1. खबर-संसार
  2. »
  3. करियर
  4. »
  5. मनपसंद करियर

सीए बनने के लिए देना होगी सीपीटी

मार्गदर्शन

करियर
-जयंतीलाल भंडारी

मैं 11वीं कॉमर्स का विद्यार्थी हूँ। मेरा अकाउंट्स अच्छा है, अतः सीए बनने के लिए मैं क्या करूँ?

-मनु रत्नपारखे

सीए बनने के लिए 12वीं की परीक्षा देने के बाद 'कॉमन प्रोफिशियन्सी टेस्ट' (सीपीटी) देना होगी। इसके आवेदन एवं विस्तृत जानकारी हेतु शहर में 'इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया' से संपर्क किया जा सकता है।

मैंने 75 प्रतिशत अंकों से 10 वीं की परीक्षा उत्तीर्ण की है और विज्ञान में मुझे 65 अंक मिले हैं। मैं डॉक्टर बनना चाहता हूँ क्या बायोलॉजी विषय लेना मेरे लिए उचित होगा।

-अर्पित जैन

डॉक्टर बनने के लिए देश की अधिकांश प्रवेश परीक्षाओं में कट ऑफ अंक 90 प्रतिशत के लगभग होते हैं। आपको जो अंक मिले हैं, उनके आधार पर बायोलॉजी विषय का चयन जोखिमपूर्ण होगा।

मैंने कोई भी इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा नहीं दी है। मैं सांख्यिकी के क्षेत्र में करियर किस तरह बना सकता हूँ?

-निलेश बियाणी

आप बीएससी सांख्यिकी करें। इसके बाद सांख्यिकी के देश के उच्चतम इंडियन स्टेटेस्टिक इंस्टीट्यूट कोलकाता, दिल्ली, मुंबई और हैदराबाद जैसे कॉलेज से पोस्ट ग्रेज्युएट कर अच्छा करियर बना सकते हैं।

मैंने 12वीं कॉमर्स ग्रुप से की है और मैं कम्प्यूटर अकाउंटिंग में करियर बनाना चाहता हूँ।

-नितेश नंदवाल

आप बीकॉम विथ कम्प्यूटर की डिग्री के लिए प्रवेश लें। इसके साथ कम्प्यूटर अकाउंटिंग का विशेष कोर्स भी करें।

मैं 12 वीं उत्तीर्ण हूँ और इंदौर में रहते हुए लॉ के क्षेत्र में करियर बनाना चाहती हूँ।

-पूजा मालपानी

5 साल का बीएएलएलबी कोर्स देवी अहिल्या विश्वविद्यालय से होता है। 12वीं के बाद यह कोर्स कर लॉ में करियर बना सकती हैं।

मैंने 10वीं उत्तीर्ण की है। कोई उपयुक्त व्यावसायिक पाठ्यक्रम किसी सरकारी संस्थान से करना चाहता हूँ।

-राहुल कछवाह

10वीं के बाद व्यावसायिक एवं कौशल प्रशिक्षण के विभिन्ना पाठ्यक्रम 'औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान' (आईटीआई) में उपलब्ध हैं। ये रोजगारोन्मुखी पाठ्यक्रम हैं और इनकी ट्यूशन फीस भी कम होती है।

मैंने 10 वीं में 90 प्रतिशत अंक प्राप्त किए हैं। मुझे गणित में 92, विज्ञान में 89 और सोशल स्टडी में 94 अंक मिले हैं अतः मैं कौन सा विषय लूँ?

-स्वाति रायचुरिया

यदि गणित और विज्ञान में आपकी रुचि है तो फिजिक्स, कैमेस्ट्री और मैथ्स (पीसीएम) चुनें।