सहयोगी एनसीपी ने 18 सीटों पर चुनाव लड़ा और उसके 9 प्रत्याशी जीते। इन दोनों गठबंधन के साथ आरपीआई के रामदास आठवाले भी चुनाव लड़े और जीतने में कामयाब रहे।

शिवसेना ने 22 सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारे और उसके 12 प्रत्याशी चुनाव में कामयाब रहे जबकि उसकी सहयोगी दल भाजपा ने 26 सीटों पर चुनाव लड़ा और 13 सीट जीतने में कामयाब रही।

मुलायमसिंह की सपा ने 14 सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारे जरूर, लेकिन उनमें से कोई भी चुनाव नहीं जीत सका और अधिकांश प्रत्याशियों की जमानत भी जब्त हो गई। सपा को कुल 2 लाख 70 हजार यानी कुल मत के एक प्रतिशत मत भी नहीं मिले। जबकि मायावती की बसपा ने 48 में से 46 सीटों पर अपने उम्मीदवार खड़े किए और कुल मत में से लगभग साढ़े दस लाख मत हासिल किए जो 3 प्रतिशत के आसपास रहा।

बसपा के हाथी ने महाराष्ट्र के विदर्भ इलाके में कांग्रेस और एनसीपी गठबंधन के एक दर्जन प्रत्याशियों को हराने का कारण बना।