कुमार विश्वास को महंगा पड़ा तैमूर पर बयान, कांग्रेस सांसद ने लगाई फटकार
kumar vishwas news in hindi : कांग्रेस सांसद किशोरी लाल शर्मा ने रविवार को कवि कुमार विश्वास पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें किसी की निजी जिंदगी में दखल देने का अधिकार नहीं है। विश्वास ने बॉलीवुड अभिनेता सैफ अली खान और अभिनेत्री करीना कपूर के बेटे का नाम तैमूर रखे जाने पर हाल में एक विवादित बयान दिया था। उन्होंने इससे पहले तृणमूल कांग्रेस सांसद शत्रुघ्न सिन्हा के आवास का नाम रामायण होने को लेकर भी एक विवादित टिप्पणी की थी।
ALSO READ: जिस लंगड़े ने हमारी मां-बहनों का..., कुमार विश्वास ने बेटे का नाम तैमूर रखने पर साधा सैफ-करीना पर निशाना!
शर्मा ने कुमार विश्वास के इन विवादित बयानों के बारे में पूछे जाने पर यहां पत्रकारों से कहा कि वह बड़े कवि हैं और उन्हें किसी की निजी जिंदगी में दखल नहीं देना चाहिए।
अमेठी से लोकसभा सदस्य शर्मा ने कहा कि ऐसे बयान से उनका (कुमार विश्वास का) कद घटता है, इस तरह की भाषा का प्रयोग उन्हें नहीं करना चाहिए। मैं इस बात का समर्थन नहीं करता हूं। उन्होंने पहले भी इस तरह के बयान राजस्थान में दिये थे तो उनके साथ क्या हुआ, वही जानते हैं।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने कभी भी सेवा में राजनीति नहीं की। सेवा, कांग्रेस की परम्परा रही है, अमेठी और रायबरेली में सेवा की परंपरा गांधी परिवार की प्रेरणा से जारी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी और राहुल गांधी ने हमेशा जरूरतमंदों की सहायता की है और यह परम्परा आज भी कायम है। शर्मा ने कहा कि जनता-जनार्दन को किसी भी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए अधिकारियों से बात कर उनकी समस्याओं का समाधान किया जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि यूपी के मुरादाबाद में आयोजित हुए एक कार्यक्रम में कुमार विश्वास ने बिना नाम लिए ही करीना कपूर और सैफ अली खान पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि वो किसी से डरते नहीं है। उन्होंने तैमूर अली खान के नाम को लेकर टिप्पणी करते हुए कहा कि इन सितारों को बच्चे का नाम रखने के लिए क्या कोई और नाम नहीं मिला जो उन्होंने देश पर आक्रमण करने वाले, भारत की मां-बहन का रेप करने वाले शख्स पर अपने बच्चे का नाम रखा। साथ ही उन्होंने कहा कि वो तैमूर को हीरो तो क्या विलेन भी नहीं बनने देंगे।
edited by : Nrapendra Gupta
लेखक के बारे में
वेबदुनिया न्यूज डेस्क
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।....
और पढ़ें