1. सामयिक
  2. »
  3. बीबीसी हिंदी
  4. »
  5. बीबीसी समाचार

संघर्ष से शिखर पर पहुँचा-सोनू

मशहूर पार्श्व गायक सोनू निगम बॉलीवुड
BBCBBC
मशहूर पार्श्व गायक सोनू निगम जितनी खूबसूरत आवाज के मालिक हैं उतने ही खुद भी स्मार्ट हैं। कहा जाता है उनका मन भी बड़ा उज्ज्वल और आध्यात्मिक है। 'बीबीसी एक मुलाकात' कार्यक्रम में सोनू ने अपनी जिंदगी और करियर से जुड़े सवालों के जवाब बड़ी सहजता से दिए। प्रस्तुत उसी बातचीत के मुख्‍य अंश :-

आपने साढ़े तीन साल की उम्र में ही गाना शुरू कर दिया था। इतनी कम उम्र से ही ये सब कैसे शुरू हो गया?
मैं यहाँ धर्म को बीच में लाऊँगा। जैसे किसी बच्चे को शुरू से बताया जाता है कि तू मुसलमान है, हिंदू या ईसाई है तो उसे लगता है कि यही दुनिया है। इसी तरह जब मैंने आँखे खोलीं तो मेरे चारों तरफ शो, कन्सर्ट थे। कभी पापा स्टेज पर गा रहे थे तो कभी मम्मी। इससे मुझे लगने लगा कि यही दुनिया है और मैं भी यही करूँगा। मुझे कभी मम्मी या पापा ने नहीं कहा कि गायक ही बनना है।

एक दिन जब मेरे पापा स्टेज पर गा रहे थे, ‘क्या हुआ तेरा वादा…’ तो मैं भी रोने लगा कि ऊपर जाकर गाऊँगा। मेरे पापा मम्मी को आँखें दिखाकर मुझे चुप कराने के लिए कह रहे थे तो लोगों ने कहा कि आने दीजिए बच्चा है, नहीं भी गा पाएगा तो क्या हो जाएगा। फिर मैं ऊपर जाकर पापा के साथ गाने लगा तो लोगों को लगा कि ये तो तैयार गायक है। उसके बाद मैं हर शो में पापा के साथ गाने लगा और फिर मुझे प्रोफ़ेशनल आर्टिस्ट के रूप में बुक किया जाने लगा।

कुछ लोगों का कहना है कि जब शुरू-शुरू में आप गाते थे तो उस पर रफी साहब की गहरी छाप दिखाई देती थी?
इस सच्चाई को हम कैसे झुठला सकते हैं। जब मैं मुंबई गायक बनने आया था तो मेरी यही कोशिश होती थी कि रफी साहब की आवाज को लेकर आऊँ और उनके जैसा गाऊँ। जैसे लताजी जब आईं थी तो वो नूरजहाँजी से प्रेरित थीं और उनकी कोशिश होती थी कि नूरजहाँ जैसा गाएँ। रफी साहब जब आए थे तो वो खुद बोलते थे कि वे जीएम दुर्रानी से प्रेरित थे, मुकेशजी ने तो पहला गाना ही केएल सहगल साहब के साथ गाया था।

इसलिए ये विश्वास नहीं किया जा सकता कोई किसी को सुने बिना या किसी से प्रेरित हुए बिना गा सकता है। फिर चाहे आप शास्त्रीय संगीत गा रहे हों या अंग्रेजी गाने, शुरू में किसी न किसी से प्रेरणा तो मिलती ही । इसके बाद जब काम मिलने लगता है और आँखें खुलती है और लगता हैं कि मैं ये भी कर सकता हूँ। मैंने बाद में कई इंग्लिश गाने सुने और अपनी शैली विकसित की। ‘परदेस’ फिल्म का ये दिल दीवाना... गाने से मैं वेस्टर्न स्टाइल की गायिकी को भारत में लेकर आया। इससे पहले इस स्टाइल से भारत में गाने नहीं गाए जाते थे।

जब ‘सारेगामा’ लोकप्रिय हो गया और लोग सोनू निगम को पहचानने लगे तो कैसा लगा?
इस खुशी का एहसास मुझे सबसे पहली बार इसराइल में हुआ। वहाँ नवंबर, 1995 में मैं एक शो के लिए गया था और 'सारेगामा' मई में शुरू हो चुका था। मेरे साथ चंकी पांडे और कुछ अभिनेत्रियाँ भी थीं। जब हम एयरपोर्ट से निकले तो देखा लड़कियों ने चंकी पांडे को चूमना शुरू कर दिया, मैं पीछे सामान लेकर निकल रहा था और सोच रहा था हीरो आखिर हीरो होता है। तभी अचानक मैंने देखा कि लड़कियों का हुजूम चंकी पांडे को छोड़कर मेर तरफ आ रहा था। मुझे लगा कि मेरे पीछे कोई स्टार आ रहा है। मैंने कल्पना भी नहीं की थी चंकी को छोड़कर लड़कियाँ मेरे पास आ जाएँगी। अचानक मैंने देखा कि मेरा मुँह लिपस्टिक से भर गया है और जो सामान मैं ट्रॉली में लेकर आ रहा था वो नीचे गिरा पड़ा है।

ये मेरा इस तरह का पहला अनुभव था और मुझे बहुत मजा आया। मैंने तो काफी देर तक मुँह नहीं धोया और होटल में जाकर एक फोटो खींचकर बाद में उसे माँ को दिखाया। हालाँकि बाद में इस तरह के कई अनुभव हुए।

'सारेगामा' होस्ट करने के दौरान ही फिल्मों में गाने का पहला मौका मिला या फिर उसके पहले या बाद में?
मैं मुंबई 1991 में ही आ गया था और 'सारेगामा' 1995 में आया। चार साल तक मैंने मुंबई में बहुत धक्के खाए और मेरे पास बहुत कम काम था। हालाँकि ‘अच्छा सिला दिया तूने मेरे प्यार का’ वाला मेरा एलबम बहुत हिट था। इस पर ‘बेवफा सनम’ के नाम से फिल्म भी बनी। फिल्मों में मुझे पहला बड़ा ब्रेक 'बॉर्डर'ए में ‘संदेशे आते हैं...’ से मिला और उसके बाद परदेस का गाना मिला।

शाहरुख खान और सोनू निगम की जोड़ी कुछ-कुछ राजेश खन्ना और किशोर कुमार जैसी जोड़ी लगती है?
उतना तो नहीं है क्योंकि किशोर कुमारजी ने राजेश खन्ना के लिए निरंतर गाया है, रफीजी ने उनके लिए उतना नहीं गाया है। आज का जमाना ऐसा नहीं है। कोई किसी के लिए निरंतर नहीं गाता। मुझे लगता है कि मेरा और शाहरुख का स्वभाव मिलता है। शाहरुख के स्वभाव में जो जुनून है मैं उसके हिसाब से गाना गाता हूँ क्योंकि मैं जानता हूँ कि वह इस पर किस तरह से एक्टिंग करेंगे।

क्या गाने को लेकर म्यूजिक डायरेक्टर के साथ-साथ अभिनेताओं से भी चर्चा होती है?
अगर अभिनेता वहाँ मौजूद हों तो चर्चा हो जाती है अगर नहीं हों तो इस पर आमूमन बात नहीं होती। कम से कम मेरे साथ तो ऐसा नहीं होता।

आपने कहा कि चार साल बहुत संघर्ष किया, कैसे थे वो दिन?
सड़कों पर गरीबी में रहना जैसा संघर्ष तो पापा ने किया है। मैं जब 18 साल की उम्र में पापा के साथ 1991 में मुंबई में आया तो हम दोनों ने म्यूजिक डायरेक्टरों के दफ्तरों की बहुत खाक छानी। हम लोगों का संघर्ष मूल रूप से भावनात्मक था। मैं अपने स्कूल का टॉपर था और सभी बहुत इज्जत करते थे। जब मुंबई पहुँचा तो दफ्तरों के चपरासी भी भगा देते थे और बहुत ही खराब तरीके से बात करते थे तो काफी बुरा लगता था। कई संगीतकार तो आठ-आठ घंटे तक बैठाए रखते थे।

मुझे याद है कि एक बार एक आदमी ने मुझे और मेरे पापा को ऑफिस से भगा दिया था। उन्होंने मुझसे कहा कि आपकी आवाज में बहुत ज्यादा विविधता है एक आवाज में गाकर सुनाइए। मैंने कहा कि मैं एक ही आवाज में क्यों गाऊँ। उन्होंने कहा कि किशोर कुमार और रफी साहब को देखो एक आवाज में गाते हैं। मैंने उनसे कहा कि क्या ये जरूरी है कि उन्होंने जो किया मैं वहीं करूँ। मैं गायक बनने के लिए अपना मजबूत पक्ष लेकर आया हूँ इसे मेरी कमजोरी मत मानिए। तब उनको मेरी ये बात समझ में नहीं आई और वह बुरा मान गए और हम दोनों को भगा दिया।

उन दिनों जो लोग भगा देते थे आज उन लोगों से मुलाकात होती है?
हाँ, वैसे भी बदला लेने में विश्वास नहीं करता क्योंकि यह भावना आदमी को नकारात्मक बना देती है। मैं सफल हो गया, यही बदला था। और कुदरत ने उनके मुँह पर तमाचा मारकर इन्साफ कर दिया। बाद में वही लोग मेरे साथ फोटो खिंचवाते हैं।

आपकी आवाज इतनी अच्छी है, इसका एहसास आपको कब हुआ?
ये बात मुझे बचपन से ही पता थी। इसमें कोई घमंड वाली बात नहीं। आपको पता होना चाहिए कि आपका मजबूत पक्ष और कमजोर पक्ष क्या है। मैं बचपन में मुख्य रूप से रफी साहब और किशोर कुमार की शैली में गाने की कोशिश करता था क्योंकि उस समय यही दोनों सबसे ब़डे गायक थे। जब रफी साहब नहीं रहे तो उनके स्थान पर आए गायकों की भी कॉपी करता था। किशोर कुमार की मौत के बाद आए कुमार शानू, उदित नारायण, अभिजीत भट्टाचार्य के स्टाइल में भी गा लेता था। मैं ही एकमात्र गायक था जो इतने लोगों के स्टाइल में गा सकता था और ये मैं बचपन से ही जानता था।

आप आज भी रियाज करते हैं या नहीं?
मेरे लिए रियाज बहुत जरूरी है क्योंकि सब जानते हैं कि मैं जन्मजात गायक नहीं हूँ। मैं रियाज न करूँ तो मेरी विविधता खत्म हो जाएगी। ये अलग बात है कि मेरे लिए रियाज का कोई निश्चित तरीका और वक्त नहीं है। जब भी मौका मिलता है रियाज कर लेता हूँ।

अगर आप गायक नहीं होते तो क्या होते?
मेरे दिमाग में हमेशा विकल्प बदलते रहते थे। जब मैं पाँचवीं-छठी क्लास में था तो साइंस में मेरी बहुत रुचि थी। केमेस्ट्री में तो कम लेकिन फिजिक्स और बॉयोलॉजी में बहुत रुचि थी। जब नौवीं में पहुँचा और आवाज खुलने लगी तो मैंने दिल्ली में संगीत की बहुत सारी प्रतियोगिताएँ जीतीं और बाद में तो मुझे बतौर प्रतियोगी बुलाने पर ही रोक लगा दी गई। मैं इन प्रतियोगिताओं में बतौर अतिथि गायक बुलाया जाने लगा था। इस वक्त तक मुझे घूमना बहुत अच्छा लगने लगा था तो मैं सोचने लगा था कि आईएफएस में जाकर देश-विदेश की यात्रा करूँगा।

लेकिन दसवीं के बाद मैं समझ गया था कि संगीत सब पर भारी पड़ रहा है और मैंने तय कर लिया था कि गायक ही बनना है। बाद में घरवालों से विचार-विमर्श करके तय हुआ कि बारहवी के बाद मुंबई जाकर संघर्ष करूँगा और पत्राचार से ही आगे की पढ़ाई करूँगा।

मध्यमवर्गीय परिवार के लिए इस तरह का फैसला काफी कठिन होता है। आपका परिवार इस कश्मकश से कैसे निकला?
पापा और मैं, अक्सर इस बारे में चर्चा करते थे और मैं मुंबई में चार साल पहले रह भी चुका था। पापा ने मुझसे कहा, तुम्हारे पास दो विकल्प हैं या तो अभी धक्के खा लो या फिर अभी आराम कर लो और बुढ़ापे में धक्का खाना। मुझे भी लगा कि पहला विकल्प ही बेहतर क्योंकि अभी कोई डाँटेगा भी तो मैं बर्दाश्त कर लूँगा लेकिन हो सकता है कि बाद में मैं ये सहन न कर सकूँ। मुझे लगा कि मेरा फ़ैसला अच्छा रहा और मैं मुंबई में आकर मैं काफ़ी शांत हो गया।
सफलता के बाद आपने अपने में किस तरह का बदलाव महसूस किया?
मुझे नहीं लगता कि कभी किसी ने मेरे रवैये की शिकायत की या फिर मेरे बारे में इस तरह की बात उठी। बल्कि मुझे तो अफसोस है कि
BBCBBC
मेरे बारे में इस तरह की कोई चर्चा नहीं हुई। मैं आज लोगों को देखता हूँ कि एक गाना हिट हुआ और कुछ पुरस्कार मिलते ही बड़ी-बड़ी बातें करने लगते हैं। मैं तो हमेशा लोगों के लिए आसानी से उपलब्ध रहा और बड़े सस्ते में काम करके दिए।

जब मेरे पास बहुत काम होता है तो कुछ काम के लिए मना तो करना ही पड़ेगा, ऐसे में जिनके साथ काम नहीं करूँगा वो तो बुरा मानेंगे ही। फिर डेट्स और वित्तीय समस्याओं की वजह से भी जब लोगों के साथ काम नही कर पाता हूँ या फिर कभी-कभी ऐसा भी होता है कि हम साथ काम करते हैं पर किसी वजह से रिश्ते में तनाव हो जाता है। मैंने जो फिल्में कीं उनमें ऐसा ही कुछ हुआ लेकिन मुझे नहीं लगता है कि अमूमन मेरे बारे में लोग ऐसी बातें करते हैं।

आपने ‘संदेशे आते हैं...’ गाने के लिए जी अवार्ड लेने से मना कर दिया था, क्यों?
उसके पीछे एक बहुत बड़ा कारण था और लोगों ने इसकी प्रशंसा ही की। उस गाने को रूप कुमार राठौड़ और मैंने मिलकर गाया था लेकिन उनको नामांकित तक नहीं किया गया था। मेरे लिए यही जीवन है, मैं स्वार्थी बनकर नहीं जी सकता था। और मुझे मालूम है कि रूप कुमारजी मेरे लिए शायद ऐसा नहीं करते। मैंने उन लोगों से भी कहा था कि ये आप लोगों ने गलत किया है। आप उनको भी नामांकित करते और उसके बाद अगर मेरा चयन पुरस्कार के लिए होता तो मैं अवार्ड जरूर लेता। ये चीजें भारत में बहुत गलत है, पुरस्कार प्रतिभा को उभारने का जरिया बनने के बजाय मार्केटिंग का खेल हो गया है।

आपने फिल्मों में भी काम किया है, क्या कभी मन में यह खयाल आता है कि जबरदस्त स्टार भी बन जाऊँ?
मेरे पास तकरीबन 75 फिल्मों की कहानियाँ आई थीं और उस समय मैंने भावनाओं में आकर और साथियों के कहने पर कुछ फिल्में कीं। मैं बतौर अभिनेता उन फिल्मों का हिस्सा बना था और अपने हिस्से के काम को बख़ूबी अंजाम दिया लेकिन उसके हश्र के लिए जिम्मेदार दूसरी चीजें मेरे हाथ में नहीं थीं। अगर मैं फिल्म बनाता तो ये सब चीजें मेरे हाथों में होतीं।

मुझसे हर कोई पूछता है कि आपने ‘जॉनी दुश्मन’ क्यों की। यह फिल्म सुपरहिट थी लेकिन ये मैं भी मानता हूँ कि यह बहुत खराब बनी थी। तो जब भी कोई यह सवाल करता है तो मैं उनसे कहता हूँ कि ये सवाल अक्षय कुमार, सुनील शेट्टी, सनी देओल, मनीषा कोइराला, आफताब और इसमें काम करने वाले तमाम बड़े स्टारों से पूछिए। मुझे क्या पता थी कि ये फिल्म बाद में ऐसी बन जाएगी। खराब फिल्म बनने का सबको नुकसान हुआ हालाँकि मुझे थोड़ा ज्यादा हुआ क्योंकि वह मेरी पहली फिल्म थी।

जो फिल्म मेरी सबसे अच्छी थी वो ‘लव इन नेपाल’ थी पर किसी ने उसे देखा नहीं है। फिल्म प्रमोशन शुरू होने के नौ महीने बाद रिलीज हुई। फिल्म का प्रमोशन शुरू हुआ जुलाई, 2004 में और रिलीज हुई मार्च, 2005 में। इसमें मेरी क्या गलती है?

और कोई ऐसी इच्छा जो मन में है?
अगले 10-15 सालों में म्यूजिक इंडस्ट्री में कंपनी खोलने जैसे कुछ कदम उठाने की इच्छा है ताकि प्रतिभाओं को आसानी से मौका मिल सके और उन रास्तों से न गुजरना पड़े जिनसे हम गुजरे हैं। संगीत के नाम पर जो मटरगस्ती हो रही है उससे मैं और मेरे कुछ दोस्त चिढ़े हुए हैं और हम लोग इस दिशा में कुछ न कुछ जरूर करेंगे।